15 जून 1949 को संविधान सभा के एक सदस्य शिब्बन लाल सक्सेना खड़े हुए और उन्होंने एक बेहद साधारण लगने वाले प्रावधान पर आपत्ति जताई। संविधान के मसौदे में कहा गया था कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति राष्ट्रपति करेंगे। सक्सेना ने कहा कि संसदीय व्यवस्था में इसका मतलब यह होगा कि सरकार अपने ही चुनावों के लिए रेफरी का चुनाव खुद करेगी।
सक्सेना ने चेतावनी देते हुए कहा, “यह पूरी तरह संभव है कि सत्ता में बैठी कोई पार्टी, जो अगला चुनाव जीतना चाहती हो, अपने ही किसी कट्टर पार्टी समर्थक को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त कर दे।”
सक्सेना ने स्पष्ट किया कि वह सभा में मौजूद किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने उस समय के प्रधानमंत्री की ईमानदारी और निष्पक्षता की भी तारीफ की। लेकिन उनका कहना था कि यही बात चिंता का विषय है। किसी संवैधानिक सुरक्षा व्यवस्था को सिर्फ एक व्यक्ति के चरित्र पर निर्भर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “हम आज के लिए ही नहीं, हमेशा के लिए संविधान बना रहे हैं।”
सदस्य ने सुझाव दिया कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होना चाहिए। उनका मकसद चुनाव आयोग को संसद के प्रति जवाबदेह बनाना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि कोई एक पार्टी अपने पसंद के व्यक्ति को नियुक्त न कर सके। संविधान सभा ने उनका प्रस्ताव खारिज कर दिया। लेकिन उनकी चेतावनी संविधान सभा की कार्यवाही में दर्ज हो गई।
अगले दिन एचएन कुंजरू ने इस मुद्दे को और आगे बढ़ाया। चुनावों के संचालन से प्रांतीय सरकारों को इसलिए दूर रखा गया था क्योंकि उनके राजनीतिक रूप से पक्षपाती होने की आशंका थी। कुंजरू ने कहा कि यह बात ठीक है, लेकिन फिर यह कैसे मान लिया गया कि केंद्र सरकार में पक्षपात की संभावना कम होगी? उन्होंने सवाल किया, “क्या इस बात का कोई खतरा नहीं है कि केंद्र सरकार का राजनीतिक पूर्वाग्रह वहां हावी हो जाए, जहां अन्यथा प्रांतीय सरकार का पूर्वाग्रह हावी हो सकता था?”
कुंजरू चाहते थे कि चुनाव आयुक्तों के पास इतने मजबूत सुरक्षा उपाय हों कि वे ‘निडर होकर’ अपना काम कर सकें। इसके बाद उन्होंने एक कड़ी चेतावनी दी, “अगर लोकतंत्र का संचालन ऐसे लोग करेंगे, जिनकी ईमानदारी पर भरोसा नहीं किया जा सकता, तो लोकतंत्र की जड़ में ही जहर घुल जाएगा।”
मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति कैसे होती है?
भीमराव आम्बेडकर ने भी इस चिंता को खारिज नहीं किया था। उन्होंने इसे संविधान का मसौदा तैयार करने वाली समिति की ‘सबसे बड़ी चिंताओं’ में से एक बताया था। उन्होंने अमेरिकी व्यवस्था से सीख लेने पर विचार किया था, जहां राष्ट्रपति की ओर से की गई नियुक्तियों को सीनेट की मंजूरी जरूरी होती है। लेकिन उन्हें डर था कि इससे भारत में भी राजनीतिक खींचतान और सौदेबाजी की गुंजाइश पैदा हो सकती है।
आखिरकार एक समझौता हुआ। संविधान में चुनाव आयोग की स्थापना की गई और मुख्य चुनाव आयुक्त को आसानी से हटाए जाने से सुरक्षा दी गई, लेकिन नियुक्ति की वास्तविक प्रक्रिया तय करने का अधिकार संसद पर छोड़ दिया गया। यही आगे चलकर अनुच्छेद 324 बना। यानी चुनाव आयोग की संवैधानिक नींव तो तैयार कर दी गई, लेकिन नियुक्ति की प्रक्रिया का रास्ता जानबूझकर खुला छोड़ दिया गया।
इसके बाद 74 साल तक संसद ने इस रास्ते पर कदम नहीं बढ़ाया। उसने नियुक्ति की प्रक्रिया तय करने के लिए कोई कानून नहीं बनाया। फिर 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने वह काम किया, जो संसद ने नहीं किया था। अनूप बरनवाल बनाम भारत संघ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब तक संसद कोई कानून नहीं बनाती, तब तक चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की सिफारिश एक समिति करे। इसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और मुख्य न्यायाधीश शामिल हों। इस व्यवस्था का मकसद यह था कि किसी एक पक्ष का नियुक्ति प्रक्रिया पर पूरा नियंत्रण न हो।
इसके बाद संसद ने कानून बनाया, लेकिन चयन समिति से मुख्य न्यायाधीश को हटा दिया। 2023 के मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त अधिनियम में चयन समिति में मुख्य न्यायाधीश की जगह प्रधानमंत्री की ओर से नामित केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया। अब समिति में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा चुना गया एक मंत्री होता है। यानी तीन में से दो सदस्य सीधे या परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री के नियंत्रण में होते हैं।
निष्पक्षता की धारणा
इससे यह साबित नहीं होता कि नए कानून के तहत नियुक्त कोई चुनाव आयुक्त गलत तरीके से काम करेगा या चुनाव आयोग पक्षपाती हो गया है। लेकिन इससे संविधान से जुड़ा एक जायज सवाल जरूर उठता है। और यह लगभग वही सवाल है जो 1949 में शिब्बन लाल सक्सेना और एचएन कुंजरू ने उठाया था। क्या चुनाव कराने वाली संस्था के प्रमुखों की नियुक्ति की प्रक्रिया में सरकार से पर्याप्त दूरी रखी गई है, जबकि चुनाव में सरकार खुद भी एक पक्ष होती है?
सीधी बात यह है कि चुनाव में सरकार भी एक पक्ष है। चुनाव आयोग रेफरी है। सवाल यह नहीं है कि रेफरी वास्तव में किसी एक पक्ष का समर्थन करेगा या नहीं। ज्यादातर मामलों में चुनाव आयुक्त ईमानदारी से अपना काम करेंगे। असली सवाल यह है कि क्या ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमें चुनाव लड़ने वाले एक पक्ष का रेफरी चुनने की प्रक्रिया पर जरूरत से ज्यादा प्रभाव हो।
यही वजह है कि सक्सेना नहीं चाहते थे कि संविधान की सुरक्षा व्यवस्था इस बात पर निर्भर करे कि उस समय प्रधानमंत्री कौन है। उनका तर्क किसी व्यक्ति को लेकर नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की बनावट को लेकर था। यह एक संस्थागत सिद्धांत है, किसी व्यक्ति के चरित्र पर टिप्पणी नहीं। और यह सिद्धांत इस बात से नहीं बदलता कि आज कौन किस पद पर बैठा है। व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि चुनाव के रेफरी का चयन न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दे।
इसीलिए यह विवाद वास्तव में किसी चुनाव आयुक्त की योग्यता या ईमानदारी को लेकर नहीं है। सवाल यह है कि नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था निष्पक्षता की सही धारणा पैदा करती है या नहीं। ऐसी संस्थाओं में स्वतंत्रता सिर्फ वास्तविक रूप से होना ही जरूरी नहीं है, उसका दिखना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। जिस रेफरी पर किसी को पूरा भरोसा न हो, व्यावहारिक तौर पर वह रेफरी नहीं रह जाता।
संविधान सभा ने इस खतरे को साफ तौर पर देखा था और उस पर गंभीर बहस भी की थी। लेकिन आखिर में उसने शायद सही किया या शायद नहीं, नियुक्ति की अंतिम व्यवस्था तय करने का काम संसद पर छोड़ दिया।
क्या संसद ने सही फैसला किया, यही आज की बहस का विषय है। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बहस की भाषा और सवाल 1949 से बहुत ज्यादा नहीं बदले हैं। कई बार वर्तमान पर सबसे सटीक टिप्पणी आज के स्तंभकार नहीं करते। वह टिप्पणी दशकों पहले संविधान सभा में उन लोगों ने कर दी होती है, जिन्हें यह तो पता था कि भविष्य किसी न किसी दिन उनकी कही बातों की परीक्षा लेगा, लेकिन यह नहीं पता था कि वह परीक्षा किस तरह होगी।
यह भी पढ़ें-ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, सात अक्टूबर को चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेगा INDIA गठबंधन
INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने घोषणा की है कि 7 अक्टूबर को दिल्ली स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया जाएगा। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
