भारत ने 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान पर भारत की छवि खराब करने के लिए “दुष्प्रचार करने” का आरोप लगाया। यह बयान पाकिस्तान की ओर से कश्मीर को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद आया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव रघू पुरी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार पाकिस्तानी सेना के “निर्देशों” पर भारत के खिलाफ बयान देती है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार को “फॉर्म 47 की सरकार” भी कहा।
इस शब्द का इस्तेमाल पहली बार 2024 के पाकिस्तान चुनावों के बाद व्यापक रूप से होने लगा था। आखिर फॉर्म 47 क्या है? पाकिस्तान के चुनावों में इसे लेकर विवाद क्यों हुआ और अब भारत पाकिस्तान की आलोचना करने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल क्यों करता है?
पाकिस्तान में फॉर्म 47 क्या है?
2024 की शुरुआत में पाकिस्तान में हुए आम चुनावों के नतीजों पर धांधली और मतगणना में हेरफेर के आरोप लगे थे। उस समय पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के केंद्रीय सूचना सचिव और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी सहयोगी रऊफ हसन ने उस समय सोशल मीडिया पर लिखा था कि इमरान खान का “जनादेश रात के अंधेरे में चुरा लिया गया है।”
इस विवाद के केंद्र में फॉर्म 45 और फॉर्म 47 थे। इन दोनों का इस्तेमाल चुनावी नतीजों का आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार करने के लिए किया जाता है। पाकिस्तान का चुनाव आयोग किसी निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव के नतीजों का ब्योरा दर्ज करने के लिए कई तरह के फॉर्म इस्तेमाल करता है। इनमें फॉर्म 45 एक अहम दस्तावेज है, जिसे ‘मतगणना का परिणाम’ कहा जाता है।
फॉर्म 45 किसी मतदान केंद्र पर पड़े वोटों का आधिकारिक ब्योरा दर्ज करता है। निर्वाचन क्षेत्र के अंतिम नतीजे तैयार करने में इसकी अहम भूमिका होती है। फॉर्म में मतदान केंद्र का नंबर, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र, पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या, डाले गए वोटों की संख्या और हर उम्मीदवार को मिले वोटों का ब्योरा होता है।
इस पर मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी के साथ-साथ वहां मौजूद उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी होते हैं। ये प्रतिनिधि मतगणना की प्रक्रिया के गवाह होते हैं।
इस तरह फॉर्म 45 पाकिस्तान में चुनावी नतीजों का सबसे बुनियादी रिकॉर्ड है। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कानून के तहत मतदान केंद्रों पर इसकी प्रतियां सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना जरूरी है।
फॉर्म 47 में क्या दर्ज होता है?
मतदान पूरा होने और मतदान केंद्र पर वोटों की गिनती के बाद पीठासीन अधिकारी फॉर्म 45 भरता है और उसे निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को सौंपता है।
इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों से मिले फॉर्म 45 के आंकड़ों को इकट्ठा करता है और उनका मिलान करके नतीजे तैयार करता है।
अंतिम नतीजों की आधिकारिक पुष्टि होने से पहले निर्वाचन क्षेत्र के शुरुआती नतीजों का ब्योरा फॉर्म 47 में दर्ज किया जाता है। इसमें निर्वाचन क्षेत्र में पड़े कुल वोटों, प्रत्येक उम्मीदवार को मिले वोटों और रद्द या अमान्य घोषित किए गए वोटों की संख्या शामिल होती है। यह फॉर्म सभी मतदान केंद्रों के फॉर्म 45 से मिले आंकड़ों को जोड़कर तैयार किया जाता है।
इसके बाद फॉर्म 48 और फॉर्म 49 के जरिये वोटों की पूरी और अंतिम गणना प्रकाशित की जाती है। ये चुनावी नतीजों की आधिकारिक घोषणा के दस्तावेज होते हैं।
फॉर्म 45 और फॉर्म 47 के आंकड़ों में अंतर से कैसे शुरू हुआ विवाद?
पाकिस्तान के 2024 के चुनावों में इन दोनों फॉर्म के आंकड़ों को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। मतदान की रात आई कई खबरों में दावा किया गया कि पीठासीन अधिकारियों ने उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को फॉर्म 45 देने से इनकार कर दिया। पीटीआई ने भी शिकायत की कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी उसके मतदान प्रतिनिधियों को ये फॉर्म नहीं दिए गए।
पाकिस्तानी अखबार पाकिस्तान टुडे के मुताबिक, पार्टी ने आशंका जताई कि ऐसा “नतीजों में हेरफेर करने की दुर्भावनापूर्ण साजिश” के तहत किया जा रहा है। बाद में पीटीआई ने दावा किया कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में फॉर्म 47 में दर्ज वोटों की संख्या और फॉर्म 45 में दिए गए मतदान केंद्रवार आंकड़ों के बीच बड़ा अंतर था।
11 फरवरी, 2024 को पीटीआई के महासचिव उमर अयूब ने आरोप लगाया कि नेशनल असेंबली की 18 सीटों के फॉर्म 47 में दर्ज शुरुआती नतीजों को गलत तरीके से बदल दिया गया था।
इमरान खान ने एक बयान में जीत का दावा करते हुए कहा था कि फॉर्म 45 के मुताबिक पीटीआई ने 170 सीटें जीती थीं। हालांकि, फॉर्म 47 के अनुसार पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों को केवल 92 सीटें मिली थीं। इसकी वजह यह थी कि अदालत के एक आदेश के बाद पीटीआई को अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था और उसके उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे थे।
भले ही पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सबसे बड़े समूह के रूप में उभरे, लेकिन उन्हें बहुमत नहीं मिला। इसके बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने गठबंधन सरकार बनाई। पीएमएल-एन के शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री बने।
पाकिस्तान की राजनीति में लंबे समय से सेना की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इस बार भी माना गया कि सेना ने नई सरकार के गठन का समर्थन किया। इससे चुनाव में धांधली और जनादेश के साथ छेड़छाड़ के आरोपों को और हवा मिली।
भारत पाकिस्तान को ‘फॉर्म 47 की सरकार’ क्यों कहता है?
भारत अब पाकिस्तान की सरकार की आलोचना करने के लिए ‘फॉर्म 47 की सरकार’ शब्द का इस्तेमाल करता है। भारत का तर्क है कि जिस सरकार के गठन पर ही चुनावी धांधली और जनादेश में हेरफेर के आरोप लगे हों, उसे भारत के आंतरिक मामलों पर सवाल उठाने का नैतिक आधार नहीं है।
भारत पाकिस्तान से कहता रहा है कि दूसरे देशों के मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय उसे पहले अपनी राजनीतिक और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
यह भी पढ़ें-पाकिस्तानी जहाज ने कैसे तोड़ा 1991 का समझौता? जानिए क्या कहता है आर्टिकल 10
भारत ने मंगलवार (15 सितंबर) को एक पाकिस्तानी जहाज के भारतीय नौसेना के जहाज से टकराने के बाद नई दिल्ली में पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को (हाई कमिश्नर की अनुपस्थिति में शीर्ष राजनयिक) “अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण” को लेकर तलब किया। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
