फ्रांस के सैकड़ों स्कूलों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच देश के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे ने सोमवार से हाई स्कूल के छात्रों की राय जानने के लिए एक कार्यक्रम शुरू करने और जल्द से जल्द अधिक शिक्षकों की भर्ती के लिए योजना बनाने का ऐलान किया है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्कूलों के रास्ते रोक दिए हैं, कूड़ेदानों में आग लगाई है और कुछ जगहों पर फर्नीचर, दरवाजे और खिड़कियां भी तोड़ दी हैं। फ्रांसीसी अधिकारियों के मुताबिक, करीब 40 स्कूलों में हुई तोड़फोड़ से लगभग 30 लाख यूरो (करीब 32.5 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। हाई स्कूल के छात्रों की प्रमुख शिकायतों में से एक यह है कि एक कक्षा में 40 तक छात्र होते हैं।

यह विरोध अब राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। राष्ट्रपति चुनाव में करीब छह महीने का समय बचा है और छात्रों की शिकायतें समाज के दूसरे वर्गों की नाराजगी से भी जुड़ती जा रही हैं। मंगलवार को अलग-अलग यूनियनों ने भी छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।

फ्रांस में छात्रों के विरोध का कितना बड़ा असर है?

विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत 17 सितंबर को पेरिस के उपनगर क्रेतेई के सेंट-एक्जूपेरी हाई स्कूल से हुई थी। यहां छात्र शिक्षकों के साथ स्कूलों में कर्मचारियों और संसाधनों की कमी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद यह आंदोलन तेजी से पेरिस क्षेत्र के दूसरे इलाकों और फिर मार्सेई, स्ट्रासबर्ग, टूर्स और लिली जैसे शहरों तक फैल गया।

प्रदर्शनों में धीरे-धीरे आगजनी, चीजें फेंकने और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं बढ़ने लगीं। कुछ जगहों पर कूड़ेदानों और दूसरी वस्तुओं में आग लगा दी गई, जबकि पुलिस ने आंसू गैस और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया।

शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 65 शिक्षा कर्मचारियों को चोट लगी है, जिनमें स्कूलों के 40 प्रधानाचार्य शामिल हैं। कई छात्र भी घायल हुए हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार, सोमवार से अब तक 4,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सरकार ने कहा है कि छात्रों की शिकायतें जायज हैं, लेकिन हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। वहीं, छात्रों ने पुलिस पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है।

प्रदर्शन कर रहे छात्र क्या चाहते हैं?

छात्रों की मुख्य शिकायतें कक्षाओं में अधिक भीड़, शिक्षकों की कमी, कुछ स्कूलों में नर्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं की अनुपलब्धता और जर्जर स्कूल भवनों से जुड़ी हैं। असमानता भी एक बड़ी वजह है। गरीब इलाकों में रहने वाले छात्रों का कहना है कि उनके इलाके में रहने का असर उनकी शिक्षा पर पड़ रहा है।

फ्रांसीसी सरकार द्वारा इस साल अप्रैल में जारी शिक्षा संबंधी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘2024-25 के शैक्षणिक सत्र के दौरान सरकारी माध्यमिक स्कूलों में पढ़ाई के 9.8 प्रतिशत घंटे नहीं हो पाए। इनमें 7.5 प्रतिशत घंटे अनुपस्थित शिक्षकों की जगह किसी दूसरे शिक्षक की व्यवस्था नहीं होने के कारण और 2.3 प्रतिशत घंटे स्कूल पूरी तरह बंद रहने के कारण नहीं हो सके।’

कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया है कि एक कक्षा में 40 छात्र तक बैठते हैं, जबकि फ्रांस के हाई स्कूलों में एक कक्षा में छात्रों की औसत संख्या करीब 30 है।

स्कूल में बिताए जाने वाले लंबे समय को लेकर भी छात्र शिकायत कर रहे हैं। फ्रांस में हाई स्कूल का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक हो सकता है। बीच में दोपहर के खाने का अवकाश होता है। कई छात्रों का कहना है कि स्कूल का यह समय बहुत लंबा है।

इस साल की शुरुआत में फ्रांस में पड़ी भीषण गर्मी ने समस्या को और बढ़ा दिया। छात्रों ने शिकायत की कि उन्हें 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले कमरों में परीक्षाएं देनी पड़ीं। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि मई और जून में गर्मी के दौरान कक्षाओं में बैठना बेहद मुश्किल हो गया था।

फ्रांस के सरकारी स्कूलों में अक्सर एयर कंडीशनर नहीं होते। इनमें से कई स्कूल इस तरह बनाए गए हैं कि गर्मी अंदर बनी रहे, बाहर न निकले। ऐसे में जिन बच्चों को इतनी गर्मी की आदत नहीं है, उनके लिए बिना हवा वाली कक्षाओं में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में बैठना बेहद मुश्किल हो सकता है।

फ्रांस के स्कूलों में हो रहे विरोध के पीछे राजनीतिक पहलू क्या है?

कई स्कूलों में शिक्षक छात्रों के साथ मिलकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन कुछ जगहों पर स्कूल कर्मचारियों ने कहा है कि प्रदर्शन करने वाले उनके स्कूल के छात्र नहीं हैं।

विरोध प्रदर्शनों का बढ़ता आकार, हिंसा की घटनाएं और कुछ प्रदर्शनों में फिलिस्तीन और अल्जीरिया के झंडे दिखाई देने के कारण दक्षिणपंथी और यहां तक कि मध्यमार्गी राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि वामपंथी पार्टी फ्रांस अनबाउंड (एलएफआई) इन प्रदर्शनों में भूमिका निभा रही है।

फ्रांस में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मध्यमार्गी सरकार पर दक्षिणपंथ और वामपंथ दोनों ओर से पहले से कहीं ज्यादा दबाव है। एक तरफ प्रवासन और पहचान की राजनीति के मुद्दे हैं, तो दूसरी तरफ बढ़ती असमानता और सरकार की ओर से खर्च में कटौती को लेकर नाराजगी है।

मरीन ले पेन की दक्षिणपंथी पार्टी नेशनल रैली का समर्थन बढ़ा है। वहीं, एलएफआई के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ज्यां-ल्यूक मेलोंशों युवाओं के बीच लोकप्रिय हैं। हालांकि, फ्रांस के युवा बड़ी संख्या में अक्सर मतदान करने नहीं पहुंचते। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि एलएफआई हाई स्कूल के छात्रों के विरोध को हवा देकर युवाओं को अपने साथ जोड़ने और अगले साल उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने की कोशिश कर रही है।

सरकार के लिए स्थिति मुश्किल है। 2027 के बजट में शिक्षा पर खर्च 1.7 प्रतिशत बढ़ाकर 65.53 अरब यूरो किए जाने का प्रस्ताव है। इसमें शिक्षकों की पेंशन शामिल नहीं है। यह बढ़ोतरी महंगाई की दर से कम है। ऐसे में सरकार के सामने छात्रों की मांगों को पूरा करने और सरकारी खर्च में कटौती के अपने कार्यक्रम पर कायम रहने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।

यह भी पढ़ें-क्या एआई ने लिखी है फ्रांसीसी भाषा की मशहूर किताब, क्या है थेलसीन ओरेलियन से जुड़ा विवाद?

हैती और कनाडाई मूल के लेखक थेलीसन ओरेलियन (38) ने जिस दिन अपने उपन्यास सिते सा ओऊ मूहीर (It Was Either That or Die) के लिए 2026 का प्रसिद्ध प्रिक्स डु रोमन फनाक पुरस्कार जीता, उसी दिन सोशल मीडिया पर उन पर आरोप लगने लगे कि उन्होंने उपन्यास लिखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया है। विवाद के कारण प्रतिष्ठित फ्रांसीसी पुरस्कार की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने लगे। पूरी कहानी के लिए यहाँ क्लिक करें।