पंजाब में धान की कटाई शुरू हो गई है। इसके साथ ही राज्य में अनाज भंडारण की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है।

नई फसल मंडियों में पहुंचने लगी है, लेकिन पिछले सीजन में खरीदा गया अनाज अभी पूरी तरह बाहर नहीं निकाला जा सका है। यानी पंजाब को एक साथ पुराना अनाज भी संभालना है और नई फसल के लिए भी जगह बनानी है।

धान की खरीद के बाद सरकारी एजेंसियां इसे चावल मिलों को देती हैं, जहाँ चावल तैयार किया जाता है। इसके बाद यह चावल सरकारी एजेंसियों को वापस दिया जाता है। इस तरह यह केंद्रीय भंडार का हिस्सा बन जाता है।

केंद्र सरकार ने 2025-26 के धान से तैयार होने वाले चावल को सरकार को देने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। यह समय सीमा 2026-27 की धान खरीद खत्म होने के बाद तक जाएगी। इसका मतलब है कि दोनों सीजन का अनाज एक साथ संभालना पड़ेगा है।

करीब 6 लाख टन पुराना धान अभी मिलों में पड़ा है, जिसकी मिलिंग होनी बाकी है। दूसरी तरफ नई फसल मंडियों में पहुंच रही है और उसे भी चावल मिलों तक भेजा जा रहा है।

हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र से पंजाब से अनाज दूसरे राज्यों में भेजने की मांग की थी, ताकि राज्य में भंडारण के लिए जगह खाली हो सके। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर समय रहते जगह नहीं बनी तो कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।

इस साल पंजाब में 180 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य है। पिछले साल राज्य में 156 लाख टन धान खरीदा गया था। ऐसे में इस साल भंडारण की समस्या और बढ़ने की आशंका है।

पंजाब में अनाज रखने की जगह क्यों कम पड़ रही है?

सीधी वजह है कि राज्य में जितना अनाज आता है, उसके मुकाबले उसे रखने की जगह कम है। पंजाब में करीब 175 लाख टन अनाज रखने की ढकी हुई जगह है। इसमें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), राज्य की सरकारी खरीद एजेंसियों और निजी गोदामों की क्षमता शामिल है।

इसके अलावा करीब 75 लाख टन अनाज खुले में रखने की व्यवस्था है। इसे प्लिंथ स्टोरेज कहा जाता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से गेहूं रखने के लिए होता है। चावल को इस तरह खुले में नहीं रखा जा सकता।

समस्या यह है कि पिछले खरीफ सीजन यानी जून से अक्टूबर के दौरान खरीदा गया चावल अभी भी ज्यादातर ढके हुए गोदामों में रखा है। इसलिए पिछले रबी सीजन यानी अक्टूबर से मार्च के दौरान खरीदा गया करीब 17 लाख टन गेहूं भी मिलों और मंडियों में पड़ा है। इसके अलावा करीब 6 लाख टन पुराना चावल भी मिलों से सरकारी एजेंसियों तक पहुंचाया जाना बाकी है।

पंजाब में हर साल करीब 300 से 320 लाख टन धान और गेहूं की खरीद और आवाजाही होती है। इसलिए नए सीजन की फसल के लिए जगह बनाने के लिए पुराने अनाज को लगातार दूसरे राज्यों में भेजना जरूरी है।

पंजाब से कितना अनाज बाहर भेजना जरूरी है?

चावल मिल मालिक और सरकारी एजेंसियां चाहती हैं कि धान की मिलिंग 31 मार्च तक पूरी हो जाए। गर्मी और बारिश के मौसम में अनाज ज्यादा समय तक पड़ा रहे तो उसमें कीड़े लगने और उसकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।

केंद्र सरकार ने आम तौर पर धान की मिलिंग और चावल की डिलीवरी के लिए 1 दिसंबर से 30 जून तक का समय तय किया है। हालांकि, काम पूरा नहीं होने पर समय सीमा बढ़ाई जाती है।

अगर इस साल पंजाब में 180 लाख टन धान खरीदा जाता है तो 30 जून तक करीब 120.6 लाख टन चावल सरकार को देना होगा। यानी सात महीनों में हर महीने करीब 17 लाख टन चावल की निकासी करनी होगी।

लेकिन अभी पंजाब से हर महीने औसतन 11 से 12 लाख टन अनाज ही बाहर जा रहा है। इसमें गेहूं और चावल दोनों शामिल हैं। कभी इसमें गेहूं और चावल की मात्रा लगभग बराबर होती है, तो कभी चावल की मात्रा कुल अनाज की करीब एक-तिहाई ही रहती है।

आने वाले वर्षों में समस्या कितनी बढ़ सकती है?

सबसे बड़ी चिंता यह है कि पुराना अनाज समय पर बाहर नहीं जा रहा, जबकि नई फसल लगातार आ रही है। पिछले साल धान की मिलिंग सितंबर तक चली थी। इस साल भी करीब 6 लाख टन पुराना चावल सरकार को दिया जाना बाकी है। वहीं 17 लाख टन गेहूं अभी भी चावल मिलों और मंडियों में जगह घेरे हुए है।

अगर अनाज को पंजाब से बाहर भेजने की रफ्तार नहीं बढ़ी तो हर साल पुराना स्टॉक और बढ़ता जाएगा। ऐसे में आने वाले वर्षों में मौजूदा समस्या दो से तीन गुना तक बढ़ सकती है।

क्या है इसका समाधान?

एफसीआई और राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, समस्या की दो बड़ी वजहें हैं। पहली, भंडारण की जगह कम है और दूसरी, अनाज को पंजाब से बाहर भेजने की रफ्तार धीमी है।

अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में नए गोदाम बनाना महंगा है, क्योंकि यहां जमीन काफी महंगी है। राज्य में पहले से ही बड़ी संख्या में गोदाम हैं, लेकिन हर साल खरीदे जाने वाले अनाज की मात्रा इतनी ज्यादा है कि सिर्फ गोदाम बढ़ाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पुराने अनाज को समय पर बाहर भेजना भी जरूरी है।

एफसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जब केंद्र और राज्य सरकारों को पहले से पता है कि पंजाब से हर साल कितनी मात्रा में अनाज खरीदा जाता है तो अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती? अगर पंजाब में जगह महंगी है तो दूसरे राज्यों में गोदाम बनाए जा सकते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश और बिहार में जमीन पंजाब के मुकाबले सस्ती है। इसलिए वहां बड़े गोदाम बनाए जा सकते हैं।

गेहूं को मंडियों से सीधे दूसरे राज्यों के गोदामों में भेजा जा सकता है। वहीं धान की मिलिंग के बाद तैयार चावल को भी पंजाब में रखने के बजाय दूसरे राज्यों में बने गोदामों तक पहुंचाया जा सकता है।

पंजाब में पैदा होने वाला करीब 80 फीसदी गेहूं और लगभग पूरा धान केंद्रीय भंडार में जाता है। यानी पंजाब सिर्फ अपने लिए अनाज नहीं पैदा करता, बल्कि पूरे देश की जरूरत पूरी करने में बड़ी भूमिका निभाता है।

इसलिए अधिकारियों का कहना है कि अनाज रखने का पूरा बोझ पंजाब पर नहीं होना चाहिए। बेहतर रास्ता यह है कि पंजाब से अनाज तेजी से दूसरे राज्यों में भेजा जाए और वहां पर्याप्त भंडारण की व्यवस्था की जाए। इससे पंजाब में हर नए खरीद सीजन के दौरान पैदा होने वाली भंडारण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें-यूरिया के बाद अब भारत पर ‘सल्फर’ संकट? युद्ध और ग्लोबल किल्लत से DAP और SSP खाद उत्पादन पर बढ़ा खतरा

Sulphur Crisis in India: भारत ने पर्याप्त मात्रा में यूरिया और प्राकृतिक गैस (LNG) का आयात करके देश में नाइट्रोजन आधारित खाद के संकट को फिलहाल टाल दिया है। हालांकि, अब भारतीय कृषि क्षेत्र के सामने एक और नया और गंभीर संकट खड़ा हो गया है। यह संकट ‘सल्फर’ (गंधक) की वैश्विक किल्लत और इसकी लगातार बढ़ती कीमतें हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।