2026 का चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को संयुक्त रूप से दिया गया है। तीनों वैज्ञानिकों ने एक ऐसे एल्गी प्रोटीन की खोज की है, जो रोशनी पर प्रतिक्रिया करता है। उन्होंने इस प्रोटीन का इस्तेमाल तंत्रिका कोशिकाओं (नर्व सेल) की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए एक तरह के स्विच के रूप में किया।
सरल शब्दों में कहें तो इन वैज्ञानिकों ने रोशनी की मदद से तंत्रिका कोशिका को नियंत्रित करने का तरीका खोजा है। आप जैसे स्विच की मदद से बल्ब को बंद कर पाते हैं, वैसे ही वैज्ञानिकों ने दिमाग के नर्व सेल को रोशनी की मदद से स्विच ऑफ और स्विच ऑन करने का तरीका खोजा है। यह सब बस एक खास एल्गी प्रोटीन पर रोशनी डालने से हो सकता है।
इस खोज से वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिल सकती है कि हमारे दिमाग में यादें कैसे बनती हैं, भावनाओं के लिए कौन सी तंत्रिकाएं जिम्मेदार हैं तथा दिमाग कैसे व्यवहार करता है। वैज्ञानिकों के इस शोध से ऑप्टोजेनेटिक्स नाम के एक नए अध्ययन क्षेत्र का विकास हुआ है।
डाइसेरोथ ने कहा, “हम दिल की धड़कन की गति को बहुत सटीक तरीके से बदल सके और देख सके कि अलग-अलग गति का दिमाग की स्थिति पर क्या असर पड़ता है। यानी यह देखा जा सका कि शरीर के एक हिस्से में सटीक बदलाव करने से दिमाग और उसके व्यवहार पर क्या प्रभाव पड़ता है। लंबे समय से वैज्ञानिक ऐसा करने का तरीका ढूंढ़ने की कोशिश कर रहे थे।”
रोशनी से कोशिकाओं को कैसे नियंत्रित किया गया?
हमारा दिमाग एक बहुत बड़े विद्युत नेटवर्क की तरह है। इसमें अरबों छोटी कोशिकाएं होती हैं, जिन्हें न्यूरॉन कहा जाता है। ये कोशिकाएं एक-दूसरे को विद्युत संकेत भेजती हैं। इसी प्रक्रिया से हम चल पाते हैं, देख पाते हैं, चीजों को याद रखते हैं, दर्द महसूस करते हैं और भावनाओं का अनुभव करते हैं।
कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल के शोध ने वैज्ञानिकों को इन विद्युत संकेतों को नियंत्रित करने का एक नया तरीका दिया है। उन्होंने रोशनी के पर प्रतिक्रिया देने वाले एक संवेदनशील प्रोटीन ‘ऑप्सिन’ की खोज की। इस प्रोटीन को शरीर की खास कोशिकाओं में पहुंचाया जा सकता है। जब उन कोशिकाओं पर रोशनी डाली जाती है तो यह प्रोटीन छोटे स्विच की तरह काम करता है और कोशिका की गतिविधि को चालू या बंद कर देता है। इसी तकनीक को ऑप्टोजेनेटिक्स कहा जाता है।
क्या है ऑप्टोजेनेटिक्स?
ऑप्टोजेनेटिक्स शोध की ऐसी पद्धति है जिसमें रोशनी की मदद से न्यूरॉन या दूसरी तरह की कोशिकाओं की गतिविधि को बदला जाता है और फिर देखा जाता है कि इसका क्या असर होता है।
इसके लिए जिन कोशिकाओं का अध्ययन करना होता है, उनमें प्रकाश के प्रति संवेदनशील प्रोटीन बनाया जाता है। इसके बाद रोशनी डालकर उन कोशिकाओं की गतिविधि को नियंत्रित किया जा सकता है।
दिमाग के अध्ययन में इस तकनीक ने वैज्ञानिकों को यह पता लगाने में मदद की है कि दर्द का एहसास, सामाजिक व्यवहार, प्यास, भोजन करना, पुरस्कार की भावना और ध्यान जैसी गतिविधियों के लिए दिमाग की कौन-सी तंत्रिका कोशिकाएं और उनके नेटवर्क जिम्मेदार हैं। इससे यह समझने में भी मदद मिली है कि यादें कैसे बनती हैं।
यह तकनीक कैसे विकसित हुई?
दिलचस्प बात यह है कि इस क्षेत्र की नींव जैव वैज्ञानिक फ्रांसिस क्रिक के विचार में था। क्रिक को डीएनए की डबल हेलिक्स संरचना की खोज के लिए नोबेल पुरस्कार मिला था। उन्होंने कल्पना की थी कि अगर दिमाग की अलग-अलग तंत्रिका कोशिकाओं को अलग-अलग सक्रिय किया जा सके तो वैज्ञानिक यह समझ सकते हैं कि मानव चेतना कैसे काम करती है।
लेकिन तंत्रिका कोशिकाओं में संकेत बेहद तेजी से चलते हैं। क्रिक ने महसूस किया कि इसके लिए वैज्ञानिकों को किसी तरह रोशनी की मदद से तंत्रिका कोशिकाओं को नियंत्रित करना होगा। उन्हें खुद भी यह विचार उस समय काफी असंभव-सा लगा था।
बाद में पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल के शैवाल पर किए गए शोध ने इस विचार को संभव बनाने का रास्ता दिखाया। उन्होंने क्लाइडोमोनस (Chlamydomonas) नाम के एक एल्गी पर काम किया। यह एल्गी रोशनी की ओर बहुत तेजी से तैरने के लिए जाना जाता है।
हेगेमैन ने पाया कि रोशनी पड़ने के बाद यह एल्गी केवल आधे मिलीसेकंड के भीतर प्रतिक्रिया करता है। एल्गी में रोशनी पहचानने के लिए एक छोटा नारंगी हिस्सा होता है, जिसे आईस्पॉट कहा जाता है।
तुलना करें तो इंसान की आंख को रोशनी पर प्रतिक्रिया देने में करीब 10 मिलीसेकंड लगते हैं। यानी क्लाइडोमोनस की प्रतिक्रिया इंसानी आंख से 20 गुना से भी ज्यादा तेज थी।
हेगेमैन के मन में सवाल उठा कि आखिर यह एल्गी रोशनी पर इतनी तेजी से प्रतिक्रिया कैसे करता है? उन्होंने अनुमान लगाया कि शायद शैवाल में एक ही प्रोटीन रोशनी को पकड़ने और उसके आधार पर प्रतिक्रिया शुरू करने का काम करता है। इसके उलट इंसानी आंख में यह काम कई चरणों में होता है।
लेकिन इस प्रोटीन को ढूंढना आसान नहीं था। शैवाल के आईस्पॉट से प्रोटीन निकालकर जब उसे उसके प्राकृतिक वातावरण से बाहर किया जाता तो वह अस्थिर हो जाता और जल्दी खराब होने लगता।
इसी दौरान हेगेमैन को पता चला कि जापानी वैज्ञानिकों ने क्लाइडोमोनस के डीएनए का नक्शा तैयार कर लिया है। इसमें दो ऐसे जीन भी मिले, जिनमें रोशनी को पकड़ने वाले प्रोटीन से समानता थी।
नागेल ने कैसे की इस खोज की पुष्टि?
इसके बाद जॉर्ज नागेल ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मेंढक की अंडाणु कोशिकाओं (Egg cell) में इन दोनों प्रोटीन को बनाने वाले जीन को डाला। पता चला कि एल्गी रोशनी को पहचानने और उस पर प्रतिक्रिया करने के लिए चैनलरोडॉप्सिन-2 (ChR-2) नाम के प्रोटीन का इस्तेमाल करता है। इसके बाद वैज्ञानिकों ने इस प्रोटीन को अलग-अलग तरह की कोशिकाओं में डाला और पाया कि ये कोशिकाएं भी रोशनी के प्रति संवेदनशील हो गईं।
कार्ल डाइसेरोथ ने आगे दिखाया कि ChR-2 की मदद से ठीक उसी तरह खास तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधि को नियंत्रित किया जा सकता है, जैसा फ्रांसिस क्रिक ने सोचा था।
डाइसेरोथ ने पहले प्रयोगशाला में चूहे की तंत्रिका कोशिकाओं पर इसका इस्तेमाल किया और बाद में जीवित चूहों पर भी प्रयोग किए। उनकी प्रयोगशाला के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने बाद में ऐसे कई और प्रोटीन खोजे, जिनकी मदद से तंत्रिका कोशिकाओं को चालू या बंद किया जा सकता था।
दिमाग को समझने में इससे क्या मदद मिली?
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च की वरिष्ठ प्रोफेसर विदिता वैद्य ने इसे समझाते हुए कहा कि दिमाग को एक ऐसी इमारत मानिए जिसमें बहुत सारे कमरे हैं। पहले वैज्ञानिकों के पास यह पता लगाने का कोई सटीक तरीका नहीं था कि अगर सिर्फ एक कमरे की बत्ती जलाई जाए तो क्या होगा।
ऑप्टोजेनेटिक्स ने उन्हें न्यूरॉन को बहुत सटीक तरीके से चालू और बंद करने का तरीका दिया। इससे वे देख सकते हैं कि किसी खास तंत्रिका कोशिका को सक्रिय करने पर जानवर के व्यवहार में क्या बदलाव आता है। इस तकनीक ने तंत्रिका विज्ञान में शोध की गति और पैमाने को पूरी तरह बदल दिया है।
हालांकि अभी ऑप्टोजेनेटिक्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से प्रयोगशालाओं में जानवरों पर यह पता लगाने के लिए किया जाता है कि दिमाग की कौन-सी तंत्रिका कोशिकाएं किस तरह के व्यवहार को नियंत्रित करती हैं। वैद्य के मुताबिक, यह तकनीक वैज्ञानिकों को दिमाग के उस हिस्से को समझने में मदद कर रही है, जो अब तक काफी हद तक एक ‘ब्लैक बॉक्स’ जैसा था। लेकिन रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण लकवाग्रस्त लोगों के इलाज में इसका इस्तेमाल होने में अभी समय लगेगा।
आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार माहतो ने कहा कि इस तकनीक ने वैज्ञानिकों को दिमाग के कामकाज को देखने और यह समझने में मदद की है कि कुछ बीमारियां या स्थितियां किस वजह से पैदा होती हैं।
डाइसेरोथ की शोध टीम ने 2006 में ChR-2 जीन को कोशिकाओं में पहुंचाया और रोशनी की मदद से न्यूरॉन को सक्रिय करके चूहे की मूंछों की गतिविधि को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की। उसी साल उन्होंने इस तकनीक की मदद से सो रहे चूहों को जगाया।
डाइसेरोथ टीम ने डर का अनुभव कर रहे चूहों के दिमाग का भी अध्ययन किया। वैज्ञानिकों ने उन तंत्रिका कोशिकाओं की पहचान की, जो डर की याद बनाने में शामिल दिखाई दीं। बाद में जब इन कोशिकाओं को दोबारा सक्रिय किया गया तो चूहों ने डर के लक्षण दिखाए, जबकि उस समय उनके सामने कोई खतरा नहीं था।
इस तकनीक से किस तरह के इलाज की उम्मीद है?
इस क्षेत्र से जुड़े कुछ इलाजों पर अभी चिकित्सकीय परीक्षण चल रहे हैं। इनमें रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा से दृष्टि खो चुके लोगों की रोशनी लौटाने की कोशिश भी शामिल है। रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा आंख की उन कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है, जो रोशनी को पहचानने का काम करती हैं।
वैज्ञानिकों को यह उम्मीद भी है कि भविष्य में ऑप्टोजेनेटिक्स की मदद से कॉक्लियर इंप्लांट को बेहतर बनाया जा सकता है। कॉक्लियर इंप्लांट एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल उपकरण है, जिसका उपयोग गंभीर रूप से बहरे या कम सुनने वाले लोगों को आवाज सुनने और समझने में मदद के लिए किया जाता है।
यह भी पढ़ें-नॉर्वे में ही क्यों दिया जाता है नोबेल का शांति पुरस्कार? खास वसीयत है इसके पीछे की वजह
साल 2025 के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर (2025) को कर दी गई है। इस साल का यह प्राइज वेनेजुएला की मारिया कोरिना को मिला है। यह पुरस्कार मारिया कोरिना मचाडो को वेनेजुएला में लोकतांत्रिक अधिकारों को स्थापित करने और तानाशाही से लोकतंत्र में न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण स्थिति बनाने में उनके संघर्ष के लिए दिया गया है। हर साल शांति का पुरस्कार नॉर्वे की राजधानी ऑस्लो में ही दिया जाता है। ऐसे में हर किसी के मन में यह सवाल उठ सकता है कि जब विज्ञान, साहित्य और अन्य सभी नोबेल स्वीडन में दिए जाते हैं तो शांति पुरस्कार ही क्यों नॉर्वे में दिया जाता है? पूरी कहानी के लिए यहाँ क्लिक करें।
