मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय ने फॉर्म 6 में किए गए बदलावों में से किसी को भी मंजूरी नहीं दी है। न्यायालय में फॉर्म 6 में किए गए ‘गैरकानूनी’ बदलावों को लेकर दलील दी गई थी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कहा कि चुनाव आयोग से रिपोर्ट मिलने के बाद न्यायालय यह जांच करेगा कि फॉर्म में बदलाव किसने किया था।

यह घटनाक्रम 23 सितंबर को द इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्ट के दो हफ्ते बाद सामने आया है, जिसमें बताया गया था कि दो चुनाव आयुक्तों ने फॉर्म 6 में किए गए ‘गैरकानूनी’ और ‘अनधिकृत’ बदलावों पर आपत्ति जताई थी।

एक याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने ‘जानबूझकर मतदाता सूची में ऐसा बदलाव किया, जिसका उनके आधिकारिक कर्तव्यों से कोई उचित संबंध नहीं है।’ याचिका में कहा गया कि ‘ऐसा काम आधिकारिक दायरे से पूरी तरह बाहर है और इसके लिए अलग से व्यक्तिगत आपराधिक जिम्मेदारी बनती है।’

फॉर्म 6 क्या है?

फॉर्म 6 उन लोगों के लिए निर्धारित फॉर्म है, जो 18 साल की उम्र पूरी करने के बाद पहली बार मतदाता बनने के योग्य हुए हैं, भारतीय नागरिक बने हैं या जिनका नाम मतदाता सूची से हट गया है और वे दोबारा नाम जुड़वाना चाहते हैं।

पंजीकरण निर्वाचन नियम, 1960 के तहत मौजूदा फॉर्म 6 आवेदक से साथ रहने वाले परिवार के सदस्यों के नाम और उनका ईपीआईसी नंबर मांगता है।

द इंडियन एक्सप्रेस ने 12 जुलाई को बताया था कि ईसीआईनेट पर उपलब्ध फॉर्म के ऑनलाइन संस्करण में एक नया घोषणा-पत्र जोड़ा गया था। इस बदलाव के तहत फॉर्म 6 में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े सवाल शामिल किए गए थे। आवेदक को तीन में से एक विकल्प चुनना था। पहला, क्या उसका नाम 2000 के दशक की शुरुआत में हुए पिछले एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में था। दूसरा, क्या उसके माता-पिता या दादा-दादी में से किसी का नाम उस सूची में था। तीसरा, क्या न तो उसका और न ही उसके माता-पिता का नाम उस सूची में था।

अगर आवेदक का नाम 2000 के दशक के एसआईआर में था, तो उससे विधानसभा क्षेत्र का नंबर, मतदान केंद्र का नंबर (जिसे पार्ट नंबर कहा जाता है) और उस एसआईआर में उसके पिता या माता का नाम जिस क्रम संख्या पर दर्ज था, वह बताने को कहा गया था।

दिलचस्प बात यह है कि चुनाव आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जाने वाले फॉर्म 6 में यह घोषणा शामिल नहीं थी।

बदलाव पर विवाद क्यों हुआ?

द इंडियन एक्सप्रेस की जांच में सामने आया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों के दौरान कम से कम 14 बार ऐसे फैसलों और आदेशों पर औपचारिक आपत्ति जताई, जिनके बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी। विवादित बदलाव देशभर में एसआईआर लागू करने से जुड़े थे।

जुलाई में ईसीआईनेट पर फॉर्म 6 के बदले हुए रूप की खबर द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित होने के बाद संधू ने 13 अगस्त को आधिकारिक तौर पर कहा था कि यह बदलाव ‘अनधिकृत और गैरकानूनी’ है और इसे ‘तुरंत हटाया जाना चाहिए।’

चूंकि फॉर्म में कोई औपचारिक संशोधन किए बिना यह बदलाव किया गया था, इसलिए दोनों चुनाव आयुक्तों ने इस पर आपत्ति जताई थी। जनप्रतिनिधित्व कानून, 1950 के तहत मतदाता के नाम जोड़ने, हटाने और उसमें सुधार से जुड़े फॉर्म में बदलाव करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार को है।

26 सितंबर को चुनाव आयोग ने बताया कि जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां ईसीआईनेट के आवेदन पोर्टल पर फॉर्म 6 से एसआईआर से जुड़ी घोषणा हटा दी गई है। हालांकि, जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया अभी जारी है, वहां यह घोषणा अभी भी मौजूद थी।

चुनाव आयोग ने कहा, “जब एसआईआर नहीं हो रहा है, तब पंजीकरण निर्वाचन नियम, 1960 के अनुसार लागू फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।”

दिलचस्प बात यह है कि चुनाव आयोग की प्रेस विज्ञप्ति में न तो ऑनलाइन फॉर्म का जिक्र था, न उसमें जोड़े गए सवाल का और न ही यह बताया गया था कि उसे हटाया गया है या नहीं। हालांकि, आयोग ने कहा था कि उच्चतम न्यायालय ने इस घोषणा को ‘बरकरार रखा’ है। लेकिन 27 मई को एसआईआर पर उच्चतम न्यायालय के आदेश में ऐसा स्पष्ट रूप से नहीं कहा गया है।

आयोग ने यह भी नहीं बताया कि जुलाई में यह सवाल फॉर्म में किसने जोड़ा था और 13 अगस्त को संधू के इसे ‘अनधिकृत/गैरकानूनी’ बताए जाने के बाद भी यह फॉर्म में क्यों बना रहा।

कानून क्या कहता है?

संविधान का अनुच्छेद 326 हर वयस्क नागरिक को, जो किसी विधानसभा क्षेत्र में सामान्य रूप से रहता है, मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज कराने का अधिकार देता है। हालांकि, अगर किसी व्यक्ति को कानून के तहत अयोग्य घोषित किया गया है तो यह अधिकार लागू नहीं होगा।

जनप्रतिनिधित्व कानून, 1950 केंद्र सरकार को चुनाव कराने और मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े नियम बनाने का अधिकार देता है।

इस कानून की धारा 28 का शीर्षक ‘नियम बनाने की शक्ति’ में कहा गया है, “केंद्र सरकार चुनाव आयोग से सलाह लेने के बाद सरकारी राजपत्र में अधिसूचना जारी करके इस कानून के उद्देश्यों को लागू करने के लिए नियम बना सकती है।” इसमें यह भी कहा गया है कि इस कानून के तहत बनाए गए हर नियम को बनने के बाद जल्द से जल्द संसद के दोनों सदनों के सामने रखा जाना चाहिए।

फॉर्म 6 पंजीकरण निर्वाचन नियम, 1960 का हिस्सा है, जो इसी कानून के तहत बनाए गए हैं। इसलिए फॉर्म में किसी भी तरह का बदलाव करने के लिए कानून में संशोधन और विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से राजपत्र में अधिसूचना जारी करना जरूरी होगा।

विधि एवं न्याय मंत्रालय ने हालांकि फॉर्म 6 में किसी बदलाव की ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। 24 जून 2025 से, जब चुनाव आयोग ने पहली बार एसआईआर की घोषणा की थी, अब तक ई-गजट वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचनाओं में फॉर्म 6 में बदलाव से जुड़ी कोई अधिसूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें-‘कानून के खिलाफ हुए निर्णय रद्द कर देंगे’, सुप्रीम कोर्ट ने EC और केंद्र को भेजा नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को चुनाव आयोग (EC) और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। कोर्ट में दायर याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि चुनाव आयोग ने दोनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी के बिना कई फैसले लिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर चुनाव आयोग का कोई फैसला कानून के मुताबिक नहीं पाया गया तो उसे रद्द कर दिया जाएगा। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।