अक्टूबर 1947 में कबाइली हमलावर जम्मू-कश्मीर में तेजी से आगे बढ़ रहे थे। वे मुजफ्फराबाद, डोमेल और उरी पर कब्जा कर चुके थे। अब उनका अगला निशाना श्रीनगर था। अगर वे श्रीनगर पहुंच जाते, तो महाराजा हरि सिंह की सरकार का बचना मुश्किल हो जाता और पूरी कश्मीर घाटी उनके हाथों में जा सकती थी। ऐसे में भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी- किसी भी तरह श्रीनगर हवाई अड्डे को हमलावरों के कब्जे में जाने से बचाना।

सड़क के रास्ते सेना को श्रीनगर पहुंचने में काफी वक्त लग सकता था। ऐसे में भारतीय सेना ने 27 अक्टूबर 1947 को डकोटा विमानों से भारतीय सैनिकों को श्रीनगर पहुंचाना शुरू किया। यह भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे अहम हवाई अभियानों में से एक था।

लेकिन कबाइली हमलावरों ने कश्मीर पर हमला क्यों किया था? उनके पीछे किसका हाथ था? भारत ने इतनी कम तैयारी के बावजूद हवाई रास्ते से सैनिकों को श्रीनगर पहुंचाने का जोखिम क्यों उठाया और इस अभियान ने कश्मीर को कैसे बचाया?

डोगरा शासन से शुरू हुई कश्मीर की कहानी

जम्मू-कश्मीर रियासत की स्थापना 1846 में हुई थी। उस साल ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने अमृतसर की संधि के तहत जम्मू के डोगरा शासक गुलाब सिंह को कश्मीर घाटी समेत कई इलाके सौंप दिए। इस तरह जम्मू-कश्मीर एक रियासत बना और गुलाब सिंह उसके शासक बने।

20वीं सदी में डोगरा शासन के खिलाफ लोगों का असंतोष बढ़ने लगा। इसकी बड़ी वजह शासन का दमनकारी रवैया था। लेखक आशिक अहमद इकबाल ने अपनी किताब द एयरोप्लेन एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न इंडिया (2022) में लिखा है कि डोगरा शासन के विरोध के पीछे यह सोच भी थी कि मुगल शासन के समय से कश्मीर पर बाहरी शासकों का कब्जा रहा है और डोगरा शासक भी उसी सिलसिले का हिस्सा थे।

1947 में अंग्रेजों के जाने के साथ ही जम्मू-कश्मीर के भविष्य का सवाल खड़ा हो गया। भारत और पाकिस्तान दोनों ही इस रियासत को अपने साथ मिलाना चाहते थे। भारत कश्मीर के सामरिक महत्व को समझता था। दूसरी ओर, पाकिस्तान को लगता था कि मुस्लिम बहुल आबादी और पंजाब से भौगोलिक जुड़ाव के कारण जम्मू-कश्मीर का विलय उसी के साथ होगा।

लेकिन महाराजा हरि सिंह ने आजादी के समय भारत या पाकिस्तान में से किसी के साथ जाने का फैसला नहीं किया। उन्होंने रियासत को अलग रखने की कोशिश की। इस बीच पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के साथ एक यथास्थिति समझौता किया, ताकि पहले से चली आ रही प्रशासनिक और आपूर्ति संबंधी व्यवस्थाएं जारी रहें।

हालांकि, जल्द ही दोनों के रिश्ते बिगड़ने लगे। जम्मू-कश्मीर सरकार ने पाकिस्तान पर जरूरी सामान की आपूर्ति रोकने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि पाकिस्तान रियासत पर दबाव बनाकर उसे अपने साथ मिलाना चाहता है।

ऑपरेशन गुलमर्ग: कश्मीर पर कब्जे की तैयारी

पाकिस्तान के कुछ सरकारी अधिकारी इस बात से चिंतित थे कि महाराजा हरि सिंह जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय कर सकते हैं। इस आशंका के बीच पाकिस्तान की ओर से रियासत पर कब्जे के लिए एक सैन्य अभियान की योजना बनाई गई। इसका नाम ‘ऑपरेशन गुलमर्ग’ रखा गया। इसमें कबाइली लड़ाकों को आगे रखकर हमला करने की रणनीति बनाई गई।

22 अक्टूबर 1947 को कबाइली लड़ाकों ने जम्मू-कश्मीर पर हमला कर दिया। आशिक अहमद इकबाल अपनी किताब में बताते हैं कि पाकिस्तान के नॉर्थवेस्ट फ्रंटियर प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) और आसपास के इलाकों से आए कबाइली लड़ाके पश्चिमी पंजाब के रास्ते कश्मीर घाटी में घुसे।

हमलावरों के पास हथियार थे और वे ट्रकों में सवार होकर आए थे। उस समय पेट्रोल की राशनिंग लागू थी, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों को एनडब्ल्यूएफपी और पश्चिमी पंजाब से कश्मीर पहुंचने तक किसी बड़े विरोध का सामना नहीं करना पड़ा।

पाकिस्तान सरकार मई 1948 तक इस हमले में अपनी भूमिका से इनकार करती रही। हालांकि, हमले की योजना मुख्य रूप से एनडब्ल्यूएफपी की प्रांतीय सरकार ने तैयार की थी और मोहम्मद अली जिन्ना की मौन सहमति भी इसमें शामिल थी।

हमलावरों का मकसद साफ था- श्रीनगर पर कब्जा करना। श्रीनगर हाथ से निकलने का मतलब था महाराजा की सरकार का कमजोर पड़ना और पूरी रियासत पर पाकिस्तान का नियंत्रण स्थापित करने का रास्ता खुलना।

लेकिन श्रीनगर को बचाना सिर्फ राजनीतिक वजहों से जरूरी नहीं था। इसका एक बड़ा सामरिक महत्व भी था। श्रीनगर हवाई अड्डा पूरी कश्मीर घाटी का एकमात्र हवाई अड्डा था। भारत के दूसरे हिस्सों से घाटी तक सड़क संपर्क सीमित था। ऐसे में भारतीय सेना को जल्द से जल्द श्रीनगर पहुंचाने का सबसे व्यावहारिक रास्ता हवाई मार्ग ही था। अगर हमलावर हवाई अड्डे पर कब्जा कर लेते, तो भारत के लिए सैनिक और सैन्य सामान भेजना बेहद मुश्किल हो जाता।

महाराजा के विलय पत्र पर हस्ताक्षर और भारत का फैसला

कबाइली हमलावर श्रीनगर की ओर बढ़ रहे थे और महाराजा हरि सिंह की सरकार पर संकट गहराता जा रहा था। भारत सरकार ने हालात का जायजा लेने के लिए 25 अक्टूबर को रियासत मंत्रालय के सचिव वीपी मेनन को श्रीनगर भेजा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराजा हरि सिंह ने अगले दिन यानी 26 अक्टूबर को भारत के साथ विलय पत्र (इंस्ट्रूमेंट ऑफ एक्सेशन) पर हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद भारतीय सेना के जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने का रास्ता साफ हो गया।

हालांकि, सेना को श्रीनगर पहुंचाने की तैयारी शुरू हो चुकी थी। इसके लिए एक आर्मी एयरलिफ्ट कमेटी बनाई गई, जिसने सैनिकों को हवाई रास्ते से भेजने की व्यवस्था संभाली। दिल्ली में विमानों और जरूरी सामान का इंतजाम होने लगा।

गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने आपात अपील जारी कर नागरिक विमानों को दिल्ली के हवाई अड्डों पर पहुंचने को कहा। इस अभियान के लिए करीब 25 विमान जुटाए गए। इनमें ज्यादातर डकोटा परिवहन विमान थे, जिनका इस्तेमाल सैनिकों और सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता था।

कितना जोखिम भरा था अभियान?

भारतीय सेना के लिए सैनिकों को श्रीनगर पहुंचाना आसान नहीं था। यह एक बेहद जोखिम भरा अभियान था। सेना के ब्रिटिश कमांडरों और गवर्नर जनरल लॉर्ड माउंटबेटन ने कथित तौर पर इस हवाई अभियान का विरोध किया था। उनकी चिंता थी कि पायलटों को ऊंचे पहाड़ों के बीच विमान उड़ाने और एक अनजान हवाई पट्टी पर उतरने में मुश्किल हो सकती है।

इसके अलावा, यह भी आशंका थी कि जब तक भारतीय विमान वहां पहुंचेंगे, तब तक हमलावर हवाई अड्डे के आसपास पहुंच चुके होंगे या उस पर कब्जा कर चुके होंगे।

श्रीनगर हवाई अड्डे पर भी हालात बहुत अच्छे नहीं थे। वहां संचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। विमानों की मरम्मत और उनमें ईंधन भरने की सुविधाएं भी सीमित थीं। यानी भारतीय विमानों को न सिर्फ पहाड़ी क्षेत्र से गुजरना था, बल्कि ऐसी जगह उतरना था जहां जरूरी सुविधाएं भी मौजूद नहीं थीं।

इसके बावजूद सरकार ने जोखिम उठाया। उसे पता था कि अगर श्रीनगर हवाई अड्डा हाथ से निकल गया, तो कश्मीर घाटी को बचाने की लड़ाई और मुश्किल हो जाएगी।

कैसे बदला लड़ाई का रुख?

27 अक्टूबर 1947 की सुबह सैनिकों को लेकर डकोटा विमान श्रीनगर पहुंचने लगे। विमानों से सैनिकों के साथ हथियार और जरूरी सैन्य सामान भी भेजा गया। इस तरह सेना ने हवाई रास्ते से घाटी में अपनी मौजूदगी मजबूत करनी शुरू कर दी। अगले तीन हफ्तों तक यह अभियान लगातार चलता रहा। 6 नवंबर तक श्रीनगर में 3,500 सैनिक पहुंच चुके थे।

आशिक अहमद इकबाल अपनी किताब में इस लड़ाई का जिक्र करते हुए लिखते हैं, ”12 घंटे में लड़ाई खत्म हो गई। हमलावरों को खदेड़ दिया गया। 500 के करीब उनके शव पड़े हुए थे, जबकि भारतीय सेना के सिर्फ तीन जवान मारे गए थे। सेना की 56वीं टुकड़ी ने अगले तीन दिनों तक हमलावरों का पीछा किया और उन्हें उरी तक खदेड़ दिया। इस तरह कश्मीर घाटी की सुरक्षा सुनिश्चित हो गई।”

इस अभियान का एक ऐसा पहलू भी सामने आया, जिसकी शायद पहले से योजना नहीं बनाई गई थी। हवाई मार्ग से श्रीनगर पहुंचे विमानों की मदद से वहां रह रहे बड़ी संख्या में ब्रिटिश नागरिकों और पर्यटकों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रिपोर्टों के मुताबिक, उस समय श्रीनगर में करीब 400 ब्रिटिश नागरिक रह रहे थे। इनमें ज्यादातर सेवानिवृत्त लोग और भारत में तैनात ब्रिटिश सरकारी अधिकारियों के परिवार शामिल थे।

इस हवाई अभियान ने क्या साबित किया?

आशिक अहमद इकबाल के मुताबिक, सेना का यह हवाई अभियान इतनी तेजी और सफलता से पूरा हुआ कि पाकिस्तान के पर्यवेक्षकों और बाद के इतिहासकारों को लगा कि भारत ने इसकी तैयारी काफी पहले से कर रखी थी।

इस अभियान ने यह भी दिखाया कि युद्ध में हवाई ताकत कितनी निर्णायक हो सकती है। सड़क संपर्क सीमित होने और हमलावरों के तेजी से आगे बढ़ने के बीच विमानों ने भारतीय सेना को कम समय में कश्मीर पहुंचने का मौका दिया।

आशिक अहमद इकबाल का मानना है कि विमानों की मदद से भारत सरकार कश्मीर में सैन्य हस्तक्षेप कर सकी और साथ ही संघर्ष को और बढ़ने से रोकने की कोशिश भी कर पाई। इस तरह अक्टूबर 1947 का यह हवाई अभियान सिर्फ सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की कार्रवाई नहीं था, बल्कि कश्मीर के भविष्य को प्रभावित करने वाला एक अहम सैन्य कदम साबित हुआ।

यह भी पढ़ें-1962 में भारत चीन से क्यों हारा, आज उस युद्ध से क्या सबक लेने की जरूरत? EXPLAINED

चीन ने 64 साल पहले 20 अक्टूबर को भारत पर दो तरफ से हमला किया था। पश्चिम में लद्दाख और पूर्व में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) के इलाके में चीनी सेना ने भारतीय ठिकानों को निशाना बनाया। नेफा में आज का अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्से शामिल थे। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।