04 अक्टूबर को गंभीर रूप से संकटग्रस्त ग्रेट इंडियन बस्टर्ड यानी गोडावण के संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। पहली बार कैद में पाले गए दो नर गोडावण को राजस्थान के जैसलमेर शहर के पास डेजर्ट नेशनल पार्क में में छोड़ा गया।

यह प्रयोग कैद में पैदा हुए और पले-बढ़े गोडावण को दोबारा जंगल में बसाने की दिशा में पहला कदम है। इसे ‘रीवाइल्डिंग’ कहा जाता है। यह काम केंद्र सरकार, भारतीय वन्यजीव संस्थान और राजस्थान व गुजरात सरकारें मिलकर चला रहे ‘प्रोजेक्ट गोडावण’ का हिस्सा है।

गोडावण क्या है?

ग्रेट इंडियन बस्टर्ड यानी गोडावण एक बड़ा पक्षी है, जो जमीन पर रहना पसंद करता है। यह भारत के घास के मैदानों, खुले मैदानी इलाकों और रेगिस्तानी क्षेत्रों में पाया जाता है।

19वीं सदी के अंत और 20वीं सदी की शुरुआत तक यह पक्षी देश के 11 राज्यों में पाया जाता था। इसका इलाका उत्तर में हरियाणा से लेकर दक्षिण में तमिलनाडु तक और पश्चिम में राजस्थान से लेकर पूर्व में ओडिशा तक फैला था। लेकिन कई वजहों से इसकी संख्या लगातार घटती गई। इनमें शिकार, अंडों की चोरी, खुले प्राकृतिक इलाकों को धीरे-धीरे खेती और खनन के लिए इस्तेमाल किया जाना और हाल के वर्षों में बिजली की लाइनों से टकराकर होने वाली मौतें प्रमुख हैं।

गोडावण की नजर सामने की ओर बहुत अच्छी नहीं होती। इसके अलावा इसका शरीर भारी होता है। इसलिए इसे बिजली की लाइनों जैसी संरचनाओं को समय रहते देखना और उनसे बचना मुश्किल होता है।

गोडावण की आबादी बढ़ाने के लिए क्या हो रहा है?

1970 के दशक की शुरुआत में देश में करीब 1,260 से 1,400 गोडावण होने का अनुमान था। अब जंगल में इनकी संख्या घटकर करीब 150 रह गई है। इनमें लगभग 130 गोडावण राजस्थान में हैं। बाकी गोडावण गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पाए जाते हैं। इन राज्यों में भी इनके स्थानीय स्तर पर पूरी तरह खत्म होने का खतरा बना हुआ है।

गोडावण की संख्या घटने से रोकने के लिए केंद्र और राजस्थान सरकार ने 2012-13 में गोडावण और लेसर फ्लोरिकन के संरक्षण के लिए एक लंबी अवधि की परियोजना शुरू की थी। 2014 से इस काम को आगे बढ़ाते हुए संरक्षण के लिए गोडावण के प्रजनन कार्यक्रम को आर्थिक मदद दी जाने लगी।

2019 से डेजर्ट नेशनल पार्क और उसके आसपास के इलाकों से जंगली गोडावण के अंडे इकट्ठा किए जाने लगे। इन्हें राजस्थान के सम और रामदेवरा स्थित दो केंद्रों में कृत्रिम तरीके से सेया गया और उनकी देखभाल की गई।

इन केंद्रों में पाले गए गोडावण ने आपस में प्रजनन किया और अब तक 98 बच्चे पैदा हो चुके हैं। इनमें से दो गोडावण को रविवार को जंगल में छोड़ा गया। इसके अलावा 11 और गोडावण को जंगल में छोड़ने के लिए तैयार किया गया है। बाकी पक्षियों को इन केंद्रों में ही रखा गया है, ताकि वे आगे प्रजनन कर सकें।

जंगल में दोबारा बसाने की प्रक्रिया क्या है?

गोडावण को जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले रामदेवरा केंद्र में एक विशेष जगह बनाई गई। इसके अलावा भारतीय वन्यजीव संस्थान ने डेजर्ट नेशनल पार्क के अंदर पक्षियों को धीरे-धीरे जंगल के माहौल में ढालने के लिए एक अलग व्यवस्था तैयार की।

अब तक इंसानों के बीच पले गोडावण को सीधे जंगल में नहीं छोड़ा गया। इसके बजाय तीन से चार महीने की उम्र के बच्चों को इन जगहों पर रखा गया, ताकि वे खुले में घूम सकें और धीरे-धीरे प्राकृतिक वातावरण के आदी हो सकें। इस दौरान उन्हें इंसानों की आदत न पड़े, इसका भी ध्यान रखा गया।

परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों ने बताया कि इन पक्षियों के शरीर पर निगरानी के लिए विशेष उपकरण लगाए गए हैं। ये उपकरण दिन में तीन बार उनकी जगह और उनके आने-जाने की जानकारी भेजेंगे। इसके अलावा टीमें दूर से भी इन पक्षियों पर नजर रखेंगी।

लंबे समय में गोडावण की संख्या बढ़ाने में क्या चुनौतियां हैं?

गोडावण को फिर से जंगल में बसाने की शुरुआत बेहद अहम है, लेकिन यह आसान प्रयोग नहीं है। जंगल में छोड़े गए पक्षियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती जिंदा रहने की होगी। डेजर्ट नेशनल पार्क के अंदर ऐसे इलाकों को चुना गया है, जहां घास के मैदान हैं और इंसानी गतिविधियों या तकनीकी ढांचे का दखल कम है।

अभी यह प्रयोग राजस्थान में किया जा रहा है। लेकिन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे उन राज्यों में भी इसी तरह के प्रयोग करने होंगे, जहां कभी गोडावण पाए जाते थे। हालांकि इसके लिए पहले वहां के प्राकृतिक इलाकों को बेहतर बनाना जरूरी होगा।

भारतीय वन्यजीव संस्थान के निदेशक गोबिंद सागर भारद्वाज ने कहा कि राजस्थान के अनुभव से सीख ली जा सकती है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है तो गुजरात में भी ऐसा प्रयोग किया जा सकता है। लेकिन राजस्थान के बाहर गोडावण की संख्या बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है कि घास के मैदानों को फिर से बेहतर बनाया जाए और उनकी रक्षा की जाए।

भारत के अलग-अलग राज्यों में जंगलों की तुलना में घास के मैदानों की रक्षा हमेशा मुश्किल रही है। आम तौर पर लोगों की नजर में इन्हें जंगल की तरह संरक्षित क्षेत्र नहीं माना जाता।

भारद्वाज के मुताबिक, इसी वजह से घास के मैदानों का इस्तेमाल दूसरी गतिविधियों के लिए किए जाने और उनके खराब होने का खतरा बना रहता है। इसका असर उन चरवाहों और पशुपालकों की रोजी-रोटी पर भी पड़ता है, जो इन इलाकों पर निर्भर रहते हैं।

घास के मैदानों में पेड़ लगाना भी बन सकता है खतरा

भारत के प्रमुख गोडावण विशेषज्ञों में शामिल और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के पूर्व निदेशक असद रहमानी ने 2008 में संस्था की चर्चित पत्रिका ‘हॉर्नबिल’ में घास के मैदानों में पेड़ लगाने के अभियान पर सवाल उठाए थे।

रहमानी ने लिखा था कि घास के मैदानों के लिए सबसे बड़ा खतरा हमेशा चरवाहों से नहीं होता, बल्कि वन विभाग से भी हो सकता है। उनके मुताबिक, वन विभाग के अधिकारी कई बार हर घास के मैदान और यहां तक कि आर्द्रभूमि को भी जंगल में बदलने को अपना काम मानते हैं।

विशेषज्ञ ने बताया था कि गुजरात से लेकर आंध्र प्रदेश तक ऐसे मामले सामने आए, जहां वन अधिकारियों ने गोडावण के प्राकृतिक इलाकों को बेहतर बनाने के नाम पर वहां पेड़ लगाए या पानी के छोटे स्रोत बनाए।

गोडावण को फिर से बसाने में क्या खतरे हैं?

सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात और राजस्थान में गोडावण एवं उसके आवास की सुरक्षा के लिए कई आदेश दिए थे। अदालत ने गोडावण के लिए कुछ इलाकों को ‘प्राथमिक क्षेत्र’ के रूप में चिन्हित किया। राजस्थान में ऐसे क्षेत्र का दायरा 14,013 वर्ग किलोमीटर और गुजरात में 740 वर्ग किलोमीटर है।

अदालत ने यह भी आदेश दिया कि राजस्थान में 80 किलोमीटर लंबी बिजली की लाइनों को जमीन के नीचे बिछाया जाए। यह काम 2027 से 2028 के बीच पूरा किया जाना है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर बिजली की लाइनों को जल्द जमीन के नीचे नहीं किया गया तो गोडावण को जंगल में दोबारा बसाने की कोशिश लंबे समय तक सफल नहीं रह पाएगी।

एक और बड़ी समस्या चूना पत्थर का खनन है। इससे गोडावण के लिए रहने योग्य आवास को नुकसान पहुंच सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने खनन को लेकर कोई खास आदेश नहीं दिया था। वहीं डेजर्ट नेशनल पार्क के उत्तरी हिस्से में खनन की गतिविधियां प्रस्तावित हैं। यही वह क्षेत्र है जहां गोडावण को जंगल में छोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें-पीपल बाबा की प्रेरक कहानी, आम लोगों के सहयोग से लगाए 2.5 करोड़ से ज्यादा पेड़, छात्रों के लिए पर्यावरण संरक्षण की बड़ी सीख

आज जब दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है, ऐसे समय में एक व्यक्ति ने अपने संकल्प और आम लोगों के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण की ऐसी मिसाल पेश की है, जो हर छात्र और युवा के लिए प्रेरणा बन सकती है। पूरी कहानी के लिए यहाँ क्लिक करें।