खजुराहो के जवारी मंदिर में भगवान विष्णु की बिना सिर वाली प्रसिद्ध मूर्ति का सिर जल्द ही फिर से जोड़ा जा सकता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) नवंबर तक इस काम को पूरा करने की योजना बना रहा है। मूर्ति का सर लंबे समय से गायब था, जो हाल ही में एएसआई के एक भंडार में मिला है।

इस खबर ने फिर से लोगों का ध्यान खजुराहों की तरफ खींचा है। मध्य प्रदेश स्थित खजुराहो में मध्यकाल के कई शानदार मंदिर हैं। 10वीं से 12वीं सदी के बीच चंदेल राजाओं के शासनकाल में यहां मंदिरों का निर्माण बड़े पैमाने पर हुआ। माना जाता है कि उस समय खजुराहो करीब 13 वर्ग किलोमीटर में फैला था और यहां कुल 85 मंदिर थे। आज इनमें से करीब 20 से 23 मंदिर ही बचे हैं।

लेकिन सवाल है कि खजुराहो में इतने सारे मंदिर आखिर क्यों बनाए गए? इन्हें किसने बनवाया था? और इन मंदिरों में किन देवी-देवताओं की पूजा होती थी?

चंदेल राजाओं ने कैसे बसाया मंदिरों का शहर?

खजुराहो का इतिहास बहुत पुराना है। यहां पाषाण काल और नवपाषाण काल के भी अवशेष मिले हैं। हालांकि, 900 ईस्वी से पहले यहां किसी बस्ती के होने के पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं।

लेखिका देवांगना देसाई अपनी पुस्तक ‘खजुराहो’ (2000) में लिखती हैं कि यहां मंदिरों का निर्माण 900 ईस्वी के आसपास शुरू हुआ। उस समय चंदेल परिवार के स्थानीय सरदारों ने अपनी ताकत और संपत्ति बढ़ाई और उत्तर भारत के एक प्रमुख राजवंश के रूप में उभरे।

लेखक सतीश शर्मा अपनी पुस्तक ‘खजुराहो: ओडिसी ऑफ स्टोन पोएट्री’ (2026) में खजुराहो को ऐसी जगह बताते हैं, जहां वास्तुकला की खूबसूरती, बेजोड़ मूर्तियां और गहरे दार्शनिक विचार एक साथ नजर आते हैं।

वह लिखते हैं कि खजुराहो के ज्यादातर मंदिर 10वीं और 11वीं सदी में चंदेल राजाओं ने बनवाए। इन मंदिरों के ऊंचे शिखर, संतुलित बनावट और पत्थरों पर की गई बारीक नक्काशी इन्हें खास बनाती है। इन्हें देखकर लगता है कि शिल्पकारों ने पत्थर में भी जान डाल दी हो।

सतीश शर्मा के मुताबिक, चंदेल राजाओं ने ये मंदिर सिर्फ पूजा-पाठ के लिए नहीं बनवाए थे। इनके पीछे धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी सत्ता और प्रतिष्ठा दिखाने की मंशा भी थी। मंदिरों के निर्माण से वे अपनी सांस्कृतिक उपलब्धियों को भी सामने रखना चाहते थे। हिंदू और जैन धर्म से जुड़े ये मंदिर उस दौर की कहानी बताते हैं, जब राजसत्ता, धर्म और कला एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए थे।

चंदेल राजाओं की ताकत घटने के बाद भी खजुराहो का धार्मिक महत्व बना रहा। देवांगना देसाई के अनुसार, 14वीं सदी तक यह एक प्रमुख धार्मिक केंद्र था। लेकिन 16वीं सदी आते-आते खजुराहो गुमनामी में खो गया। यहां तक कि मुगलों के दस्तावेजों में भी इसका जिक्र नहीं मिलता।

जब दुनिया की नजर फिर खजुराहो पर पड़ी

करीब तीन सौ साल तक गुमनामी में रहने के बाद 19वीं सदी में खजुराहो एक बार फिर चर्चा में आया। फरवरी 1838 में ब्रिटिश इंजीनियर कैप्टन टीएस बर्ट ने यहां के मंदिरों के बारे में सुना। वह रातभर पालकी में सफर करके खजुराहो पहुंचे और यहां के पश्चिमी समूह के मंदिरों को देखा और उनका विवरण तैयार किया।

1839 में उनकी रिपोर्ट जर्नल ऑफ द एशियाटिक सोसाइटी ऑफ बंगाल में छपी। खजुराहो के बारे में यूरोपीय लोगों के शुरुआती विवरणों में यह रिपोर्ट भी शामिल थी।

टीएस बर्ट यहां के मंदिरों को देखकर बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने लिखा कि शायद पूरे भारत में एक ही जगह पर इतने शानदार मंदिरों का इतना बड़ा समूह कहीं और नहीं मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सभी मंदिर एक-दूसरे के बेहद करीब बने हुए हैं।

इसके बाद खजुराहो के मंदिरों को सहेजने की कोशिशें भी शुरू हुईं। 1843 से 1847 के बीच छतरपुर के महाराजा प्रताप सिंह ने मंदिरों की बड़े पैमाने पर मरम्मत कराई। वह इन मंदिरों के संरक्षण में दिलचस्पी लेने वाले पहले स्थानीय शासक थे।

1852 में अलेक्जेंडर कनिंघम ने खजुराहो का दौरा किया। वह 1864-65 में भी यहां आए। उस समय वह भारत सरकार के पुरातात्विक सर्वेक्षक थे। उन्होंने मंदिरों के बारे में विस्तार से लिखा। उनकी रिपोर्ट आज भी खजुराहो के इतिहास को समझने का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। अलेक्जेंडर कनिंघम ने खजुराहो को उत्तर भारत में बचे शानदार हिंदू मंदिरों के सबसे बड़े समूहों में से एक बताया।

इसी दौरान मंदिरों के चित्र और तस्वीरें भी तैयार की गईं। 1852 में मेजर फ्रेडरिक चार्ल्स मेसी ने मंदिरों के शुरुआती चित्रों में से कुछ बनाए। बाद में लाला दीन दयाल ने इस इलाके की पहली तस्वीरें खींचीं।

तीन हिस्सों में बंटे हैं खजुराहो के मंदिर

खजुराहो के मंदिर सिर्फ अपनी संख्या के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी बनावट के लिए भी खास हैं। देवांगना देसाई के मुताबिक, यहां भारतीय मंदिर निर्माण कला का बेहद विकसित रूप देखने को मिलता है।

यहां के लक्ष्मण और विश्वनाथ मंदिर इसके अच्छे उदाहरण हैं। दोनों मंदिर पंचायतन शैली में बने हैं। इस शैली में मुख्य मंदिर के चबूतरे के चारों कोनों पर चार छोटे मंदिर बनाए जाते हैं।

अलेक्जेंडर कनिंघम ने खजुराहो के मंदिरों को उनकी जगह के आधार पर तीन समूहों में बांटा था। उनके मुताबिक, गांव के चारों ओर मंदिर और खंडहर फैले हुए थे, लेकिन सबसे ज्यादा मंदिर तीन जगहों पर थे—पश्चिम, उत्तर और दक्षिण-पूर्व में। आज इन मंदिरों को पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी समूहों के नाम से जाना जाता है।

खजुराहो के सबसे भव्य मंदिर पश्चिमी समूह में हैं। इनमें देवी, वराह, लक्ष्मण, कंदारिया महादेव, पार्वती, विश्वनाथ और भैरव मंदिर शामिल हैं। अलेक्जेंडर कनिंघम के अनुसार, इस समूह के सभी मंदिर हिंदू परंपरा से जुड़े हैं। यह समूह सिब-सागर के किनारे स्थित है।

पूर्वी समूह में जवारी मंदिर है, जहां भगवान विष्णु की बिना सिर वाली प्रतिमा मौजूद है। यहां हनुमान और शिव को समर्पित मंदिर भी हैं।

इसके अलावा, गांव के दक्षिण-पूर्व में जैन मंदिरों का एक समूह है, जिसे आधुनिक चारदीवारी के भीतर सुरक्षित रखा गया है। दक्षिणी समूह में दुलादेव और चतुर्भुज मंदिर शामिल हैं।

पत्थरों पर उकेरी गई जिंदगी की अनगिनत कहानियां

खजुराहो के मंदिरों की सबसे बड़ी खासियत यहां की बारीक और जीवंत मूर्तियां हैं। इन मूर्तियों में सिर्फ देवी-देवता ही नहीं, बल्कि नर्तक, संगीतकार, योद्धा और राजदरबार के दृश्य भी दिखाई देते हैं। कहीं लोग घरेलू काम करते नजर आते हैं, तो कहीं प्रेम में डूबे जोड़े दिखते हैं। इन मंदिरों की दीवारें सिर्फ धार्मिक कहानियां नहीं सुनातीं, बल्कि उस दौर के समाज और जीवन की झलक भी दिखाती हैं।

खजुराहो की कामुक मूर्तियां भी लंबे समय से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही हैं। लेकिन लेखक सतीश शर्मा के मुताबिक, इन्हें केवल यौन संबंधों के चित्रण के तौर पर देखना सही नहीं होगा। ये मूर्तियां इच्छा, प्रजनन और मानव जीवन से जुड़े बड़े सवालों की ओर भी ध्यान खींचती हैं।

आखिर इन मूर्तियों में इतनी बारीकी कैसे आई? इसका एक जवाब खजुराहो के आसपास मिलने वाले पत्थरों में छिपा है।

लेखिका शोभिता पुंज अपनी पुस्तक ‘खजुराहो: द फर्स्ट थाउजेंड इयर्स’ (1999) में बताती हैं कि यहां की मूर्तियों की खूबसूरती के पीछे स्थानीय बलुआ पत्थर की गुणवत्ता का भी बड़ा हाथ था। खजुराहो के आसपास की विंध्य पहाड़ियों में कैमूर, रीवा और भांडेर समेत कई तरह के बलुआ पत्थर मिलते हैं।

शोभिता पुंज के अनुसार, यहां का बलुआ पत्थर इतना आसानी से तराशा जा सकता था कि शिल्पकार उसमें बेहद छोटी-छोटी चीजें भी उकेर देते थे। मूर्तियों के गहने, बालों की एक-एक लट और करीने से तराशे गए नाखून तक साफ नजर आते हैं।

आखिर क्यों खो गया खजुराहो का पुराना वैभव?

खजुराहो के पतन की शुरुआत कब हुई, इसे लेकर अलग-अलग अनुमान हैं। शोभिता पुंज के हवाले से अलेक्जेंडर कनिंघम ने आशंका जताई थी कि महमूद गजनवी के आक्रमणों के दौरान खजुराहो का महत्व घटने लगा होगा। उस समय नंद राय को शहर छोड़कर कालिंजर के किले में शरण लेनी पड़ी थी।

बाद में राजनीतिक केंद्र बदलते गए और चंदेल राजवंश कमजोर होता गया। इसका असर खजुराहो पर भी पड़ा और धीरे-धीरे यह अपना पुराना महत्व खोता गया।

सतीश शर्मा के अनुसार, परंपराओं और ऐतिहासिक विवरणों में खजुराहो के करीब 85 मंदिरों का जिक्र मिलता है। इनमें से आज लगभग 23 मंदिर ही बचे हैं।

राजाओं की सत्ता और शहर का राजनीतिक महत्व घटने के बावजूद हालांकि मंदिरों का धार्मिक महत्व लंबे समय तक बना रहा। प्रसिद्ध भारतीय कला इतिहासकार कृष्ण देव का हवाला देते हुए सतीश शर्मा लिखते हैं कि 14वीं सदी तक ये मंदिर अपनी पूरी भव्यता के साथ खड़े थे।

आज इन मंदिरों से जुड़ी विरासत को सहेजने में एएसआई संग्रहालय की भी अहम भूमिका है। संग्रहालय में पत्थर की करीब 100 चुनिंदा मूर्तियां रखी गई हैं। इसकी तीन दीर्घाओं में शैव और शाक्त, वैष्णव तथा जैन परंपराओं से जुड़ी मूर्तियां प्रदर्शित हैं। यहां ऐसी मूर्तियां भी हैं, जो धार्मिक विषयों के बजाय आम जीवन के अलग-अलग पहलुओं को दिखाती हैं।

खजुराहो की इस ऐतिहासिक विरासत को 1986 में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली, जब यहां के मंदिरों के समूह को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया।

यह भी पढ़ें-कुल्लु में कल से शुरु होगा विश्व प्रसिद्ध दशहरा, जानिए क्यों है खास? EXPLAINED

हिमाचल प्रदेश की कुल्लू घाटी में दशहरा देश के बाकी हिस्सों से अलग तरीके से मनाया जाता है। देश के ज्यादातर हिस्सों में विजयादशमी के दिन दशहरा उत्सव खत्म हो जाता है, लेकिन कुल्लू में इसी दिन सात दिन तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय दशहरे की शुरुआत होती है। इस साल यह उत्सव 21 से 27 अक्टूबर तक चलेगा। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।