मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित सूची से हटा दिया। पुलिस ने इसके विकल्प के तौर पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को निर्धारित किया है।

पुलिस की अधिसूचना के मुताबिक, यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित एक समिति की सिफारिश पर लिया गया है। पुलिस के स्टैंडिग ऑर्डर में कहा गया है, “इन तीनों जगहों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी।”

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मध्य दिल्ली में निषेधाज्ञा लागू है और 10 अक्टूबर से पुलिस ने मध्य दिल्ली में भारी बैरिकेडिंग कर रखी है। प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं और पुलिस भी उन्हें नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई कर रही है।

प्रदर्शन के लिए जगह तय करने का मकसद धरना-प्रदर्शनों को व्यवस्थित करना और साथ ही यातायात, लोगों की सुरक्षा तथा स्थानीय निवासियों के अधिकारों से जुड़ी चिंताओं का ध्यान रखना है।

दिल्ली में प्रदर्शन की जगह कौन तय करता है?

संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को बोलने और अपनी बात रखने की आजादी के साथ शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने का मौलिक अधिकार देता है। हालांकि, इन अधिकारों पर कुछ उचित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इनमें ‘लोक व्यवस्था’ बनाए रखना भी शामिल है।

दूसरे राज्यों के विपरीत, दिल्ली विधानसभा को पुलिस और लोक व्यवस्था से जुड़े मामलों में कानून बनाने का अधिकार नहीं है। संविधान के अनुच्छेद 239एए(3)(ए) के तहत दिल्ली विधानसभा राज्य सूची की प्रविष्टि 1, 2 और 18 पर कानून नहीं बना सकती। ये प्रविष्टियां क्रमशः लोक व्यवस्था, पुलिस और भूमि व्यवस्था से संबंधित हैं।

इसलिए दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। पुलिस अलग-अलग प्रदर्शनों को नियंत्रित करती है। इसमें प्रदर्शन की अनुमति देने और निर्धारित स्थलों पर लागू शर्तों का पालन कराने जैसे काम शामिल हैं।

पहले की व्यवस्था के तहत जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए आयोजकों को 10 दिन पहले आवेदन देना होता था। वहां अधिकतम 1,000 लोगों के जुटने की अनुमति थी। रामलीला मैदान भी प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह थी, जहां करीब 50,000 लोग जुट सकते थे।

कानून-व्यवस्था और लोक व्यवस्था में क्या अंतर है?

प्रदर्शनों को नियंत्रित करते समय पुलिस अक्सर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देती है। लेकिन संविधान का अनुच्छेद 19 मौलिक अधिकारों पर कुछ खास आधारों पर ही प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता है। इनमें ‘लोक व्यवस्था’ भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट ने कानून-व्यवस्था और लोक व्यवस्था को अलग-अलग माना है।

1966 में राम मनोहर लोहिया बनाम बिहार राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कोई घटना कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, लेकिन जरूरी नहीं कि उससे लोक व्यवस्था भी प्रभावित हो।

अदालत ने कानून-व्यवस्था, लोक व्यवस्था और राज्य की सुरक्षा को तीन एक-दूसरे के भीतर बने वृतों के रूप में समझाया। इनमें कानून-व्यवस्था सबसे बड़ा वृत्त है, उसके भीतर लोक व्यवस्था और सबसे अंदर राज्य की सुरक्षा का वृत है।

अदालत ने कहा था, “तीन वृतों की कल्पना करनी चाहिए। कानून-व्यवस्था सबसे बड़ा वृत्त है। इसके भीतर लोक व्यवस्था का वृत्त है और सबसे छोटा वृत्त राज्य की सुरक्षा का है। इससे यह समझना आसान है कि कोई घटना कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, लेकिन लोक व्यवस्था को नहीं। इसी तरह, कोई घटना लोक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, लेकिन राज्य की सुरक्षा को नहीं।”

2011 में बाबा रामदेव के धरना प्रदर्शन पुलिस की कार्रवाई से संबंधित एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर लोगों के मौलिक अधिकारों पर ज्यादा रोक नहीं लगा सकती। लेकिन जब मामला लोक व्यवस्था से जुड़ा हो और उसका असर बड़े पैमाने पर लोगों पर पड़ सकता हो, तो ज्यादा सख्त पाबंदियां लगाई जा सकती हैं।

अदालत ने स्पष्ट किया कि लोक व्यवस्था का मतलब किसी स्थानीय इलाके में सामान्य व्यवस्था बनाए रखना भर नहीं है। लोक व्यवस्था बिगड़ने का मतलब सार्वजनिक अव्यवस्था पैदा होना है, जबकि शांति भंग होने की हर घटना से सार्वजनिक अव्यवस्था पैदा हो, यह जरूरी नहीं है।

वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं किसी सीमित इलाके में होने वाली गड़बड़ी हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, सड़क पर दो लोगों के बीच मारपीट या किसी कार की वजह से रास्ता बंद हो जाना। इसके उलट, लोक व्यवस्था का संबंध ऐसी घटनाओं से है, जिनका असर बड़े समुदाय पर पड़ता है। जैसे बड़े पैमाने पर यातायात या संचार व्यवस्था बाधित होना अथवा लोगों की आवाजाही में रुकावट आना। उन्होंने कहा, “बोलने और अपनी बात रखने के अधिकार को सीमित करने के लिए कानून-व्यवस्था को वैध आधार नहीं माना जा सकता।”

गोपाल शंकरनारायणन ने यह भी कहा कि पुलिस अपने स्तर पर लोक व्यवस्था का हवाला देकर मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती। उन्होंने कहा, “पहले ऐसा कानून बनाया जाना जरूरी है, जो पुलिस को यह अधिकार देता हो। इसके बाद पुलिस उस कानून के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करती है।” उनके मुताबिक, पुलिस को यह भी बताना होगा कि वह किस कानून के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कर रही है।

प्रोफेसर जी. मोहन गोपाल ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि असहमति किसी शांतिपूर्ण और कानून का पालन करने वाले समाज की ‘जीवनरेखा’ है। लोकतंत्र में अलग-अलग विचारों को जगह मिलनी चाहिए।

प्रोफेसर ने कहा, “कानून-व्यवस्था का मतलब ऐसी व्यवस्था है, जो लोगों के अधिकारों की रक्षा करती है। इस नजरिये से देखें, तो कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी है, बल्कि कानून का गलत इस्तेमाल हो रहा है। लोगों के विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार को छीनने वाले ही कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं।”

जी. मोहन गोपाल ने कहा कि प्रदर्शन के लिए तय जगहों को बंद करने और ‘कानून-व्यवस्था’ के नाम पर शांतिपूर्ण विरोध को दबाने से लोग हताश हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “लोक व्यवस्था की रक्षा के लिए काम करने वालों को भी विरोध प्रदर्शन करने के लिए धारा 163 का उल्लंघन करना पड़ रहा है, क्योंकि लोकतंत्र के दायरे में लोक व्यवस्था की रक्षा के सभी वैध और लोकतांत्रिक रास्ते बंद कर दिए गए हैं।”

प्रदर्शन के लिए जगह कैसे तय की जा सकती है?

हिमत लाल के. शाह बनाम अहमदाबाद पुलिस आयुक्त (1972) मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि पुलिस सड़कों पर सार्वजनिक सभाएं करने के लिए पहले से अनुमति लेने की शर्त लगा सकती है। अदालत ने इसे गलत नहीं माना।

अदालत ने हालांकि यह भी कहा कि राज्य किसी कानून के जरिए हर सार्वजनिक सड़क या सार्वजनिक स्थान पर सभाओं पर रोक लगाकर लोगों के एकत्र होने के अधिकार को खत्म या सीमित नहीं कर सकता।

मजदूर किसान शक्ति संगठन बनाम भारत संघ (2018) मामले में जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर लगाई गई पाबंदियों और प्रदर्शनकारियों को रामलीला मैदान भेजने के प्रस्ताव को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि रामलीला मैदान नई दिल्ली में सत्ता के केंद्र से काफी दूर है। इससे प्रदर्शनों का उद्देश्य प्रभावित होगा, क्योंकि प्रदर्शनकारी उन्हीं अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाते हैं, जिन तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार किया। हालांकि, उसने कहा कि प्रदर्शनकारियों के अधिकारों और स्थानीय निवासियों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। अदालत ने यह भी कहा कि जनहित में प्रदर्शनों को नियंत्रित करते हुए कुछ खास जगहों को इसके लिए निर्धारित किया जा सकता है।

इसी आधार पर अदालत ने जंतर-मंतर रोड के एक सीमित हिस्से में छोटे समूहों को नियमों के तहत प्रदर्शन करने की अनुमति दी। अदालत ने यह भी ध्यान दिलाया कि लंबे समय से इस जगह पर विरोध प्रदर्शन होते रहे हैं।

यह भी पढ़ें-सीजेपी प्रोटेस्टः किस हद तक प्रदर्शनों पर रोक लगाई जा सकती है, क्या हैं नागरिकों के अधिकार? EXPLAINED

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों से पहले और उनके दौरान पुलिस ने कई सख्त कदम उठाए। इनमें निषेधाज्ञा लागू करना, लोगों को हिरासत में लेना, बैरिकेड लगाना, मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियां लगाना और ट्रेनों को रद्द करना शामिल था। इसके अलावा, जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के रूप में मिली मान्यता भी खत्म कर दी गई। इन कदमों ने एक बार फिर संविधान से जुड़े पुराने सवाल को चर्चा में ला दिया है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।