केरल उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने शुक्रवार को राज्य के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा, दामाद मोहम्मद रियास और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। मामला टी वीणा की आईटी कंपनी को कथित तौर पर अवैध रूप से भुगतान किए जाने से जुड़ा है।
आरोप है कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सरकार के कार्यकाल में वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को कोच्चि की कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से करीब 2.78 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान मिला था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) इस आरोप की जांच कर रहा है। आइए जानते हैं कि यह मामला क्या है।
सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामला क्या है?
सीएमआरएल कोच्चि की एक कंपनी है, जो केरल में खनिज और रेत खनन के क्षेत्र में काम करती है। केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम भी इस कंपनी का एक हिस्सेदार है।
यह मामला 2023 में सामने आया, जब आयकर विभाग ने सीएमआरएल के यहां छापेमारी की। उस समय पिनाराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री थे। जांचकर्ताओं का आरोप था कि सीएमआरएल ने 2017-18 से 2018-19 के बीच टी वीणा से जुड़ी आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये दिए थे। बताया गया कि यह भुगतान सॉफ्टवेयर बनाने, प्रबंधन और परामर्श सेवाएं देने के समझौतों के तहत किया गया था।
आयकर विभाग के मुताबिक, सीएमआरएल ने इन भुगतानों को अपने कारोबार के खर्च के रूप में दिखाया, जबकि एक्सालॉजिक ने ऐसी कोई सेवा दी ही नहीं थी। इसके बाद विभाग के अंतरिम निपटारा बोर्ड ने इस लेन-देन को ‘अवैध भुगतान’ करार दिया।
सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कर्ता पर आरोप लगा कि उन्होंने कारोबार को बिना रुकावट चलाने के लिए नेताओं, राजनीतिक दलों, पुलिस अधिकारियों, मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, मजदूर संगठनों और अन्य लोगों को कथित तौर पर अवैध भुगतान किया।
2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान ऐसे कई लोगों और संस्थाओं को पैसे देने का मामला सामने आया था, जो कंपनी के कारोबार से नहीं जुड़े थे।
इसके बाद सीएमआरएल और कर्ता ने मामले के निपटारे के लिए आवेदन किया। इसी प्रक्रिया के तहत मामला आयकर विभाग के अंतरिम निपटारा बोर्ड के सामने पहुंचा।
दो और केंद्रीय एजेंसियों ने शुरू की जांच
इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के आरोपों की जांच शुरू की और सीएमआरएल के अधिकारियों से पूछताछ की। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के अधीन गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) ने भी एक्सालॉजिक के खिलाफ जांच शुरू की। उसने सीएमआरएल के अन्य वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की।
जांचकर्ताओं का आरोप था कि सीएमआरएल ने कई नेताओं को बड़ी रकम दी थी। आयकर विभाग की छापेमारी में जब्त दस्तावेजों में इन नेताओं के नाम पूरे लिखने के बजाय संक्षिप्त रूप में दर्ज थे। जांचकर्ताओं के मुताबिक, कथित तौर पर पैसा पाने वाले नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े थे।
एसएफआईओ की जांच में एक्सालॉजिक को कथित तौर पर करीब 2.73 करोड़ रुपये का लाभ मिलने का अनुमान लगाया गया। बाद में एसएफआईओ ने सीएमआरएल के दूसरे वित्तीय लेन-देन की भी जांच शुरू कर दी। वहीं, ईडी ने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या इन लेन-देन से धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत ‘अपराध से कमाई गई संपत्ति’ बनी थी।
जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल कर रहे थे कि क्या कंपनी को नियामकीय मंजूरी और कारोबार चलाने की अनुमति दिलाने के लिए किसी बड़े लेन-देन के तहत ये कथित भुगतान किए गए थे।
मई में ईडी ने पिनाराई विजयन के ठिकानों और कोझिकोड जिले में माकपा के स्थानीय नेताओं से जुड़े आठ अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। एजेंसी का दावा था कि उसे हवाला के जरिए पैसे के लेन-देन के सबूत मिले हैं।
टी वीणा और माकपा ने जांच पर क्या कहा?
टी वीणा और एक्सालॉजिक ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। उनका कहना है कि कंपनी को मिला पैसा वैध कारोबारी समझौतों के तहत दिया गया था। माकपा ने भी केंद्रीय एजेंसियों की जांच को बार-बार राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है।
मई में छापेमारी के बाद माकपा और अन्य वामपंथी दलों ने केरल में कई जगह प्रदर्शन किए। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए की गई है।
देशभर में विपक्षी दलों ने कई बार आरोप लगाया है कि ईडी चुनिंदा तरीके से विपक्षी नेताओं और राज्य सरकारों को निशाना बनाती है। भाजपा और केंद्र सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि एजेंसी सबूतों के आधार पर कार्रवाई करती है।
केरल हाई कोर्ट ने अब क्या आदेश दिया है?
पिछले महीने ईडी ने सिफारिश की थी कि राज्य पुलिस भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत पिनराई विजयन, उनकी बेटी वीणा, दामाद रियास और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करे। रियास पूर्व मंत्री हैं और माकपा की राज्य सचिवालय के सदस्य हैं।
हालांकि, कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय राज्य अपराध शाखा को प्रारंभिक जांच करने का आदेश दिया। सरकार ने कहा कि जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने पर फैसला लिया जाएगा।
इस फैसले को चुनौती देते हुए के एम शाहजहां ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वह केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन के अतिरिक्त निजी सचिव रह चुके हैं। ईडी भी इस मामले में याचिका की सुनवाई में शामिल हुआ।
सभी पक्षों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति ए बदरुद्दीन ने याचिका स्वीकार कर ली और एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
ईडी ने दलील दी कि अपराध शाखा इस मामले में प्रारंभिक जांच नहीं कर सकती और उसकी सिफारिश के आधार पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। वहीं, राज्य सरकार ने कहा कि याचिका सुनवाई योग्य नहीं है और एफआईआर दर्ज करने से पहले जांच एजेंसी प्रारंभिक जांच कर सकती है।
पिनाराई विजयन के खिलाफ एक और जांच
यदि राज्य सरकार हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए पिनराई विजयन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करती है, तो यह उनके कई दशक लंबे राजनीतिक करियर में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ी दूसरी बड़ी जांच होगी।
इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित एसएनसी-लवलीन भ्रष्टाचार मामले में पिनराई विजयन की जांच की थी। इस मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया था।
यह मामला 1995 से 1997 के बीच बिजली विभाग में लिए गए फैसलों से जुड़ा है। उस समय पिनाराई विजयन एलडीएफ सरकार में बिजली मंत्री थे। राज्य बिजली बोर्ड ने केरल की जलविद्युत परियोजनाओं के नवीनीकरण के लिए कनाडा की कंपनी एसएनसी-लवलीन के साथ समझौता किया था। आरोप है कि इस समझौते से राज्य के खजाने को 374.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
