कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों ने पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ बंद फाटकों और बैरिकेड्स को पार कर जंतर-मंतर में प्रवेश किया और वहां तिरंगा फराया।

12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने सीजेपी के दोनों नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। उन पर आपराधिक साजिश रचने, लोक सेवक के आदेश की अवहेलना करने, अवैध रूप से परिसर में घुसने और जानबूझकर चोट पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए। पुलिस का यह भी आरोप है कि दोनों ने पहले शांति बनाए रखने के लिए जिस बॉन्ड पर हस्ताक्षर किए थे, उसका उल्लंघन किया।

आइए समझते हैं कि आखिर कानून में अतिक्रमण की परिभाषा क्या है? क्या किसी बंद सार्वजनिक जगह पर जाना भी अपराध है?

कानूनी प्रावधान क्या हैं?

किसी की जमीन पर बिना इजाजत घुसना और गलत इरादे से घुसना—कानून की नजर में दोनों एक बात नहीं हैं। अतिक्रमण के मामले में कानून इस बात पर भी गौर करता है कि कोई व्यक्ति दूसरे की संपत्ति में क्यों दाखिल हुआ और उसका इरादा क्या था।

कानून में अतिक्रमण के दो रूप हैं। पहला, दीवानी अतिक्रमण। इसमें किसी दूसरे के कब्जे वाली जमीन पर बिना अनुमति प्रवेश करना या वहां बने रहना शामिल है। इसके लिए यह साबित करना जरूरी नहीं कि व्यक्ति किसी को नुकसान पहुंचाना चाहता था। इसमें जेल या सजा नहीं होती, लेकिन अदालत जुर्माना या मुआवजे का आदेश दे सकती है।

दूसरा है आपराधिक अतिक्रमण। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329 के तहत इसे अपराध मानने के लिए आरोपी की मंशा अहम है। मसलन, वह किसी दूसरे के कब्जे वाली संपत्ति में इस इरादे से घुसा हो कि कोई अपराध करेगा या वहां रहने वाले व्यक्ति को डराएगा, उसका अपमान करेगा अथवा उसे परेशान करेगा।

इतना ही नहीं, अगर कोई व्यक्ति शुरुआत में किसी जगह पर वैध रूप से दाखिल हुआ, लेकिन बाद में गलत इरादे से वहां अवैध रूप से बना रहा, तो उस पर भी यह प्रावधान लागू हो सकता है। ऐसे आपराधिक अतिक्रमण के लिए तीन महीने तक की कैद, 5,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।

घर में घुसने का मामला हो तो कानून और सख्त हो जाता है। बीएनएस की धारा 329(2) के तहत किसी ऐसे भवन, तंबू या जहाज में अवैध रूप से घुसना ‘घर में अतिक्रमण’ माना जा सकता है, जिसका इस्तेमाल लोगों के रहने, पूजा करने या संपत्ति रखने के लिए होता है।

धारा 330 में घर में अतिक्रमण के दो गंभीर रूप बताए गए हैं। पहला, छिपकर घर में घुसना। इसमें आरोपी अपने अवैध प्रवेश को उस व्यक्ति से छिपाने की कोशिश करता है, जिसे उसे रोकने का अधिकार है। दूसरा, दीवार फांदकर या ताला खोलकर प्रवेश करना आदि।

इन अपराधों के लिए सजा भी अधिक हो सकती है। कुछ मामलों में 10 साल तक की कैद का प्रावधान है, जबकि अन्य मामलों में दो साल तक की कैद हो सकती है।

क्या बंद सार्वजनिक जगह में घुसना भी अपराध है?

सिर्फ किसी बंद जगह में घुसने से कोई व्यक्ति आपराधिक अतिक्रमण का दोषी नहीं हो जाता। कानून यह भी देखता है कि वह वहां किस इरादे से गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 1963 में मथुरी और अन्य बनाम पंजाब राज्य मामले में इसी सवाल पर विचार किया था।

मामला एक मकान मालिक का था, जिसने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की थी। जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए जारी वारंट की अवधि खत्म हो चुकी थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को यह पता होना कि उसके वहां घुसने से दूसरे को परेशानी होगी, उसे आपराधिक अतिक्रमण का दोषी ठहराने के लिए काफी नहीं है।

अदालत ने कहा, “सिर्फ इस बात से कि प्रवेश करने वाले व्यक्ति को पता था कि उसके आने से कब्जा रखने वाले व्यक्ति को परेशानी होगी, यह साबित नहीं होता कि उसने उसे परेशान करने के इरादे से प्रवेश किया था।”

किसी को परेशान होने का अंदेशा होना और उसे परेशान करने के इरादे से किसी जगह में घुसना दो अलग-अलग बातें हैं। आपराधिक अतिक्रमण के मामले में कानून इस अंतर को अहम मानता है।

1985 में ओल्गा टेलिस बनाम बॉम्बे म्युनिसिपल कॉरपोरेशन मामले में भी सुप्रीम कोर्ट ने इस सवाल पर विचार किया। मामला उन लोगों का था, जो सार्वजनिक जमीन पर फुटपाथ के किनारे रहते थे और जिन्हें वहां से हटाया जा रहा था। अदालत के सामने मुख्य सवाल संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत आजीविका के अधिकार का था, लेकिन उसने आपराधिक अतिक्रमण पर भी अपनी राय रखी।

अदालत ने कहा कि फुटपाथ पर रहने वाले लोगों का मकसद कोई अपराध करना या किसी को डराना, अपमानित करना अथवा परेशान करना नहीं था। वे ‘पूरी तरह लाचार होने के कारण’ वहां रह रहे थे। अदालत ने उनकी स्थिति को समझाते हुए कहा कि उनके पास इसके अलावा कोई रास्ता नहीं था। उन्होंने अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि मजबूरी में ऐसा किया था।

अतिक्रमण के मामलों में अदालतों ने क्या कहा?

मालिक होने का मतलब यह नहीं कि आप किसी के कब्जे वाली जगह में जबरन घुस सकते हैं। मार्च 2026 में केरल हाई कोर्ट ने दामोदरन के बनाम केरल राज्य मामले में एक मकान मालिक की दोषसिद्धि बरकरार रखकर यह बात साफ की। मकान मालिक उस कमरे में घुस गया था, जिसमें उसका किराएदार रह रहा था।

अदालत ने कहा कि किसी संपत्ति का मालिक होना और उस पर कब्जा होना अलग-अलग बातें हैं। आपराधिक अतिक्रमण का कानून संपत्ति पर कब्जे की रक्षा करता है, न कि सिर्फ मालिकाना हक की।

अदालत ने कहा, “आपराधिक अतिक्रमण और घर में अतिक्रमण जैसे अपराध संपत्ति पर कब्जे के खिलाफ होते हैं, न कि उसके स्वामित्व के खिलाफ। इसलिए, संपत्ति का असली मालिक भी अपने मालिकाना हक की आड़ में किसी दूसरे व्यक्ति के वैध कब्जे वाले परिसर में अपराध करने के इरादे से अवैध रूप से प्रवेश नहीं कर सकता।”

नवंबर 2025 में केरल हाई कोर्ट ने बीनू थंकप्पल बनाम केरल राज्य मामले में एक ऐसे व्यक्ति की दोषसिद्धि बरकरार रखी, जो सहकारी बैंक के चुनाव को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस थाने में घुस गया था।

अदालत ने कहा कि पुलिस थाना भी घर में अतिक्रमण से जुड़े कानून के दायरे में आ सकता है। भारतीय दंड संहिता की धारा 442 में ऐसे भवन में अवैध प्रवेश को शामिल किया गया था, जिसका इस्तेमाल संपत्ति रखने के लिए होता है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(2) में भी ऐसा प्रावधान है। हालांकि, अदालत ने उस व्यक्ति पर लगे गैरकानूनी जमावड़े के आरोप हटा दिए।

इसकी वजह थी कि पुलिस यह साबित नहीं कर सकी कि पांच या उससे अधिक लोग किसी अपराध को अंजाम देने के साझा इरादे से वहां इकट्ठा हुए थे। अदालत ने मुख्य आरोपी की घर में अतिक्रमण के मामले में पांच साल की सजा भी घटाकर तीन साल कर दी।

लेकिन अदालत ने प्रदर्शन के नाम पर कानून तोड़ने को सही नहीं माना। उसने साफ कहा, “प्रदर्शन या इसी तरह की हड़ताल की आड़ में कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता और न ही सरकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकता है।”

यह भी पढ़ें-जंतर-मंतर अब निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं: कौन तय करता है विरोध प्रदर्शन कहां होगा? EXPLAINED

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित सूची से हटा दिया। पुलिस ने इसके विकल्प के तौर पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को निर्धारित किया है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।