वडोदरा नगर निगम ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान को 978 वर्ग मीटर जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह वही जमीन है, जिस पर कथित अतिक्रमण के मामले में नगर निगम ने युसूफ पठान को दो साल पहले नोटिस दिया था।
नगर निगम की स्थायी समिति ने 23 अक्टूबर की शाम इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। स्थाई समिति के सभी 12 सदस्य भाजपा के पार्षद हैं। अब प्रस्ताव को नगर निगम की सामान्य सभा के सामने रखा जाएगा और उसकी मंजूरी के बाद ही अंतिम मुहर लगेगी। समान्य सभा नगर निगम की सर्वोच्च विधायी और निर्णय लेने वाली संस्था है।
लेकिन इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि सरकार ने खुद साफ कर दिया है कि यूसुफ पठान को जमीन देने के इस फैसले को भविष्य में दूसरे मामलों के लिए मिसाल नहीं माना जाएगा।
गौरतलब है कि गुजरात सरकार यूसुफ पठान को यह जमीन देने का प्रस्ताव 2014 में ही खारिज कर चुकी थी। अब 12 साल बाद उसी मामले में नए सिरे से पहल हुई है।
आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है? किसी व्यक्ति को सरकारी जमीन देने का कानूनी प्रावधान क्या है? और क्या दूसरे खिलाड़ी भी इसी आधार पर जमीन देने की मांग कर सकते हैं?
यूसुफ पठान को कितनी जमीन मिलेगी और किन शर्तों पर?
वडोदरा की टाउन प्लानिंग स्कीम-22 के फाइनल प्लॉट नंबर 90 में 978 वर्ग मीटर जमीन है। यह यूसुफ पठान के बंगले के पास स्थित है। यूसुफ पठान भारत की क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 2024 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था। हालांकि, इस साल मई में पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार जाने और भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्होंने तृणमूल छोड़ दी।
नगर निगम के प्रस्ताव के मुताबिक, कुल 978 वर्ग मीटर जमीन में से 500 वर्ग मीटर यूसुफ पठान को उपहार के रूप में दी जाएगी। बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन उन्हें रियायती दर पर मिलेगी। इसकी कीमत वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण (वुडा) की ओर से तय मूल्य के आधार पर निर्धारित होगी।
सरकार ने प्रस्ताव में साफ लिखा है कि इस फैसले को भविष्य के मामलों में मिसाल नहीं माना जा सकता। लेकिन यहीं से सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है। अगर किसी व्यक्ति को इस तरह जमीन दी जा सकती है, तो दूसरे लोग भी ऐसी मांग क्यों नहीं कर सकते? और अगर यह मामला खास है, तो इसे खास मानने का कानूनी आधार क्या है?
सरकारी जमीन उपहार में देने का कानून क्या कहता है?
शहरी और क्षेत्रीय विकास प्राधिकरणों की जमीन और दूसरी संपत्तियों के आवंटन से जुड़े नियम गुजरात सरकार ने 17 सितंबर, 2002 को अधिसूचित किए थे। इन्हें शहरी/क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (जमीन और दूसरी संपत्तियों का निपटारा) विनियम, 2002 कहा जाता है।
इन नियमों के विनियम 3(1) में जमीन देने के तीन तरीके बताए गए हैं। पहला, जमीन को बेचा जा सकता है। दूसरा, अधिकतम 99 साल की लीज पर दिया जा सकता है, जिसके बदले प्रीमियम या किराया अथवा दोनों लिए जा सकते हैं। तीसरा, जमीन के विकास का अधिकार दिया जा सकता है। नियमों में जमीन बेचने, लीज पर देने और विकास का अधिकार देने की व्यवस्था है।
सरकारी अधिकारियों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि नियमों में कुछ संशोधन होने के बाद अब जमीन 99 साल की लीज पर देने के बजाय बेची जाती है।
विनियम 3(2) में यह भी बताया गया है कि जमीन आवंटित करने के लिए किन प्रक्रियाओं का पालन किया जा सकता है। इनमें सार्वजनिक नीलामी, विज्ञापन के जरिये निविदाएं आमंत्रित करना, सरकार और सरकारी संस्थाओं से जुड़े कुछ प्रस्ताव तथा निर्धारित शर्तों के तहत सार्वजनिक विज्ञापन देकर आवेदन मंगाना शामिल हैं।
लेकिन इन नियमों में किसी व्यक्ति को सरकारी जमीन मुफ्त में उपहार देने का प्रावधान नहीं है। यही वजह है कि अधिकारियों ने यूसुफ पठान को जमीन देने के फैसले को अपवाद बताया है। उनका कहना है कि यह आवंटन राज्य सरकार की विवेकाधीन शक्तियों का इस्तेमाल करके किया जा रहा है। सरकार चाहती है कि इस फैसले को आधार बनाकर भविष्य में कोई दूसरा व्यक्ति इसी तरह जमीन देने की मांग न करे।
क्या नियम 13 के तहत पठान को जमीन दी जा सकती है?
नगर निगम के प्रस्ताव में विनियम 13 का भी हवाला दिया गया है। इस नियम का संबंध विशेष मामलों में जमीन, भूखंड या विकास के अधिकार आवंटित करने से है।
नियम के मुताबिक, विकास प्राधिकरण पूरे समाज के फायदे के लिए काम करने वाली संस्थाओं, जैसे धर्मार्थ ट्रस्टों, शैक्षणिक और शोध संस्थानों, सोसायटियों तथा धार्मिक ट्रस्टों से प्रस्ताव ले सकता है। इसमें दिव्यांग लोगों के लिए संस्थान, मूक-बधिर और दृष्टिबाधित लोगों के लिए सुविधाएं, खेल परिसर और इसी तरह की दूसरी जनहितकारी परियोजनाएं शामिल हैं।
ऐसे मामलों में प्राधिकरण को किसी खास संगठन को जमीन देने की सिफारिश के साथ राज्य सरकार से अनुमति लेनी होती है। इसके बाद सरकार का फैसला अंतिम होता है।
इस नियम को ध्यान से देखें तो इसमें किसी व्यक्ति को जमीन उपहार में देने की व्यवस्था नहीं है। यह उन संगठनों और संस्थाओं के लिए है, जो समाज के व्यापक हित में विकास कार्य करना चाहते हैं।
यूसुफ पठान के मामले में वडोदरा नगर निगम ने 2012 में राज्य सरकार से जमीन आवंटित करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन सरकार ने 2014 में इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
अधिकारियों के मुताबिक, वडोदरा नगर निगम के इतिहास में किसी व्यक्ति को जमीन उपहार में देने का यह पहला मामला है।
12 साल पहले खारिज हुआ प्रस्ताव अब क्यों लौटा?
यही सवाल इस पूरे विवाद के केंद्र में है। नागरिकों के समूह विश्वामित्री बचाओ समिति ने 22 अक्टूबर को नगर निगम को एक ज्ञापन सौंपकर इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। समिति का कहना है कि सरकार जिस जमीन को अब यूसुफ पठान को देने जा रही है, उसके लिए उन्होंने 3 मार्च, 2012 को आवेदन किया था। सरकार ने 2014 में इस आवेदन को खारिज कर दिया था।
समिति ने 9 जून, 2014 को जारी सरकारी पत्र का हवाला दिया है। इस पत्र में कहा गया था कि विशेष मामले के तौर पर जमीन आवंटित करने की अनुमति मांगने वाले प्रस्ताव पर विचार करने के बाद उसे खारिज कर दिया गया था।
समिति का तर्क है कि अब मूल आवेदन के 14 साल बाद उसी मांग को नए सिरे से सामने लाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि पहले खारिज हो चुके प्रस्ताव को दोबारा किस आधार पर मंजूरी दी जा रही है।
समिति ने यह भी पूछा है कि नगर निगम ने कथित अतिक्रमण को इतने वर्षों तक क्यों बने रहने दिया। उसका कहना है कि नगर निगम अपने क्षेत्र में दूसरे अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करता रहा है, लेकिन इस मामले में जमीन खाली कराने के लिए वैसी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
समिति के मुताबिक, इतने लंबे अंतराल के बाद जमीन देने का प्रस्ताव लाने से कानूनी समय-सीमा और संविधान में दिए गए समानता के अधिकार से जुड़े सवाल उठते हैं।
जब पठान पहले से बड़े क्रिकेटर थे, तो अब अलग रियायत क्यों?
विश्वामित्री बचाओ समिति का एक और सवाल यह है कि जब सरकार ने 2014 में पठान की मांग खारिज की थी, तब भी वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक जाना-पहचाना नाम थे।
इसके बावजूद सरकार ने उस समय उनकी मांग स्वीकार नहीं की। अब इतने साल बाद उन्हें अलग शर्तों पर जमीन देने का प्रस्ताव क्यों लाया गया है?
पठान ने भारत के लिए अपना आखिरी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टी-20 मैच 2012 में खेला था। हालांकि, वह 2019 तक आईपीएल में खेलते रहे। 2011 से 2017 तक वह कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में थे। इसके बाद 2018 और 2019 के सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले। आईपीएल में उनकी पहली टीम राजस्थान रॉयल्स थी, जिसके लिए वह 2008 से 2010 तक खेले।
समिति की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता शैलेश अमीन ने कहा कि इस फैसले से दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों और खिलाड़ियों के साथ भेदभाव का सवाल उठ सकता है।
शैलेश अमीन ने कहा, “मौजूदा प्रस्ताव से पठान के साथ दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों और खिलाड़ियों के मुकाबले अलग व्यवहार होने का खतरा है। दूसरे खिलाड़ी भी ऐसी ही रियायत मांगना चाहेंगे, लेकिन सरकार ने पहले ही कह दिया है कि इस फैसले को मिसाल नहीं माना जा सकता।”
वकील ने आगे कहा, “वडोदरा में कई क्रिकेटर हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। यहां अर्जुन पुरस्कार पाने वाले चार खिलाड़ी भी हैं। फिर किसी और को ऐसा उपहार क्यों नहीं दिया गया? क्या सरकार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के तीनों प्रारूपों में खेलने वाली यास्तिका भाटिया और पुरुष टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी भूखंड उपहार में देने पर विचार करेगी?”
समिति का कहना है कि इस फैसले के तहत करोड़ों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति रियायत के रूप में दी जा रही है। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि पहले खारिज की गई मांग को अब अलग नजरिए से क्यों देखा जा रहा है।
दूसरी जमीन मिलने से पहले नगर निगम अपनी जमीन क्यों छोड़े?
विवाद का एक और पहलू यह है कि राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने नगर निगम को भरोसा दिया है कि दी जा रही जमीन के बराबर मूल्य की दूसरी जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
विश्वामित्री बचाओ समिति ने इस आश्वासन पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि नगर निगम को अपनी जमीन केवल इस भरोसे पर नहीं छोड़नी चाहिए कि बाद में उसे दूसरी जमीन मिल जाएगी।
समिति का तर्क है कि जब तक नगर निगम को बदले में दी जाने वाली जमीन वास्तव में नहीं मिल जाती, तब तक उसे अपनी जमीन का हस्तांतरण नहीं करना चाहिए।
इस मामले में सवाल सिर्फ यूसुफ पठान को जमीन देने का नहीं है। इसके साथ सरकारी संपत्ति के इस्तेमाल, कानून में तय प्रक्रिया, समानता के अधिकार और पहले खारिज हो चुके प्रस्ताव को दोबारा मंजूरी देने के आधार जैसे कई मुद्दे जुड़े हैं। सरकार ने इसे अपवाद बताया है, लेकिन विरोध कर रहे समूह का सवाल है कि जब नियमों में किसी व्यक्ति को सरकारी जमीन उपहार में देने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, तो इस फैसले को किस आधार पर सही ठहराया जा सकता है?
यह भी पढ़ें-गरबा की कहानीः गांवों के आंगन से करोड़ों के कारोबार तक, कैसे बदला गुजरात के गरबा का रूप? EXPLAINED
रविवार से नवरात्रि की शुरुआत हो गई। गुजरात में इस दौरान लोग खुले मैदानों में गरबा नृत्य कर मां अंबे का स्वागत करते हैं। राज्य सरकार ने इस साल उत्सव खत्म करने के समय को लेकर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
