देश में बिजली बनाने का तरीका बदल रहा है। कोयले पर निर्भरता कम कर सौर और पवन ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। हालांकि झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा जैसे राज्यों के लिए यह बदलाव आसान नहीं है। यहां लाखों लोगों का रोजगार और सरकार की कमाई कोयले पर निर्भर है। ऐसे में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते भारत में इन राज्यों की अर्थव्यवस्था का भी सवाल अहम हो गया है।

भारत का लक्ष्य: भारत ने 2070 तक ‘नेट-जीरो’ का लक्ष्य रखा है और बिजली क्षेत्र में बिना कोयले या तेल वाले ऊर्जा स्रोतों को बढ़ाने के लिए बहुत तेजी से काम किया है। अक्टूबर में, भारत की बिजली क्षमता 500 गीगावाट से अधिक हो गई, जिसमें आधे से ज्यादा हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा का है।

भारत की बढ़ती क्षमता की खबरें आम हैं। लेकिन केवल क्षमता बढ़ाने से बिजली मिलने की गारंटी नहीं मिलती, क्योंकि यह ग्रिड की तैयारी, उसे आपस में जोड़ने और बिजली के भंडारण पर निर्भर करता है। कागजी क्षमता और असल में बनने वाली बिजली के बीच एक बड़ा अंतर है: गैर-जीवाश्म ईंधन की 52% स्थापित क्षमता में से, केवल लगभग 29 फीसद ही असल में बिजली पैदा कर पाती है।

आंकड़ों में शामिल नहीं

नवीकरणीय ऊर्जा के आंकड़ों में झारखंड, ओड़ीशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे अधिकांश उत्तरी और पूर्वी कोयला-उत्पादक राज्य शामिल नहीं हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि सौर और पवन ऊर्जा जैसी नवीकरणीय क्षमता राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे कुछ ही राज्यों तक सीमित है।

भारत का ऊर्जा बदलाव कागजों पर तो अच्छा दिखता है, लेकिन इसमें कोयले पर निर्भर राज्यों को नजरअंदाज कर दिया गया है। जिन राज्यों में धूप और हवा से मिलने वाली ऊर्जा अधिक है, वे ज्यादा फायदा उठा रहे हैं। कोयला-निर्भर राज्यों के सामने प्रशासनिक और धन से जुड़ी रुकावटें हैं। बदलाव तभी सफल होगा जब इन राज्यों को भी साथ लिया जाएगा।

कोयला राज्य अहम क्यों?

भारत की 74 फीसद बिजली अभी भी कोयले से बनती है, और बिजली के अलावा यह स्थानीय अर्थव्यवस्था, बड़े पैमाने पर रोजगार और राज्यों की कमाई को भी सहारा देता है। ओड़ीशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के पास मिलकर भारत का 69 फीसद कोयला भंडार है और ये देश का 63 फीसद कोयला पैदा करते हैं।

मध्य प्रदेश को भी मिला लिया जाए, तो राष्ट्रीय कोयला उत्पादन में इन राज्यों की हिस्सेदारी 75 से 80 फीसद हो जाती है। अब इन राज्यों को एक ऐसे बदलाव से गुजरना पड़ रहा है जिसके साथ तालमेल बिठाने के लिए न तो इनके पास साधन हैं, न संसाधन। खदानों पर निर्भर रहने वाले लोग या तो बहुत गरीब हो रहे हैं या सामाजिक और आर्थिक खाई और अधिक चौड़ी होती जा रही है।

बदलाव और जोखिम

जानकारों के अनुसार, ऊर्जा के इस बदलाव से पांच कोयला राज्यों को ज्यादा खतरा है। जिसमें छत्तीसगढ़ का जोखिम बड़ा है। छत्तीसगढ़ के कामगारों और कमाई का जरिया मुख्य रूप से कोयले और अन्य ईंधन की खदानों से जुड़ा है, और इसकी भरपाई के लिए उनके पास सौर/पवन जैसी नवीकरणीय ऊर्जा की संभावना भी बहुत सीमित है।

तटीय राज्य ओड़ीशा जलवायु परिवर्तन के जोखिमों से बहुत ज्यादा प्रभावित है, झारखंड में नवीकरणीय ऊर्जा की क्षमता होने के बावजूद इसके लिए मिलने वाला फंड बिखरा हुआ है। इसका असर इन राज्यों की भविष्य की ऊर्जा सुरक्षा पर भी पड़ेगा।

राज्यों को फायदा पहुंचाने वाले मुख्य राजस्व स्रोत – रायल्टी को तय करने का अधिकार केंद्र के पास है। इसमें जल्द सुधार होने के आसार नजर नहीं आते। इसकी वजह से कुछ राज्यों का वित्तीय घाटा, सरकारी नियमों द्वारा तय तीन फीसद की सीमा को पार कर सकता है।

पार्थ सारथी भट्टाचार्य, कोल इंडिया के पूर्व अध्यक्ष

रायल्टी की दरें तय हैं और खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत केवल केंद्र सरकार द्वारा ही बदली जा सकती हैं। राज्यों के पास इन्हें बढ़ाने का कोई स्वतंत्र अधिकार नहीं है।

अजय माथुर, पूर्व महानिदेशक, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन

कमाई का सवाल

राज्य सरकारें कोयला निकालने पर मिलने वाली रायल्टी, उसकी बिक्री पर लगने वाले जीएसटी, और जिला खनिज फाउंडेशन के जरिए कमाई करती हैं। अकेले वित्त वर्ष 2023-24 में कोयला उत्पादक राज्यों के खजाने में 31,281.7 करोड़ रुपये आए थे।

साल 2014 से 2023 के बीच, मुख्य कोयला राज्यों ने रायल्टी और दूसरे शुल्कों से 1.52 लाख करोड़ रुपये कमाए। झारखंड को कोयले से मिलने वाला पैसा उसके खुद के कर राजस्व का लगभग 30 फीसद हिस्सा है, और छत्तीसगढ़ भी इससे ज्यादा पीछे नहीं है।

सौर और पवन ऊर्जा वाले राज्य तो आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे कोयला पैदा करने वाले राज्य अपनी घटती कमाई और कम सुविधाओं के कारण पिछड़ते जा रहे हैं। जब पुरानी कर व्यवस्था बदलकर जीएसटी लाई गई थी, तब राज्यों को नुकसान से बचाने के लिए खास ‘जीएसटी मुआवजा फंड’ बनाया गया था।

हालांकि, सितंबर 2025 में जीएसटी 2.0 सुधारों के तहत इस फंड को खत्म कर दिया गया और भरपाई के लिए टैक्स (जीएसटी) पांच फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसद कर दिया गया।

यहां भी पढ़ें: कहां है काले हीरे की धरती, इसे कहते हैं ‘सिटी ऑफ ब्लैक डायमंड’