केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और बिहार सरकार ने तीन नवंबर को एक ऐसे समझौते पर हस्ताक्षर किया, जो एक साथ बाढ़ की समस्या से निपटने में भी मदद कर सकता है और सड़क निर्माण में भी।
‘नदी संजीवनी, नदी पुनर्जीवन, सड़क नवनिर्माण’ नाम की इस पहल से बिहार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की दो बड़ी समस्याएं दूर होंगी। इसके तहत सरकार नदियों और जलाशयों से वैज्ञानिक तरीके से गाद निकालेगी और इसका इस्तेमाल राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में करेगी।
बिहार के अलग-अलग इलाकों से गंगा, कोसी, गंडक, फल्गु और बागमती जैसी नदियां गुजरती हैं। इन नदियों में हर साल बड़ी मात्रा में गाद जमा हो जाती है। इससे नदियों की पानी बहाने की क्षमता घटती है और राज्य को हर साल बाढ़ का सामना करना पड़ता है। गाद जमा होने से जल प्रबंधन करना भी मुश्किल हो जाता है।
राजमार्ग प्राधिकरण को बिहार में राजमार्ग और एक्सप्रेसवे बनाने के लिए मिट्टी और गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री जुटाने में काफी परेशानी होती है। विजन 2047 के तहत प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं में इन सामग्रियों की बड़ी मात्रा में जरूरत पड़ेगी। इनकी कमी के कारण निर्माण कार्य में देरी होती है। ठेकेदारों को दूर-दराज के इलाकों से निर्माण सामग्री लानी पड़ती है, जिसमें समय और ईंधन दोनों खर्च होते हैं। इससे परियोजनाओं की लागत भी बढ़ जाती है।
नई पहल से इन दोनों समस्याओं का एक साथ समाधान करने की कोशिश की जाएगी। इसके तहत प्राधिकरण के ठेकेदार आसपास की नदियों से मुफ्त में गाद निकालकर सड़क निर्माण में इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, नदियों से गाद निकलने के बाद उनकी पानी बहाने की क्षमता बढ़ेगी और बाढ़ का खतरा कम होगा।
कितनी बड़ी है योजना?
फिलहाल एनएचएआई बिहार में 58,340 करोड़ रुपये की लागत से 1,561 किलोमीटर की 39 परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इसके अलावा, उसने राज्य में 1,85,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 1,982 किलोमीटर की 11 नई परियोजनाएं भी प्रस्तावित की हैं। इन परियोजनाओं में सड़क के आसपास मिट्टी भरने, तटबंध बनाने और सड़क की निचली परत तैयार करने के लिए बड़ी मात्रा में मिट्टी या गाद की जरूरत पड़ेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, समझौते के तहत एनएचएआई बिहार में चल रही राजमार्ग परियोजनाओं में 393 लाख घन मीटर गाद का इस्तेमाल करेगा। भविष्य की परियोजनाओं के लिए करीब 1,050 लाख घन मीटर गाद इस्तेमाल करने की योजना है।
एनएचएआई के एक अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हम नदियों से निकाली गई गाद का इस्तेमाल राज्य में बन रहे राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के लिए करेंगे। हमें यह गाद मुफ्त मिलेगी, इसलिए सड़क निर्माण की लागत भी कम होगी। वैज्ञानिक तरीके से गाद निकालने से बिहार की नदियों में पानी बहाने की क्षमता बढ़ेगी और हर साल आने वाली बाढ़ का खतरा कम होगा।”
फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में ठेकेदार फ्लाई ऐश, प्लास्टिक कचरे और निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे जैसी बेकार सामग्रियों का भी इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, वे इनका इस्तेमाल तभी करते हैं, जब ये सामग्री उपलब्ध हो और निर्माण कार्य के लिए उपयुक्त हो।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पांच फरवरी को लोकसभा में बताया था कि 2021-22 से 2024-25 के बीच प्लास्टिक कचरे का इस्तेमाल करके कुल 3,117 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए गए। इससे पहले 2020-21 में प्लास्टिक कचरे का इस्तेमाल करके सबसे ज्यादा करीब 781 किलोमीटर सड़क बनाई गई थी। इसके बाद 2021-22 में 697 किलोमीटर, 2022-23 में 673 किलोमीटर, 2023-24 में 694 किलोमीटर और 2024-25 में 274 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ।
बुलढाणा मॉडल से मिली प्रेरणा
बिहार सरकार और केंद्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में अपनाए गए मॉडल को ध्यान में रखकर यह समझौता किया है। बाद में यह मॉडल ‘बुलढाणा पैटर्न’ के नाम से मशहूर हुआ। इसके तहत सरकार ने तालाबों और नदियों से मिट्टी निकाली और उसका इस्तेमाल राजमार्गों के निर्माण में किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस पहल के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में 225 लाख घन मीटर मिट्टी का इस्तेमाल किया गया। इसके लिए सरकार ने जलाशयों और तालाबों को चौड़ा और गहरा किया। इससे उनकी पानी जमा करने की क्षमता 22,500 हजार घन मीटर बढ़ गई। इस पूरे काम पर राज्य सरकार को कोई खर्च नहीं करना पड़ा। नागपुर और वर्धा जिलों के 60 गांवों में भी इसी तरह की पहल की गई थी।
किन नदियों और सड़कों पर होगा काम?
समझौते के तहत सरकार गंगा, गंडक, धमही, घोघरी, भुतही, फल्गु, कोसी, सोन और घाघरा समेत कई नदियों से गाद निकालेगी। प्राधिकरण इस गाद का इस्तेमाल कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में करेगा।
इन परियोजनाओं में चार लेन वाला मणिकपुर-साहेबगंज राजमार्ग, चार लेन वाला बाकरपुर-मणिकपुर राजमार्ग, मुंगेर-मिर्जाचौकी, भागलपुर बाईपास-रसूलपुर, उमगांव-सहरसा, किशनगंज-बहादुरगंज, छह लेन वाला वाराणसी-रांची-कोलकाता राजमार्ग, चार लेन वाला साहेबगंज-अरेराज-बेतिया और चार लेन वाला भागलपुर-खरहरा (ढाका मोड़) राजमार्ग शामिल हैं।
विजन 2047 के तहत एनएचआई ने बिहार में 1,800 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे बनाने की भी योजना बनाई है। इनका निर्माण पूरा होने के बाद राज्य में कहीं भी रहने वाले लोगों को 50 किलोमीटर के दायरे में एक एक्सप्रेसवे की सुविधा मिलेगी।
अगर नदियों से गाद निकालने की यह परियोजना सफल रहती है, तो एनएचएआई भविष्य में इन एक्सप्रेसवे के निर्माण में भी इस गाद का इस्तेमाल कर सकेगा। इससे नदियों की सफाई होगी, उनकी पानी बहाने की क्षमता बढ़ेगी और सड़क निर्माण के लिए जरूरी सामग्री भी आसानी से मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें-मधुबनी में ASI की फायरिंग से ग्रामीण की मौत, गुस्साई महिला ने DM आनंद शर्मा का पकड़ा कॉलर, गांव में मचा हंगामा
बिहार के मधुबनी जिले में पुलिसकर्मी की गोलीबारी से एक ग्रामीण की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान गुस्से में एक महिला ने मधुबनी के जिलाधिकारी (DM) आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया। महिला का यह वीडियो अब चर्चा में है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
