मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों से पहले और उनके दौरान पुलिस ने कई सख्त कदम उठाए। इनमें निषेधाज्ञा लागू करना, लोगों को हिरासत में लेना, बैरिकेड लगाना, मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियां लगाना और ट्रेनों को रद्द करना शामिल था। इसके अलावा, जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के रूप में मिली मान्यता भी खत्म कर दी गई। इन कदमों ने एक बार फिर संविधान से जुड़े पुराने सवाल को चर्चा में ला दिया है।
संविधान नागरिकों को अपनी बात कहने और शांतिपूर्वक इकट्ठा होने का अधिकार देता है। लेकिन ये अधिकार असीमित नहीं हैं। पुलिस को कार्रवाई करने से पहले हिंसा होने का इंतजार भी नहीं कर सकती। वह एहतियात के तौर पर कदम उठा सकती है और कुछ परिस्थितियों में कानून उसे ऐसा करने की जिम्मेदारी भी देता है।
विवाद इस बात पर है कि जरूरी नियंत्रण लगाने और विरोध प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगाने के बीच की सीमा कहां है।
क्या सरकार अनुमति न मिलने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन रोक सकती है?
संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) और 19(1)(b) नागरिकों को अपनी बात कहने और बिना हथियार शांतिपूर्वक इकट्ठा होने का अधिकार देते हैं। लेकिन अनुच्छेद 19(2) और 19(3) के तहत इन अधिकारों पर उचित पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। इनमें सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाई जाने वाली पाबंदियां भी शामिल हैं।
इसका मतलब है कि विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार होने से यह तय नहीं हो जाता कि लोग किसी भी जगह, कितनी भी संख्या में और किसी भी शर्त के बिना इकट्ठा हो सकते हैं।
दिल्ली पुलिस के एक पूर्व आयुक्त ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि पुलिस के लिए यह देखना ही काफी नहीं है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण है या नहीं। प्रदर्शनकारियों को अगर जंतर-मंतर पर इकट्ठा होने की अनुमति मिली है, लेकिन वे वहां से संसद की ओर मार्च करने लगते हैं, तो शांतिपूर्वक मार्च करने के बावजूद वे अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं।
उच्चतम न्यायालय भी इस बात को स्वीकार कर चुका है कि सार्वजनिक सभाओं को नियंत्रित किया जा सकता है। 1973 में हिमत लाल के. शाह बनाम पुलिस आयुक्त मामले में न्यायालय ने कहा था कि सरकार सार्वजनिक सड़कों पर सभाओं को नियंत्रित कर सकती है, क्योंकि इन सड़कों का इस्तेमाल कई दूसरे कामों के लिए भी होता है। हालांकि, नियंत्रण लगाने की शक्ति का इस्तेमाल मनमाने ढंग से सभाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नहीं किया जा सकता।
2018 में मजदूर किसान शक्ति संगठन बनाम भारत संघ मामले में यह सवाल फिर उठा। यह मामला जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शनों से जुड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनों पर पूरी तरह रोक लगाने के फैसले को स्वीकार नहीं किया। उसने अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था बनाने को कहा, जिसमें प्रदर्शनकारियों के अधिकारों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और आने-जाने वाले लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।
दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त ने कहा, “अगर पुलिस को लगता है कि किसी जगह पर पर्याप्त जगह नहीं है या सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं हैं, तो आदर्श रूप से प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह दी जानी चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर जंतर-मंतर पर बहुत बड़ी भीड़ नहीं समा सकती, तो उसे रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति दी जा सकती है।”
इस तरह, प्रदर्शन के लिए अनुमति लेने की व्यवस्था संविधान के खिलाफ नहीं है। असली सवाल यह है कि इस व्यवस्था का इस्तेमाल मौलिक अधिकार को व्यवस्थित करने के लिए हो रहा है या उस अधिकार को लगभग खत्म करने के लिए।
क्या पहले के प्रदर्शन में हुई हिंसा अगले प्रदर्शन पर पाबंदियां लगाने का आधार बन सकती है?
दिल्ली पुलिस ने हाल के प्रदर्शनों से जुड़े जोखिमों का आकलन करते समय 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं का हवाला दिया है। कानून पुलिस को पहले के व्यवहार को ध्यान में रखने की अनुमति देता है।
दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त ने कहा, “अनुमति देने पर विचार करते समय पहले का व्यवहार और मौजूदा खुफिया जानकारी, दोनों मायने रखते हैं।” उनके मुताबिक, पहले हुई घटनाओं से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की कितनी आशंका है।
पुलिस को एहतियाती कार्रवाई करने का अधिकार कानून से भी मिलता है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 168 (पहले सीआरपीसी की धारा 149) पुलिस अधिकारियों को अपनी पूरी क्षमता के अनुसार संज्ञेय अपराधों को रोकने की जिम्मेदारी देती है।
पूर्व पुलिस आयुक्त ने कहा, “अगर धारा 163 लागू है, अनुमति नहीं मिली है और आप कहते हैं कि हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम मार्च करेंगे, तो असल में आप यह ऐलान कर रहे हैं कि आप कानून तोड़ने जा रहे हैं।”
पहले किसी प्रदर्शन में हिंसा होने का मतलब यह भी नहीं है कि पुलिस को भविष्य में होने वाले हर प्रदर्शन पर रोक लगाने का असीमित अधिकार मिल जाता है।
उच्चतम न्यायालय लंबे समय से कहता रहा है कि एहतियाती कार्रवाई का संबंध उस खतरे से होना चाहिए, जिसकी आशंका जताई जा रही है। 1970 में मधु लिमये बनाम उपमंडल मजिस्ट्रेट मामले में न्यायायलय ने सीआरपीसी की पुरानी धारा 144 को बरकरार रखा था। लेकिन उसने यह भी कहा था कि इस असाधारण शक्ति का इस्तेमाल करने के लिए स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जरूरत और खतरे की गंभीरता जैसे आधार होने चाहिए।
2020 में अनुराधा भसीन बनाम भारत संघ मामले में उच्चतम ने कहा कि किसी संभावित खतरे को देखते हुए एहतियाती आदेश जारी किए जा सकते हैं। यानी राज्य को हिंसा होने तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। लेकिन खतरा इतना गंभीर होना चाहिए कि आपात कदम उठाना जरूरी हो। साथ ही, लगाई गई पाबंदियां भी उचित और खतरे के अनुपात में होनी चाहिए। कोर्ट ने कहा कि धारा 144 का इस्तेमाल लोकतंत्र में जायज तरीके से अपनी बात रखने पर रोक लगाने के लिए नहीं किया जा सकता।
जुलाई के प्रदर्शनों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने खुद भी हस्तक्षेप किया। अगस्त में उसने एक उच्चस्तरीय जांच समिति बनाई। समिति को यह जांचने की जिम्मेदारी भी दी गई कि धारा 163 के तहत व्यापक पाबंदियां लगाने के आदेश कहीं नियमित या पहले से ही शांतिपूर्ण सभाओं को रोकने का तरीका तो नहीं बन रहे हैं। ऐसी पाबंदियां तभी उचित हो सकती हैं, जब वे सार्वजनिक व्यवस्था के लिए मौजूद किसी ‘वास्तविक और आसन्न खतरे’ के जवाब में जरूरी और उचित हों।
एहतियात के नाम पर पुलिस कितनी दूर तक जा सकती है?
दिल्ली पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने की मांग की थी। पुलिस का कहना था कि प्रदर्शनकारी मेट्रो का इस्तेमाल करके इकट्ठा हो सकते हैं और संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ सकते हैं। भारतीय रेलवे ने भी दिल्ली से चलने वाली या दिल्ली आने वाली 245 ट्रेनें रद्द कर दीं। इनमें मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनें शामिल थीं।
पुलिस सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि रेलवे ने 20 जुलाई के प्रदर्शन के आकलन के बाद यह फैसला लिया था। इस आकलन के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में शुरू हुए प्रदर्शन में बाद में विपक्षी दलों के कार्यकर्ता भी शामिल होने लगे। अलग-अलग राज्यों से पार्टी कार्यकर्ता कई दिनों तक ट्रेन से दिल्ली पहुंचे। इससे प्रदर्शनकारियों की संख्या पुलिस के अनुमान से कहीं ज्यादा बढ़ गई। हालांकि, विपक्ष के वरिष्ठ नेता खुद प्रदर्शन में बड़े पैमाने पर शामिल नहीं हुए।
कानून पुलिस को ऐसी स्थितियों का पहले से आकलन करने की अनुमति देता है। दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त ने रेल रोको, चक्का जाम और भारत बंद जैसे पुराने आंदोलनों का जिक्र किया, जिनके दौरान हजारों लोगों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया था।
लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 9 अक्टूबर को परिवहन सेवाओं पर प्रस्तावित पाबंदियों पर सवाल उठाए। कोर्ट ने चेतावनी दी कि छोटी समस्या के लिए बहुत कठोर कदम नहीं उठाए जाने चाहिए। कोर्ट ने कहा कि जरूरत पड़ने पर परिवहन व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह बंद नहीं किया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के एक पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सवाल उठाया, “सरकार यह कैसे मान सकती है कि मेट्रो और ट्रेनों में सफर करने वाले हजारों आम लोग हिंसा करेंगे? यहां भी पाबंदियां लगाने में खतरे के अनुपात का सिद्धांत लागू होना चाहिए।”
पूर्व डीजीपी ने कहा, “सवाल यह है कि क्या संभावित खतरे से निपटने के लिए कुछ खास स्टेशनों और रास्तों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाना, भीड़ की संख्या सीमित करना, चुनिंदा जगहों पर आवाजाही रोकना या पहचाने गए समूहों को रोकना पर्याप्त नहीं होता? क्या इसके बजाय बड़ी संख्या में ऐसे यात्रियों की आवाजाही बाधित करना जरूरी था, जिनका प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं था?”
क्या दिल्ली के वीआईपी इलाके के लिए नियम बदल जाते हैं?
संसद, राष्ट्रपति भवन, सेंट्रल विस्टा, सुप्रीम कोर्ट और कई अन्य संवेदनशील संस्थान मध्य दिल्ली के एक छोटे से इलाके में स्थित हैं। इसलिए पुलिस को सुरक्षा संबंधी चिंताएं अधिक हैं।
भीड़ का आकार भी मायने रखता है। दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त ने कहा कि प्रदर्शन के लिए तय जगह की क्षमता सीमित होती है। अगर किसी जगह पर करीब 5,000 लोगों के आने की व्यवस्था है और अचानक उससे कहीं ज्यादा प्रदर्शनकारी पहुंच जाते हैं, तो पुलिस नियमों को लागू करना बंद नहीं कर सकती।
पूर्व डीजीपी ने कहा, “जब तय शर्तों का पालन नहीं होता, तो पुलिस को लोगों की आवाजाही रोकने या उन्हें नियंत्रित करने के लिए बल का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।”
शाहीन बाग मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी साफ किया था कि असहमति जताने का अधिकार होने का मतलब यह नहीं है कि लोग सार्वजनिक सड़कों पर अनिश्चित समय तक कब्जा कर सकते हैं।
लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है। विरोध प्रदर्शन केवल लोगों के इकट्ठा होने का मामला नहीं है, बल्कि अपनी बात संबंधित संस्थान तक पहुंचाने का जरिया भी है।
पूर्व पुलिस आयुक्त ने कहा, “प्रदर्शनकारी स्वाभाविक रूप से उस संस्थान के पास जाना चाहते हैं, जिससे वे कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अगर उन्हें किसी दूर-दराज की जगह पर भेज दिया जाए, जहां वे अनंत समय तक बैठे रहें और किसी का ध्यान भी उन पर न जाए, तो प्रदर्शन का मकसद ही खत्म हो सकता है।”
इसलिए संविधान के सामने चुनौती बीच का रास्ता निकालने की है। प्रदर्शनकारियों को इतनी नजदीक जगह मिलनी चाहिए कि वे प्रभावी ढंग से अपनी असहमति जता सकें। साथ ही, संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा के लिए जरूरी दूरी और शर्तों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
एहतियाती कार्रवाई हद से ज्यादा होने का फैसला कौन करेगा?
आखिरी फैसला सबसे पहले पुलिस को ही करना पड़ता है, क्योंकि कानून-व्यवस्था से जुड़े फैसले अक्सर घटना होने से पहले लेने होते हैं। लेकिन पुलिस के आकलन की न्यायिक समीक्षा हो सकती है।
दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त ने कहा, “सीजेपी का एक दूसरा तर्क भी है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अनुमति लेने की जरूरत ही क्यों होनी चाहिए? अगर लोगों को लगता है कि ऐसा ही होना चाहिए, तो इसके लिए नया कानून बनाया जाना चाहिए। लेकिन जब तक कानून पुलिस से कोई काम करने को कहता है, पुलिस वह काम करेगी।”
यहीं अदालतों की भूमिका आती है। संवैधानिक अदालतें मौजूदा कानूनों और प्रावधानों की जांच कर सकती हैं और यह तय कर सकती हैं कि उनके तहत लगाई गई पाबंदियां कानूनी थीं या नहीं, क्या वे जरूरी थीं और क्या वे खतरे के अनुपात में थीं।
सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले पर ध्यान दिया है। जुलाई की हिंसा की जांच कर रही समिति को सुरक्षा बलों की कथित ज्यादतियों और प्रदर्शनकारियों पर लगाए गए हिंसा के आरोपों, दोनों की जांच करने को कहा गया है। समिति को धारा 163 के तहत व्यापक पाबंदियां लगाने के आदेशों की अलग से समीक्षा भी करनी है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल के प्रदर्शनों के दौरान लगाई गई पाबंदियों के मामले में फिर हस्तक्षेप किया। उसने लोगों की स्वतंत्र आवाजाही और कानून के मुताबिक पुलिस कार्रवाई पर जोर दिया। साथ ही, ऐसे लोगों पर असर डालने वाले कदमों पर सवाल उठाए, जिनका कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका से कोई संबंध नहीं था।
उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी ने कहा, “समस्या यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने अभी तक अनुच्छेद 19(2) के तहत लगाई जा सकने वाली पाबंदियों की स्पष्ट सीमा तय नहीं की है। इसी तरह, पाबंदियां लगाने में खतरे के अनुपात का सिद्धांत भी स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं है। जब तक स्थिति ऐसी रहेगी, सरकार के पास अपने विवेक से फैसले लेने की गुंजाइश बनी रहेगी।”
यह भी पढ़ें-राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बीच समझें ‘गिरफ्तारी’ और ‘हिरासत’ का फर्क, क्या हैं नागरिकों के अधिकार? EXPLAINED
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
