लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आई़डीबीआई बैंक में सरकार की हिस्सेदारी बेचने के फैसले की आलोचना की, तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के पहले बड़े वित्तीय घोटालों में से एक 1957 के मूंदड़ा कांड की याद दिला दी।
निर्मला सीतारमण ने 30 अक्टूबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “हम सभी जानते हैं कि कांग्रेस ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों को अपनी निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल किया है। पार्टी के नेता अपनी मर्जी से कर्ज दिलाने के लिए बैंक कर्मचारियों पर दबाव डालते थे… 1957 में कांग्रेस नेताओं के प्रभाव के चलते हरिदास मूंदड़ा को एलआईसी से पैसा मिला था।”
इस मामले में आरोप लगा था कि लाखों पॉलिसीधारकों के पैसे से बनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने एक डूबते कारोबारी साम्राज्य को बचाने के लिए निवेश किया। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के दामाद और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी ने जब संसद में इस सौदे का खुलासा किया, तो राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। इसके बाद सरकार को सार्वजनिक रूप से न्यायिक जांच करानी पड़ी और वित्त मंत्री टीटी कृष्णमाचारी को इस्तीफा देना पड़ा।
मूंदड़ा घोटाला भारतीय लोकतंत्र में जवाबदेही और आम लोगों के पैसे की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी मिसाल बना। इसने यह सवाल भी खड़ा किया कि सरकार की जिम्मेदारी आखिर किसके प्रति है और सार्वजनिक संस्थानों में जमा लोगों के पैसे की सुरक्षा कैसे होनी चाहिए।
हरिदास मूंदड़ा कौन था?
इस पूरे मामले के केंद्र में कोलकाता का कारोबारी और शेयर बाजार का खिलाड़ी हरिदास मूंदड़ा था। उसने कई कंपनियों का अधिग्रहण करके बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया था। हालांकि, अपने कारोबार को फैलाने के लिए वह लगातार कर्ज ले रहा था और उस पर वित्तीय देनदारियां बढ़ती जा रही थीं।
1957 तक हरिदास मूंदड़ा का कारोबारी साम्राज्य गंभीर आर्थिक संकट में फंस चुका था। इसी दौरान एलआईसी के एक विवादित निवेश ने सवाल खड़े कर दिए कि क्या सरकार ने एक निजी कारोबारी को बचाने के लिए अपनी मशीनरी का इस्तेमाल किया?
द इंडियन एक्सप्रेस के पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, एलआईसी ने हरिदास मूंदड़ा से जुड़ी छह कंपनियों के एक करोड़,26 लाख, 86 हजार रुपये के शेयर खरीदे थे। इन कंपनियों में ब्रिटिश इंडिया कॉरपोरेशन, जेसप एंड कंपनी, रिचर्डसन एंड क्रुडास, स्मिथ स्टैनिस्ट्रीट एंड कंपनी, ओस्लर इलेक्ट्रिक लैंप मैन्युफैक्चरिंग कंपनी और एंजेलो ब्रदर्स शामिल थीं। नवगठित बीमा निगम का यह अब तक का सबसे बड़ा एकमुश्त निवेश था।
हालांकि, इस सौदे का तरीका ही विवाद की वजह बन गया। एलआईसी ने सामान्य शेयर बाजार के जरिए उस समय की कीमतों पर शेयर खरीदने के बजाय जल्दबाजी में मूंदड़ा से सीधे बातचीत करके कीमतें तय कीं। एलआईसी की निवेश समिति से इस सौदे पर सलाह तक नहीं ली गई। यहां तक कि हरिदास मूंदड़ा के कारोबारी तरीकों पर सरकार के अधिकारियों को पहले से संदेह था, इसके बावजूद तय प्रक्रियाओं को नजरअंदाज किया गया।
बाद में न्यायामूर्ति एमसी छागला आयोग ने अपनी जांच में पाया कि यह निवेश उचित नहीं था और कारोबार के तय नियमों का उल्लंघन करके किया गया था। आयोग ने फिरोज गांधी के इस आरोप का भी समर्थन किया कि हरिदास मूंदड़ा ने जो कुछ शेयर बेचे थे, उनमें कुछ फर्जी थे।
द इंडियन एक्सप्रेस के पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही था कि एक सार्वजनिक संस्था ने अपने तय सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना इतना बड़ा सौदा क्यों किया?
फिरोज गांधी ने अपनी ही सरकार को घेरा
अगर कांग्रेस सांसद फिरोज गांधी इस मामले को सामने नहीं लाते, तो शायद यह घोटाला सरकारी फाइलों में ही दबा रह जाता। फिरोज गांधी रायबरेली से कांग्रेस सांसद थे और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के दामाद थे। 16 दिसंबर 1957 को उन्होंने लोकसभा में जोरदार भाषण दिया और हरिदास मूंदड़ा की कंपनियों में एलआईसी के संदिग्ध निवेश का खुलासा किया।
फिरोज गांधी का यह कदम इसलिए भी अहम था, क्योंकि उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया था। उस समय जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस का देश की राजनीति पर मजबूत दबदबा था।
इस मामले की चर्चा नवंबर 1957 में ही संसद में सवालों के जरिए शुरू हो गई थी। वित्त मंत्रालय ने स्वीकार किया था कि एलआईसी ने मूंदड़ा से जुड़ी कंपनियों में करीब 1.26 करोड़ रुपये का निवेश किया है। लेकिन सरकार के जवाब से फिरोज गांधी संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने इस मामले की पड़ताल जारी रखी।
फिरोज गांधी की कोशिशों ने शेयर खरीदने के एक सौदे को बड़े राजनीतिक और संस्थागत संकट में बदल दिया। अब सरकार के लिए इस मामले को नजरअंदाज करना संभव नहीं था। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नेहरू ने संसद की गरिमा और जवाबदेही का हवाला दिया और न्यायिक जांच कराने की घोषणा की।
छागला आयोग ने सरकार के बचाव की पोल खोली
सरकार ने इस पूरे मामले की जांच के लिए बॉम्बे उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एमसी छागला की अध्यक्षता में आयोग बनाया। आयोग ने अपनी सुनवाई सार्वजनिक रूप से की।
जांच में कई गंभीर बातें सामने आईं। न्यायमूर्ति एमसी छागला ने हरिदास मूंदड़ा को उद्योगपति मानने से इनकार करते हुए कहा कि वह एक ऐसे कारोबारी थे, जिनका जुनून ज्यादा से ज्यादा कंपनियों को अपने कब्जे में लेना था। आयोग ने उसके कारोबारी तरीकों को भी बेहद संदिग्ध बताया।
छागला आयोग ने सरकार के इस तर्क को खारिज कर दिया कि एलआईसी ने शेयर बाजार को बचाने के लिए यह निवेश किया था। जांच में सामने आया कि एलआईसी ने सामान्य बाजार प्रक्रिया के बजाय जल्दबाजी में हरिदास मूंदड़ा के साथ सीधे बातचीत करके शेयर खरीदे थे।
छागला आयोग ने पाया कि वित्त मंत्रालय के तत्कालीन प्रधान सचिव एचएम पटेल ने एलआईसी के अध्यक्ष केआर कामथ को मूंदड़ा की कंपनियों के शेयर खरीदने का निर्देश दिया था। हालांकि, इस बात पर अलग-अलग बयान सामने आए कि एचएम पटेल ने यह फैसला अपने स्तर पर लिया था या वित्त मंत्री टीटी कृष्णमाचारी की मंजूरी से।
एचएम पटेल का कहना था कि वित्त मंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। वहीं, कृष्णमाचारी ने कहा कि उन्होंने सिर्फ सचिव से इस प्रस्ताव की जांच करने को कहा था।
छागला आयोग ने कहा कि इस तरह का अंतर बताकर वित्त मंत्री अपनी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। भले ही सौदे को अंजाम देने का काम उनके अधीनस्थ अधिकारियों ने किया हो, लेकिन इसकी जिम्मेदारी वित्त मंत्री की भी थी।
संसद में सरकार के जवाब ने बढ़ाई मुश्किल
छागला आयोग की जांच में सरकार की ओर से संसद में दिए गए जवाबों को लेकर भी गंभीर सवाल उठे। एक अखबार ने जब खबर छापी कि एलआईसी ने कुछ निजी कंपनियों के संदिग्ध शेयर खरीदे हैं, तो वित्त मंत्रालय ने संसद में पूछे गए सवाल का ऐसा जवाब दिया, जो तकनीकी रूप से सही था, लेकिन उससे असली जानकारी छिप गई।
शुरुआत में वित्त मंत्रालय ने जो जवाब तैयार किया था, उसमें ब्रिटिश इंडिया कॉरपोरेशन और मूंदड़ा से जुड़ी दूसरी कंपनियों में किए गए निवेश का ब्योरा शामिल था। लेकिन टीटी कृष्णमाचारी ने उस हिस्से को काट दिया और उसकी जगह ऐसा जवाब लिख दिया, जिससे अखबार की खबर को खारिज किया जा सके।
अब मामला सिर्फ गलत तरीके से निवेश करने तक सीमित नहीं रह गया था। सवाल यह भी उठने लगा कि क्या सरकार ने सार्वजनिक धन के इस्तेमाल को लेकर संसद को जानबूझकर गुमराह किया था?
द इंडियन एक्सप्रेस के पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, संसद के प्रति जवाबदेही का दावा करने वाली सरकार के लिए यह स्थिति बेहद शर्मिंदगी भरी थी।
कृष्णमाचारी का इस्तीफा
छागला आयोग की रिपोर्ट आने के बाद फरवरी 1958 में टीटी कृष्णमाचारी ने वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। इससे नेहरू सरकार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा।
इस विवाद का असर दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों पर भी पड़ा। एचएम पटेल और एलआईसी के अध्यक्ष केआर कामथ को भी अपने पद छोड़ने पड़े। हालांकि, बाद में विवियन बोस जांच बोर्ड की कार्यवाही के दौरान उनके खिलाफ आरोप हटा दिए गए।
बोर्ड को इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि इस सौदे से किसी व्यक्ति ने निजी तौर पर मुनाफा कमाया था। लेकिन बोर्ड ने माना कि इस पूरे मामले में कई तरह की अनियमितताएं हुई थीं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
बोर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि हरिदास मूंदड़ा ने 1957 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस को एक लाख रुपये और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को डेढ़ लाख रुपये का चंदा दिया था। उस साल चुनाव भी हुए थे।
जवाहरलाल नेहरू कृष्णमाचारी के इस्तीफे से खुश नहीं थे। बाद में कृष्णमाचारी 1962 में फिर मंत्रिमंडल में लौटे और दोबारा वित्त मंत्री बने।
इस पूरे मामले में विवियन बोस जांच बोर्ड की रिपोर्ट की एक टिप्पणी बेहद अहम थी। बोर्ड ने लिखा था, “हमें इस बात का अफसोस है कि हमें पूरी सच्चाई नहीं बताई गई। हमें जो कुछ बताया गया, उसमें से कम से कम कुछ बातें साफ तौर पर झूठी साबित हुई हैं।”
मूंदड़ा घोटाले से क्या सबक मिला?
मूंदड़ा घोटाला भारत के वित्तीय और संसदीय इतिहास की एक अहम घटना है। इसने दिखाया कि जब सरकार का प्रभाव और निजी कारोबार के हित आपस में मिल जाते हैं, तो सार्वजनिक संस्थानों के पैसे पर खतरा पैदा हो सकता है।
एलआईसी की स्थापना पॉलिसीधारकों की बचत को सुरक्षित रखने के लिए हुई थी, न कि आर्थिक संकट में फंसे निजी कारोबारियों को बचाने के लिए। लेकिन मूंदड़ा मामले ने दिखाया कि कैसे सरकारी संस्थानों के सुरक्षा नियमों को दरकिनार करके आम लोगों के पैसे को संदिग्ध कारोबारी हितों में लगाया जा सकता है।
इस घोटाले ने एक अहम मिसाल कायम की। राजनीतिक पहुंच, प्रधानमंत्री के करीबी होने या सरकार में ऊंचे पद पर रहने से किसी को जवाबदेही से छूट नहीं मिल सकती।
फिरोज गांधी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ संसद में आवाज उठाकर संसदीय निगरानी की अहमियत साबित की। उनके सवालों के कारण स्वतंत्र जांच हुई और देश के एक ताकतवर वित्त मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।
छह दशक से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी मूंदड़ा घोटाले से जुड़े सवाल आज प्रासंगिक हैं। आखिर इस सौदे को मंजूरी किसने दी थी? तय नियमों को क्यों दरकिनार किया गया? इसकी जिम्मेदारी किसकी थी? और जब बड़े कारोबारी संकट में फंसते हैं, तो उनके फैसलों का खामियाजा आम लोगों को क्यों भुगतना चाहिए?
यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल को भ्रष्टाचार मामले में बड़ी राहत, कोर्ट ने बंद किया केस
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल को मुबंई की एक कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने गुरुवार को भुजबल को कलिना सेंट्रल लाइब्रेरी घोटाले मामले में बरी कर दिया है। विशेष भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) अदालत के इस आदेश के साथ लाइब्रेरी निर्माण परियोजना से जुड़े भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के आरोपों में भुजबल के खिलाफ चल रही कार्यवाही समाप्त हो गई और मामले को बंद कर दिया गया। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
