अभिनेता इमरान खान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थन में मुंबई में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शनिवार को शामिल हुए। इसके बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर इमरान खान को हिरासत में लेने और देश से निर्वासित करने की मांग की।

किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि इमरान खान विदेशी नागरिक हैं और ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्डधारक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विरोध प्रदर्शन में अभिनेता की भागीदारी ओसीआई से जुड़े नियमों और वीजा की शर्तों का उल्लंघन है?

भाजपा नेता के पत्र लिखे जाने के बाद यह सवाल चर्चा में आया कि ओसीआई कार्डधारक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकता है? और अगर कोई ओसीआई कार्डधारक इस तरह के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होता है तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जा सकती है?

आइए जानते हैं कि ओसीआई कार्ड क्या होता है और इस विषय में नियम क्या कहते हैं।

ओसीआई कार्ड क्या है?

ओसीआई योजना 2005 में भारतीय मूल के उन लोगों के लिए शुरू की गई थी, जिनके पास किसी दूसरे देश की नागरिकता है और जो निर्धारित शर्तें पूरी करते हैं। नाम में ‘सिटिजन’ शब्द होने के बावजूद ओसीआई कार्डधार भारतीय नागरिक नहीं होते, वे विदेशी नागरिक होते हैं।

ओसीआई कार्डधारकों को कई सुविधाएं मिलती हैं। उन्हें आजीवन वीजा मिलता है, जिसके तहत वे कई बार भारत आ सकते हैं। वे कृषि भूमि को छोड़कर अन्य अचल संपत्ति खरीद सकते हैं। भारत में सामान्य व्यावसायिक गतिविधियों और पेशों को अपना सकते हैं। इससे बैंकों में खाता खुलवाना और पैन कार्ड बनवाना आसान हो जाता है।

ओसीआई कार्डधारकों को भारतीय नागरिकों की तरह राजनीतिक अधिकार हासिल नहीं होते। वे मतदान नहीं कर सकते और संसद और विधानसभा के चुनाव भी नहीं लड़ सकते।

ओसीआई कार्डधारकों के अधिकारों और उन पर लागू पाबंदियों का उल्लेख नागरिकता अधिनियम, 1955 और केंद्र सरकार की ओर से जारी नियमों तथा अधिसूचनाओं में किया गया है।

क्या ओसीआई कार्डधारक विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं?

नागरिकता अधिनियम की धारा 7बी के तहत ओसीआई कार्डधारकों पर कुछ प्रतिबंध लगाता है जैसे मतदान न करना, चुनाव न लड़ना, सरकारी नौकरी न मिलना आदि। हालांकि विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के संबंध में कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कार्डधारक को किसी सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से पहले विशेष अनुमति लेना जरूरी हो।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण सभा करने के अधिकार

संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को अपनी बात कहने और बिना हथियार शांतिपूर्वक इकट्ठा होने का अधिकार देता है। हालांकि, इन अधिकारों पर उचित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। ये अधिकार खास तौर पर भारतीय नागरिकों को दिए गए हैं। इसलिए विदेशी नागरिक होने के कारण ओसीआई कार्डधारक इन अधिकारों का दावा नहीं कर सकते।

क्या ओसीआई कार्डधारक को हिरासत में लेकर देश से निकाला जा सकता है?

ओसीआई कार्डधारक विदेशी नागरिक ही होता है। इसलिए उस पर भारत में विदेशियों और आव्रजन से जुड़े कानून लागू होते हैं। नागरिकता अधिनियम की धारा 7डी में कुछ निर्धारित आधारों पर ओसीआई पंजीकरण रद्द करने का प्रावधान है। इनमें देश की संप्रभुता और सुरक्षा से जुड़े आधार भी शामिल हैं।

पुलिस में शिकायत दर्ज होने या वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगने भर से हालांकि यह साबित नहीं होता कि संबंधित व्यक्ति ने अपराध किया है या उसे देश से निकालना उचित है।

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर अब नहीं होगा निर्धारित प्रदर्शन स्थल, दिल्ली पुलिस ने तय किए रामलीला मैदान समेत तीन नए स्थान

दिल्ली पुलिस ने धरना-प्रदर्शन के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। नए आदेश के तहत जंतर-मंतर अब आधिकारिक प्रदर्शन स्थल नहीं रहेगा और इसे डीनोटिफाइड कर दिया गया है। रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है। यह बदलाव गृह मंत्रालय की कमेटी की सिफारिशों के आधार पर किया गया है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।