बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि राज्य के जो लोग आर्थिक रुप से संपन्न हैं और आयकर भरते हैं, उन्हें राज्य के विकास में मदद करने के लिए ‘मुफ्त बिजली का लाभ नहीं लेना चाहिए।

सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित दो दिवसीय ‘पाटलिपुत्र नेशनल यूथ पार्लियामेंट-2.0’ को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल बिहार सरकार बिजली सब्सिडी पर करोड़ों रुपये खर्च करती है। अगर संपन्न नागरिक अपनी मर्जी से यह लाभ लेना छोड़ दें, तो राज्य को राजस्व की बचत हो सकती है।

सीएम सम्राट चौधरी के इस बयान के बाद मुफ्त में सुविधाएँ देने की राजनीति पर बहस शुरू हो गयी है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि बिहार राज्य में कितने आयकर दाता हैं और उनके द्वारा मुफ्त बिजली योजना का स्वेच्छा से त्याग कर देने से राज्य सरकार को कितना लाभ होगा।

बिहार में किसे और कितनी बिजली मुफ्त मिलती है?

जुलाई 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना’ की घोषणा की थी। इसके तहत राज्य के हर घरेलू बिजली उपभोक्ता को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला किया गया। यह योजना एक अगस्त से लागू हुई। इसके तहत हर आर्थिक वर्ग के घरेलू उपभोक्ता को मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। 125 यूनिट से अधिक बिजली खर्च होने पर अतिरिक्त युनिट का बिजली बिल मानक दर से देना होता है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में लगभग 1 करोड़ 90 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। इन घरेलू उपभोक्ताओं को सब्सिड़ी देने पर राज्य सरकार हर साल लगभग 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जिसमें हर घर पर सालाना 8-10 हजार रुपये का खर्च आता है।

बिहार में कितने लोग आयकर देते हैं?

साल 2011 की जनगणना के अनुसार बिहार की जनसंख्या लगभग 10.4 करोड़ थी। कोरोना महामारी के कारण 2021 में जनगणना नहीं हुई। एक अनुमान के मुताबिक राज्य की वर्तमान जनसंख्या करीब 13 करोड़ होगी। वित्त वर्ष 2025-26 के अनुसार बिहार में 22.36 लाख लोगों ने इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल किया था। यह संख्या कुल अनुमानित आबादी का लगभग 1.95 प्रतिशत है। इसमें से लगभग 16.75 लाख लोगों की आमदनी आयकर की सीमा में नहीं आती।

आयकर अधिनियम के अनुसार 12 लाख रुपये तक की सालाना आमदनी कर मुक्त है। इसके अलावा सरकार नए टैक्स रेजिम में 75 हजार रुपये की और ओल्ड टैक्स रेजिम में 50 हजार रुपये का स्टैंडर्ड डिडक्शन (मानक छूट) भी देती है। यानी व्यक्ति की कुल वार्षिक आय से 75 हजार या 50 हजार रुपये घटाकर आयकर की गणना की जाती है। मानक छूट के बाद भी जिनकी आय 12 लाख रुपये सालाना से ज्यादा होती है उन्हें अपने टैक्स स्लैब के अनुसार कर देना होता है।

पिछले वित्त वर्ष में बिहार के केवल 5.60 लाख लोगों ने आयकर दिया। यानी बिहार की कुल आबादी में से केवल 0.43 प्रतिशत आबादी ही इनकम टैक्स देती है। वित्त वर्ष 2025-26 में बिहार राज्य को आयकर से करीब आठ हजार करोड़ रुपये मिले थे।

सीएम सम्राट चौधरी शायद इन्हीं 5.60 लाख लोगों से ‘मुफ्त बिजली’ योजना को स्वेच्छा से छोड़ने की अपील कर रहे होंगे।

सम्राट चौधरी की अपील का कितना असर होगा?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपील का कितना असर होगा यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन आंकड़ो को देखें तो कुल 1.90 करोड़ घरेलू उपभोक्ता है, जबकि आयकर भरने वाली आबादी केवल 5.60 लाख।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि बिहार के आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार राज्य के लोगों की औसत आय 76,490 रुपये है यानी मासिक प्रति व्यक्ति आय केवल 6,374 है। ऐसे में 8000-10000 की वार्षिक सब्सिडी भी बड़ी बात है।

यह भी पढ़ें-‘सख्त कार्रवाई करने के लिए आपको पूरी छूट’, सम्राट चौधरी ने बिहार में नशे के खिलाफ अभियान में अधिकारियों को दी पूरी छूट

बिहार सरकार ने नशे की समस्या से निपटने के लिए महीने भर चलने वाले अभियान की शुरुआत की। यह कदम राज्य में नशीले पदार्थों की बढ़ती बरामदगी और नशे से जुड़े मामलों को देखते हुए उठाया गया है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।