केरल सरकार ने 13 अक्टूबर को विधानसभा में केरलम वरिष्ठ नागरिक (देखभाल और अधिकारों का संरक्षण) विधेयक, 2026 पेश किया। इसका मकसद बुजुर्गों की देखभाल करने वाले केंद्रों और देखभाल करने वालों के कामकाज को नियमों के दायरे में लाना है। अगर यह विधेयक पारित हो जाता है, तो देखभाल केंद्रों और देखभाल करने वालों के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य हो जाएगा। विधेयक में देखभाल के नियमों का उल्लंघन करने पर सजा देने का भी प्रावधान है।
केरल ने 2006 में ही बुजुर्गों की देखभाल के लिए नीति बनाई थी। वह ऐसा करने वाले शुरुआती राज्यों में शामिल था। राज्य ने 2013 में इस नीति में बदलाव किया। फिर अगस्त 2025 में बुजुर्गों के लिए नई राज्य नीति का मसौदा जारी किया। इस नीति में तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए व्यापक योजना बनाने का प्रस्ताव रखा गया। राज्य ने केरल राज्य वरिष्ठ नागरिक आयोग अधिनियम, 2025 भी बनाया है। इसके अलावा, बुजुर्गों के कल्याण के लिए अलग विभाग भी है।
केरल में बुजुर्गों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, राज्य की कुल आबादी में 60 साल या इससे ज्यादा उम्र के लोगों की हिस्सेदारी 12.7 फीसदी थी। 2021 में यह बढ़कर 15 फीसदी हो गई। अनुमान है कि 2051 तक राज्य की करीब 30 फीसदी आबादी इस आयु वर्ग में होगी। इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माइग्रेशन एंड डेवलपमेंट के मुताबिक, 2030 तक केरल में बुजुर्गों की संख्या बच्चों से ज्यादा हो सकती है।
आइए विधेयक के कुछ खास प्रावधानों के बारे में जानते हैं।
बुजुर्ग अपने घर में रह सकेंगे
विधेयक में जोर दिया गया है कि बुजुर्गों को जहां तक संभव हो, अपने घर और परिचित माहौल में ही रहने का मौका मिलना चाहिए। इसे ‘एजिंग इन प्लेस’ कहते हैं। इसका मतलब है कि उम्र बढ़ने के बाद भी व्यक्ति अपने घर और समुदाय के बीच रह सके और उसे देखभाल के लिए किसी संस्थान में जाने की जरूरत न पड़े।
विधेयक के मुताबिक, परिवार के सदस्यों और कानूनी वारिसों से उम्मीद की जाएगी कि वे बुजुर्गों की देखभाल करें और उन्हें जरूरी मदद व सुविधाएं दें। बुजुर्गों को देखभाल केंद्र में रखने का विकल्प आखिरी उपाय के तौर पर ही अपनाया जाना चाहिए।
इलाज के बारे में अपनी इच्छा पहले से बता सकेंगे बुजुर्ग
विधेयक बुजुर्गों को अपने भविष्य के इलाज के बारे में पहले से अपनी इच्छा बताने का अधिकार देता है। इसके लिए वे ‘लिविंग विल’ बना सकेंगे। इसमें वे बता सकेंगे कि गंभीर हालत में इलाज के दौरान वे कौन-सी प्रक्रियाएं अपनाना चाहते हैं और किनसे बचना चाहते हैं। मसलन, कोई बुजुर्ग पहले से यह तय कर सकता है कि गंभीर हालत में उसे गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा जाए या नहीं, शरीर में नलियां डालकर इलाज किया जाए या नहीं और जीवन बचाए रखने के लिए विशेष चिकित्सकीय उपाय किए जाएं या नहीं।
बुजुर्ग अपनी यह इच्छा जिला स्तर के वरिष्ठ नागरिक संरक्षण मंच के अध्यक्ष या जिला स्तर की वरिष्ठ नागरिक संरक्षण इकाई के सामने दर्ज करा सकेंगे। देखभाल केंद्र, कानूनी वारिस या कोई रिश्तेदार इस प्रक्रिया में उनकी मदद कर सकेगा। विधेयक में यह भी व्यवस्था है कि लिविंग विल को सुरक्षित रखा जाए और उसकी प्रतियां जिला प्राधिकरण तथा स्थानीय निकाय को दी जाएं।
सम्मान से जीने और जरूरी सेवाएं पाने का अधिकार
विधेयक बुजुर्गों के अधिकारों को केवल भोजन, कपड़े, रहने की जगह और इलाज तक सीमित नहीं रखता। इसमें सामाजिक सेवाओं, मनोरंजन और आध्यात्मिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के अवसरों को भी अहमियत दी गई है।
बुजुर्गों को घर पर देखभाल सेवाओं तक आसान पहुंच होनी होनी चाहिए और उनका खर्च भी बुजुर्गों की पहुंच के भीतर होना चाहिए। उम्र के आधार पर उनके साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
विधेयक में उन बुजुर्ग महिलाओं की जरूरतों पर खास ध्यान देने की बात कही गई है, जो ज्यादा असुरक्षित स्थिति में हैं। इनमें विधवाएं, परिवार या समाज की ओर से छोड़ दी गई महिलाएं, दिव्यांग महिलाएं, हिंसा का सामना कर चुकी महिलाएं और बेघर या बेसहारा महिलाएं शामिल हैं।
सार्वजनिक जगहों को भी बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है। इसके लिए रैंप बनाने, बैठने की जगह और कतारों में बुजुर्गों को प्राथमिकता देने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे शौचालय भी होने चाहिए, जिनका इस्तेमाल बुजुर्ग आसानी से कर सकें।
दुर्व्यवहार, शोषण और ऑनलाइन ठगी से सुरक्षा
विधेयक बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और शोषण को कई रूपों में देखता है। इसमें शारीरिक, भावनात्मक, मानसिक, मौखिक, यौन और आर्थिक दुर्व्यवहार शामिल हैं। किसी पर दबाव डालकर उसे अपनी इच्छा के खिलाफ काम करने के लिए मजबूर करना, भरोसे का गलत फायदा उठाना या जरूरी चीजों से वंचित करना भी दुर्व्यवहार माना जाएगा।
बुजुर्गों के संसाधनों, पहचान, प्रतिष्ठा या संपत्ति का गैरकानूनी तरीके से, बिना अनुमति या धोखाधड़ी करके इस्तेमाल करना भी शोषण के दायरे में आएगा। इसमें आर्थिक शोषण भी शामिल है।
विधेयक ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी ध्यान देता है। इसमें ऑनलाइन बैंकिंग या वित्तीय धोखाधड़ी, पहचान की चोरी और एआई की मदद से लोगों को धोखा देने जैसे मामले शामिल हैं।
विधेयक हालांकि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत अपराधों की परिभाषा या कार्रवाई की प्रक्रिया में कोई नया बदलाव नहीं करता। न ही यह उस कानून के तहत मिलने वाली शक्तियों को बदलता है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम या भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत अभियोजन की मौजूदा व्यवस्था भी इससे प्रभावित नहीं होगी।
देखभाल केंद्रों और देखभाल करने वालों के लिए नियम
विधेयक के दायरे में बुजुर्गों की देखभाल करने वाले केंद्र, सेवानिवृत्त लोगों के आवास, जीवन के अंतिम चरण में देखभाल करने वाले केंद्र, देखभाल संबंधी सेवाएं देने वाली एजेंसियां और देखभाल करने वालों को प्रशिक्षण देने वाले संस्थान आएंगे।
इन संस्थानों के लिए देखभाल के मानक तय किए जाएंगे। उन्हें बुजुर्गों के लिए जरूरी गतिविधियों और दुर्व्यवहार से बचाव की व्यवस्था भी करनी होगी। ऐसे सभी केंद्रों के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। वरिष्ठ नागरिक विभाग के निदेशक को पंजीकरण अधिकारी बनाया जाएगा, जबकि देखभाल करने वालों को राज्य वरिष्ठ नागरिक संरक्षण इकाई में अपना पंजीकरण कराना होगा।
विधेयक में देखभाल करने वालों का सार्वजनिक रिकॉर्ड रखने का भी प्रावधान है। इसमें उनका नाम, पंजीकरण संख्या, प्रमाणन की श्रेणी और प्रमाणपत्र की वैधता या मौजूदा स्थिति जैसी जानकारी दर्ज होगी।
विधेयक देखभाल करने वालों के अधिकारों को भी मान्यता देता है। उन्हें उचित वेतन, सुरक्षित कामकाजी माहौल और सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए केरलम जेरियाट्रिक केयर प्रमाणन ढांचा तैयार किया जाएगा। साथ ही, उनके प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम बनाया जाएगा और उनकी पृष्ठभूमि की जांच की जाएगी।
देखभाल केंद्रों में काम करने वालों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों के घर में रहकर उनकी देखभाल करने वालों के लिए पुलिस से मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। देखभाल करने वालों को हर तीन साल में दोबारा प्रशिक्षण भी लेना होगा।
शिकायतों पर कार्रवाई और बुजुर्गों के कल्याण के लिए कोष
विधेयक में बुजुर्गों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों पर कार्रवाई के लिए अलग व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव है। इसमें राज्य वरिष्ठ नागरिक संरक्षण इकाई, जिला स्तर के वरिष्ठ नागरिक संरक्षण मंच, जिला स्तर की वरिष्ठ नागरिक संरक्षण इकाइयां, पंजीकरण अधिकारी और पुलिस के नोडल अधिकारी शामिल होंगे। पुलिस के नोडल अधिकारी थाने, जिला और राज्य स्तर पर नियुक्त किए जाएंगे।
जिला स्तर की इकाइयां बुजुर्गों की शिकायतों पर कार्रवाई करेंगी। वे देखभाल केंद्रों की जांच और निरीक्षण कर सकेंगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वे जरूरी कदम भी उठा सकेंगी।
विधेयक में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए राज्य आरक्षित कोष बनाने का भी प्रावधान है। इस कोष में सरकार और स्थानीय निकायों से मिलने वाली रकम, शुल्क, जुर्माने, कंपनियों की सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत मिलने वाली राशि और दान शामिल हो सकते हैं। कोष की रकम का इस्तेमाल केवल बुजुर्गों की देखभाल, कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए किया जाएगा।
विधेयक बुजुर्गों को अपनी इच्छा से अपनी संपत्ति, बैंक में जमा रकम या आय देखभाल केंद्र, इस कोष या किसी अन्य व्यक्ति को देने की अनुमति भी देता है।
नियम तोड़ने पर क्या सजा मिलेगी?
विधेयक में नियमों का उल्लंघन करने पर अलग-अलग सजाओं का प्रावधान है। बिना पंजीकरण के देखभाल केंद्र चलाने पर एक साल तक की जेल या 25,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। सरकारी अधिकारियों या संबंधित लोगों के काम में बाधा डालने पर दो साल तक की जेल और 25,000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
बुजुर्ग की संपत्ति पर गैरकानूनी कब्जा करने, उसके साथ दुर्व्यवहार या क्रूरता करने और उसे बेसहारा छोड़ने पर तीन साल तक की जेल और 50,000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। जहां संदिग्ध दुर्व्यवहार की जानकारी देना जरूरी हो, वहां इसकी सूचना न देने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
विधेयक के तहत आने वाले अपराध संज्ञेय और जमानती होंगे।
यह भी पढ़ें- पिनाराई विजयन, उनकी बेटी के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश, जानिए क्या है पूरा मामला । EXPLAINED
केरल उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने शुक्रवार को राज्य के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा, दामाद मोहम्मद रियास और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। मामला टी वीणा की आईटी कंपनी को कथित तौर पर अवैध रूप से भुगतान किए जाने से जुड़ा है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
