इजरायल के आम चुनाव के नतीजे जारी हो गए हैं और किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड 27 सीटों के साथ अब भी सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन उनका गठबंधन फिर भी 61 सीटों के जरूरी आंकड़े से आठ सीट दूर रह गया।
बेंजामिन नेतन्याहू के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट की पार्टी याशर 21 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी है। लेकिन उनके गठबंधन के सभी दल मिलकर भी केवल 48 सीट ही ला पाए।
चुनाव में एक बड़ा उलटफेर अरब पार्टियों ने किया। जॉइंट लिस्ट और राआम पार्टी ने मिलकर 19 सीटें जीतीं। यह उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि कोई भी दल या चुनाव पूर्व गठबंधन अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में आइए समझते हैं कि इजरायल में नई सरकार बनाने के लिए क्या-क्या रास्ते हैं?
विपक्षी दक्षिणपंथी दलों के साथ सरकार बनाना
बेंजामिन नेतन्याहू अगर गादी आइजेनकोट के विपक्षी गठबंधन में शामिल दक्षिणपंथी दलों को अपने साथ आने के लिए मना लेते हैं तो वह बहुमत की सरकार बना सकते हैं। इसके लिए उनकी नजर यायर लैपिड के साथ बी’याखद गठबंधन का नेतृत्व करने वाले नफ्ताली बेनेट और एविगडोर लिबरमैन पर हो सकती है।
सुरक्षा के मुद्दे पर दोनों नेता सख्त दक्षिणपंथी रुख रखते हैं। इस लिहाज से उनकी विचारधारा नेतन्याहू से मेल खाती है। नेतन्याहू के लिए ये दोनों नेता सरकार बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
नफ्ताली बेनेट ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बेंजामिन नेतन्याहू के साथ की थी। 2015 के चुनाव के बाद वह बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हुए और शिक्षा मंत्री बने। हालांकि, 2020 में उन्होंने नेतन्याहू सरकार छोड़ दी। वहीं, 1996 में एविगडोर लिबरमैन ने बेंजामिन नेतन्याहू को लिकुड पार्टी में मजबूत नेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उसी साल बेंजामिन नेतन्याहू पहली बार प्रधानमंत्री बने थे।
लेकिन इस रास्ते में बड़ी मुश्किलें भी हैं। नफ्ताली बेनेट और एविगडोर लिबरमैन दोनों ने चुनाव प्रचार के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाने और अति-रूढ़िवादी यहूदियों के लिए भी सैन्य सेवा अनिवार्य करने की मांग की थी। इससे उनका टकराव नेतन्याहू के गठबंधन में शामिल दो अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों से हो सकता है।
कुछ लोगों का मानना है कि नफ्ताली बेनेट और एविगडोर लिबरमैन की पार्टियां इन दोनों दलों की जगह ले सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद बहुमत का आंकड़ा जुटाना आसान नहीं होगा।
अरब पार्टियों के समर्थन से गादी आइजेनकोट की सरकार
विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइजेनकोट के लिए सरकार बनाने का एक रास्ता अरब पार्टियों का समर्थन हासिल करना है। अगर जॉइंट लिस्ट और राआम उनके गठबंधन में शामिल हो जाते हैं तो उनके पास नेसेट (संसद) में कुल 67 सीटें हो सकती हैं। इससे बहुमत की सरकार बनाने का रास्ता खुल जाएगा। गौरतलब है कि अब तक देश में केवल एक स्वतंत्र अरब पार्टी ही औपचारिक रूप से किसी गठबंधन सरकार का हिस्सा बनी है।
हालांकि, इस रास्ते में भी कई अड़चनें हैं। गादी आइजेनकोट की पार्टी याशर समेत विपक्षी गठबंधन के लगभग सभी दलों ने सरकार बनाने के लिए अरब पार्टियों का समर्थन लेने से इनकार किया है। इस गठबंधन में सिर्फ डेमोक्रेट्स ने ऐसा करने से साफ इनकार नहीं किया है।
गादी आइजेनकोट भी उन दलों के साथ गठबंधन करने के खिलाफ रहे हैं। ऐसे में अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाना उनके लिए राजनीतिक रूप से मुश्किल हो सकता है। यह उनके चुनावी वादों के भी खिलाफ होगा।
एक दूसरा रास्ता यह हो सकता है कि गादी आइजेनकोट अरब सांसदों को सरकार में शामिल किए बिना उनसे समर्थन मांगें और अल्पमत की सरकार बनाएं। लेकिन यह साफ नहीं है कि अरब दल ऐसी सरकार का समर्थन करेंगे, जिसमें उन्हें शामिल ही नहीं किया गया हो।
बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइजेनकोट की सरकार
अगर बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइजेनकोट साथ आते हैं तो उनके पास संसद में कुल 66 सीटें होंगी। यह बहुमत के आंकड़े से पांच सीटें ज्यादा हैं।
इस गठबंधन में बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी, गादी आइजेनकोट की याशर पार्टी, नफ्ताली बेनेट और यायर लैपिड की बी’याखद तथा एविगडोर लिबरमैन की इजराइल बेइतेनु पार्टी शामिल हो सकती हैं।
लेकिन ऐसी सरकार बनाना दोनों नेताओं के लिए आसान नहीं होगा। गादी आइजेनकोट ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान खुद को बेंजामिन नेतन्याहू के विकल्प के तौर पर पेश किया है। उनका मुख्य चुनावी वादा ही बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाना था। ऐसे में उनके लिए बेंजामिन नेतन्याहू के साथ सरकार बनाना अपनी राजनीतिक स्थिति से पीछे हटने जैसा होगा।
दूसरी ओर, बेंजामिन नेतन्याहू भी अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ सत्ता साझा करने से बचना चाहेंगे। ऐसा करने पर उन्हें अपने पुराने सहयोगियों को भी नाराज करना पड़ सकता है।
दोबारा हो सकते हैं चुनाव
अगर कोई भी दल या गठबंधन सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाता तो इजरायल में फिर से चुनाव कराने का विकल्प बचता है। हालांकि, इसे आखिरी विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
दोबारा चुनाव होने पर बेंजामिन नेतन्याहू को कुछ फायदा मिल सकता है। नई सरकार बनने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे और अगले चुनाव को बहुमत हासिल करने के एक और मौके के तौर पर देख सकते हैं।
कुछ जानकारों का मानना है कि अगले चुनाव में अरब मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी दोबारा देखने को नहीं मिलेगी। वहीं, दक्षिणपंथी दल पहले से ज्यादा मजबूती के साथ मतदाताओं को एकजुट कर सकते हैं।
कई दक्षिणपंथी पार्टियां इस बार संसद में सीट पाने के लिए जरूरी 3.25 फीसदी वोट हासिल नहीं कर पाईं। अगर अगले चुनाव में इन पार्टियों को इससे भी कम वोट मिलते हैं तो उनके समर्थकों के वोट बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड और उसके सहयोगी दलों को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें-इजरायल में अब तक कोई भी पार्टी अपने दम पर क्यों नहीं बना पाई सरकार, क्या इस बार बदलेगा इतिहास? EXPLAINED
इजरायल में मंगलवार को नेसेट (संसद) के लिए मतदान हो रहे हैं। 1988 के बाद पहली बार संसद ने चार साल का कार्यकाल पूरा किया है, इसलिए चुनाव इस बार तय कानूनी समय पर हो रहे हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
