राजस्थान में EWS आरक्षण में सरलीकरण को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी “EWS सरलीकरण यात्रा” निकाल रहे हैं। इस यात्रा के जरिए EWS आरक्षण के प्रावधानों को कई अहम बदलावों की मांग की जा रही है। यह यात्रा ऐसे वक्त में हो रही है, जब पहले ही यूजीसी के नियमों, जातिगत आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों में बदलावों को राजपूत करनी सेना आंदोलन कर रही है, जिसे सामान्य वर्ग के लोगों का काफी समर्थन भी देखने को मिला है।
सरलीकरण की मांगों के बारे में समझने से पहले यह जानना जरूरी है कि EWS आरक्षण क्या है? साल 2019 केंद्र की मोदी सरकार सामान्य वर्ग के गरीब लोगों को आरक्षण का लाभ देने के उद्देश्य से EWS का प्रावधान लाई थी। इसका आरक्षण का फायदा आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को मिलता है। इसे संविधान के 103वें संशोधन के जरिए लागू किया गया था। इसके तहत शिक्षण संस्थानों और सरकारी नौकरियों में 10% आरक्षण का प्रावधान है। इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे पूर्णतया वैधानिक बताया था।
EWS सरलीकरण की प्रमुख मांग
1- ज़मीन और संपत्ति के नियमों में बदलाव
मौजूदा समस्या: अभी केवल ज़मीन के आकार (कितनी बीघा या एकड़ है) के आधार पर तय कर लिया जाता है कि व्यक्ति अमीर है या गरीब। राजस्थान जैसे रेगिस्तानी या बंजर इलाकों में ज़मीन का आकार बड़ा होने के बावजूद उसकी बाज़ार में कीमत और पैदावार न के बराबर होती है, जिससे गरीब किसान EWS का फायदा उठाने से वंचित रह जाते हैं।
प्रमुख मांग: ज़मीन के सिर्फ आकार के बजाय उसकी असली बाज़ार कीमत और उपजाऊ क्षमता को देखकर आर्थिक स्थिति तय की जाए।
2- आरक्षण की सीमा 10% से बढ़ाकर 30% करना
प्रमुख मांग: सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों की संख्या को देखते हुए EWS आरक्षण के मौजूदा दायरे को 10% से बढ़ाकर 30% किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ज़रूरतमंद युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
3- सभी प्रमुख सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में EWS लागू करना
प्रमुख मांग: आर्मी पब्लिक स्कूल, सैनिक स्कूल, नवोदय विद्यालय और अन्य सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों/संस्थानों में भी EWS वर्ग के बच्चों के लिए दाखिले का प्रावधान अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।
4- पंचायत और नगर निकायों के चुनावों में 10% आरक्षण
प्रमुख मांग: EWS वर्ग को केवल नौकरियों और पढ़ाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पंचायती राज (ग्राम पंचायत, जिला परिषद) और शहरी निकायों (नगर निगम, नगर पालिका) के स्थानीय चुनावों में भी 10% आरक्षण तय किया जाए ताकि उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
5- EWS प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया का सरलीकरण
मौजूदा समस्या: परिवार की कुल आय, संपत्ति की गणना और विशेष रूप से विवाहित महिलाओं की आय की गणना (मायके की आय जोड़ी जाए या ससुराल की) से जुड़े नियम बहुत जटिल हैं। इसके कारण युवाओं को सरकारी दफ़्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
प्रमुख मांग: आय और संपत्ति के नियमों को बेहद सरल और पारदर्शी बनाया जाए ताकि प्रमाण पत्र बिना किसी कागज़ी उलझन के आसानी से बन सके।
EWS के सरलीकरण को लेकर रविंद्र सिंह भाटी सक्रिय
राजस्थान में EWS आरक्षण में सरलीकरण की चर्चा पिछले लगभग दो साल से काफी तेज हुई है। अप्रैल 2024 में राजस्थान की राजधानी जयपुर में युवा शक्ति संयोजन संगठन में पिंक सिटी प्रेस क्लब में EWS आरक्षण प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की थी। संगठन के संयोजक शक्ति सिंह बांदीकुई ने EWS आरक्षण को सामान्य वर्ग के आधा न्याय बताया था। उनका कहना था कि इसके प्रावधानों मे बड़े स्तर पर सुधार करने की आवश्यकता है।
2024 से शुरू हुई वो चर्चा का असर यह है कि वर्तमान दौर में EWS सरलीकरण की मांग तेजी से उठ रही है। अब इस मांग को मजबूती से उठाने के लिए राजस्थान विधानसभा के तहत शिव सीट से विधायक रविंद्र सिंह भाटी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण के नियमों में बदलाव और सरलीकरण की मांग को लेकर अभियान चला रहे हैं। वे इसके लिए EWS सरलीकरण यात्रा निकाल रहे हैं।
राजस्थान में निकाल रहे ‘EWS सरलीकरण यात्रा’
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आरक्षण के नियमों में बदलाव और सरलीकरण को लेकर राज्यस्तरीय “EWS सरलीकरण यात्रा” निकाल रहे हैं। इसके तहत बीकानेर, नागौर और श्रीडूंगरगढ़ सहित कई जिलों के दौरों के दौरान उन्होंने जनता को संबोधित किया और मुखरता के साथ अपना पक्ष रखा है।
रविंद्र सिंह भाटी ने कहा, “जमीन का मूल्यांकन केवल उसके आकार या एकड़ (रकबे) से नहीं किया जाना चाहिए। जमीन की उत्पादकता, सिंचाई की सुविधाएं, बाजार मूल्य और उसकी वास्तविक आर्थिक उपयोगिता को ध्यान में रखकर ही पात्रता तय होनी चाहिए। थार और ग्रामीण इलाकों में बंजर जमीन होने के कारण कई जरूरतमंद और गरीब युवा EWS के लाभ से वंचित हो रहे हैं।”
गिनाई शर्तों की पेचीदगियां
निर्दलीय विधायक रविंद्र भाटी ने कहा है कि EWS आरक्षण में संपत्ति और जमीन से जुड़ी पेचीदा शर्तों को हटाकर केवल पारिवारिक आय को आधार बनाया जाना चाहिए। केंद्र सरकार को इसके लिए गुजरात मॉडल का अध्ययन करना चाहिए और पूरे देश व राजस्थान में नियमों का सरलीकरण करना चाहिए।
इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर लोगों को इस सुविधा का लाभ लेने में काफी समस्या आती है, जिसके चलते विधायक काफी आक्रामक नजर आए हैं। उन्होंने कहा, “प्रशासन अब कठपुतली बनकर काम करना बंद करे। अधिकारियों को युवाओं और छात्रों के हक में पारदर्शी तरीके से काम करना होगा। कागजी अड़चनों और लेटलतीफी के कारण अगर युवाओं का भविष्य खराब हुआ तो सड़क से लेकर विधानसभा तक कड़ा विरोध होगा।”
यह भी पढ़ें: संभल केसः क्या पुलिस के सामने दिए गए बयान के आधार पर एनएसए के तहत हिरासत में रखा जा सकता है, कोर्ट ने क्या कहा? EXPLAINED
उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को 2024 में संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के आरोपी मुल्ला अफरोज की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत की गई हिरासत रद्द कर दी। न्यायालय ने कहा कि हिरासत में रखने के लिए जिन सबूतों और तथ्यों पर भरोसा किया गया, वे रिकॉर्ड में स्पष्ट रूप से मौजूद नहीं थे। पढ़िए पूरी खबर…
