सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जबकि अगस्त में यह 4.83 प्रतिशत थी। रिजर्व बैंक ने भी पिछले सप्ताह माना कि अब ज्यादा चीजों के दाम बढ़ रहे हैं। हालांकि रिजर्व बैंक ने अगस्त में कहा था कि ऐसे संकेत नहीं दिख रहे हैं कि ज्यादा चीजों के दाम बढ़ रहे हैं।

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के अर्थशास्त्रियों ने हालांकि पिछले महीने कहा कि आरबीआई ज्यादा चीजों के दाम बढ़ने का इंतजार कर रहा है। वह यह भी मानकर चल रहा है कि महंगाई सिर्फ सामानों की कमी के कारण बढ़ रही है। यह आकलन सही नहीं है।

अब उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के ताजे आंकड़े यह दिखा रहे हैं कि महंगाई का असर ज्यादा चीजों पर पड़ने लगा है। ये आंकड़ें 12 अक्तूबर को जारी किए गए हैं।

आइए जानते हैं कि महंगाई का असर दूसरी चीजों पर पड़ने का असल मतलब क्या है? और इसका पता कैसे लगाया जा सकता है?

महंगाई का असर दूसरी चीजों पर पड़ने का मतलब क्या है

आसान शब्दों में कहें तो रोजमर्रा के लिए इस्तेमाल होने वाली ज्यादा से ज्यादा चीजों की कीमतें बढ़ रही हैं। शुरू में खाने-पीने और ईंधन की कीमतें बढ़ती हैं, क्योंकि इनके दाम में उतार-चढ़ाव जल्दी होता है। लेकिन जब महंगाई का असर बढ़ता है, तो रोजमर्रा की दूसरे चीजें भी महंगी होने लगती है, जैसे कपड़े, जूते आदि।

महंगाई के प्रभाव को समझने के कई तरीके हैं। सबसे पहले दो आसान तरीकों को समझते हैं। पहला, यह मापना कि सीपीआई में शामिल कितनी चीजों की कीमतें 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी हैं।

जनवरी में भारत के सीपीआई में शामिल 358 चीजों में से 65 की महंगाई दर 4 प्रतिशत या उससे ज्यादा थी, जबकि सितंबर तक यह 129 हो गई। मतलब दोगुनी चीजों की कीमतें 4 प्रतिशत से अधिक बढ़ीं।

4 प्रतिशत का आंकड़ा क्यों अहम है? क्योंकि आरबीआई ने लंबे समय के लिए महंगाई को 4 प्रतिशत तक नियंत्रित करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि इसमें 2 प्रतिशत की कमी या बढ़ोतरी के छूट दिए गए हैं। मतलब यह न्यूनतम 2 प्रतिशत या अधिकतम 6 प्रतिशत हो सकती है।

महंगाई के इस दर को पिछले साल के उसी महीने की तुलना में मापा जाता है। उदाहरण के लिए, सितंबर 2026 की महंगाई दर यह बताती है कि सितंबर 2025 के मुकाबले कीमतों में कितने प्रतिशत बदलाव आया।

लेकिन यह कैसे पता चलेगा कि इस साल के अगस्त की तुलना में सितंबर में कितनी चीजों के दाम बढ़ेंगे। इसके लिए दूसरे तरीके का इस्तेमाल किया जाता है। इसे महीने-दर-महीने कीमतों में बदलाव या ‘प्राइस मोमेंटम’ कहते हैं।

फरवरी में भारत के सीपीआई में शामिल 358 चीजों में से 236 के दाम पिछले महीने के मुकाबले बढ़े थे। यह कीमत का 4 प्रतिशत से ज्यादा होना जरूरी नहीं है। अगर जनवरी 2026 में सरसो तेल की कीमत 100 रुपये थी और फरवरी में वह बढ़कर 101 रुपये हो गई, तो इसका मतलब है कि जनवरी की तुलना में सरसो तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।

महंगाई का दायरा मापने वाले सूचकांक

महंगाई का असर कितनी चीजों पर पड़ रहा है, इसे समझने के ऊपर बताए गए दोनों तरीके काफी आसान हैं। इसलिए अर्थशास्त्री इसके लिए कुछ दूसरे तरीके भी अपनाते हैं। इनमें एक तरीका है डिफ्यूजन इंडेक्स, यानी ऐसा सूचकांक जो बताता है कि महंगाई का असर कितनी चीजों तक फैल रहा है।

ऊपर बताए गए दोनों तरीकों की तरह यह सूचकांक भी सीपीआई में शामिल चीजों के दाम बढ़ने का दायरा देखता है। लेकिन इसमें एक खास बात का ध्यान रखा जाता है: घरेलू खर्च में हर चीज का कितना हिस्सा है।

उदाहरण के लिए, अगर कोई चीज सीपीआई में शामिल कुल खर्च का सिर्फ 0.01 प्रतिशत है, तो उसे उस चीज जितना महत्व नहीं दिया जाता, जिस पर कुल खर्च का 1 प्रतिशत होता है। यानी जिस चीज पर लोग ज्यादा पैसा खर्च करते हैं, उसे महंगाई का आकलन करते समय ज्यादा महत्व मिलता है।

सीपीआई में शामिल सभी 358 चीजों को कितना महत्व देना है, यह उनके खर्च के हिस्से के आधार पर तय होता है। इसके लिए सांख्यिकी मंत्रालय घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण (household survey) के आंकड़ों का इस्तेमाल करता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सीपीआई के आंकड़ों को समय-समय पर अपडेट किया जाता है।

फिलहाल सीपीआई में शामिल चीजों और उनके महत्व का आधार अगस्त 2023 से जुलाई 2024 के बीच किया गया घरेलू खर्च का सर्वेक्षण है।

आरबीआई के अपने सीपीआई डिफ्यूजन इंडेक्स के मुताबिक, सितंबर में सीपीआई में शामिल कुल चीजों में से करीब 46 प्रतिशत की महंगाई दर 4 प्रतिशत से ज्यादा थी। अगस्त में यह आंकड़ा 37 प्रतिशत और जनवरी में 16 प्रतिशत था।

नोमुरा के अर्थशास्त्रियों का हालांकि मानना है कि 37 प्रतिशत का आंकड़ा पिछले वर्षों के मुकाबले कम है। नोमुरा महंगाई का दायरा मापने के लिए अपना अलग सूचकांक इस्तेमाल करता है। इसमें सिर्फ सीपीआई के आंकड़े नहीं देखे जाते, बल्कि दूसरी बातों को भी शामिल किया जाता है। इनमें यह शामिल है कि घरों में रहने वाले लोग और कारोबारी आगे महंगाई को लेकर क्या उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही, यह भी देखा जाता है कि गांवों और शहरों में मजदूरी कितनी तेजी से बढ़ रही है।

नोमुरा के मुताबिक, इन सभी बातों को मिलाकर देखें, तो महंगाई का असर दूसरी चीजों पर फैलने की रफ्तार फिलहाल औसत से कम है। हालांकि, उसका यह आकलन अगस्त के आंकड़ों पर आधारित था।

नोमुरा और उन दूसरे अर्थशास्त्रियों का आकलन अहम है, जो मानते हैं कि महंगाई का असर अभी बहुत ज्यादा चीजों पर नहीं पड़ा है। इसकी वजह यह है कि महंगाई का दायरा कितना बढ़ा है, इसी से यह अनुमान लगाया जाता है कि आने वाले महीनों में आरबीआई ब्याज दरों में कितनी बढ़ोतरी कर सकता है। महंगाई का दबाव जितनी ज्यादा चीजों पर पड़ेगा, आरबीआई के रेपो दर बढ़ाने की आशंका उतनी ही ज्यादा होगी।

सोमवार को जारी सीपीआई के आंकड़ों के बाद बाजार में यह आम राय बनती दिख रही है कि अगले चार से छह महीनों में ब्याज दरों में 50 से 75 आधार अंकों तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। 100 आधार अंक एक प्रतिशत के बराबर होते हैं। यानी 50 से 75 आधार अंकों की बढ़ोतरी का मतलब ब्याज दर में 0.50 से 0.75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी है।

यह भी पढ़ें-औद्योगिक उत्पादन में उछाल, मगर विकास की तस्वीर अब भी असंतुलित | संपादकीय

इसमें कोई दोराय नहीं कि पश्चिम एशिया में युद्ध से उपजे हालात का असर बहुत सारे देशों के साथ-साथ भारत पर भी पड़ा है और इसी वजह से अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हुई। खासतौर पर पिछले कुछ महीने से औद्योगिक उत्पादन के मामले में जिस तरह की चुनौतियां खड़ी हुईं, वे दरअसल युद्ध से उपजे संकट और उसकी आंच आम लोगों की जिंदगी तक पहुंचने का नतीजा हैं। ऐसे में अगर भारत में औद्योगिक उत्पादन दर में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, तो यह निश्चित रूप से प्रतिकूल परिस्थितियों में हासिल की गई उपलब्धि है, लेकिन यह देखने की जरूरत होगी कि क्या यह वृद्धि सभी क्षेत्रों के लिहाज से समान है या फिर कुछ खास मामलों तक सीमित है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।