बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की आगामी फिल्म चौहान का जब अनाउंसमेंट वीडियो सामने आया था तो दर्शकों ने उसकी जमकर तारीफ की, अजय देवगन इसमें एक डायलॉग कहते सुनाई दिए थे, ‘पठानों से कहना कि चौहान आ रहे है।’ उनके अलावा इस टीजर में मोहम्मद जीशान अय्यूब खान की आवाज को भी सुना गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। टीजर में हुए इस बदलाव को दर्शकों ने भी नोटिस किया और सोशल मीडिया पर इसके लिए चर्चा बढ़ गई।

यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन ने ICU में भर्ती होने की खबरों को किया खारिज, बोले- ‘मेरी पोस्ट का गलत मतलब निकाला गया’

अब एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब खान ने टीजर से अपनी आवाज हट जाने पर रिएक्ट करते हुए एक चौंका देने वाली बात का खुलासा किया। उनका कहना है कि उनसे ये डायलॉग उन्हें बिना संदर्भ बताए शूट कराया गया था। टीजर देखने के बाद उन्होंने खुद मेकर्स से इसे हटाने की मांग की थी।

जीशान ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कुछ हफ्ते पहले एक फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिसकी शुरुआत मेरी आवाज में एक लाइन से होती है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस फिल्म से मेरा किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है।’

एक्टर ने आगे लिखा- ‘कुछ महीने पहले मुझसे बिना किसी संदर्भ के सिर्फ एक लाइन डब करने के लिए कहा गया था। मैंने निर्माताओं को व्यक्तिगत रूप से जानने के कारण भरोसे के साथ वह लाइन डब कर दी और इसके लिए कोई और जानकारी नहीं मांगी।’

‘जैसे ही टीजर रिलीज हुआ और मैंने देखा कि मेरी आवाज का किस संदर्भ में (गलत तरीके से) इस्तेमाल किया गया है, मैंने फिल्म निर्माताओं से टीजर से मेरी आवाज हटाने को कहा, क्योंकि मेरा इस फिल्म से कोई लेना-देना नहीं है। मेरी कड़ी आपत्ति के बाद निर्माताओं ने 15 दिन पहले टीजर से मेरी आवाज हटा दी।’

जीशान ने अपनी सफाई में कहा ‘हालांकि, इससे एक कलाकार के तौर पर मेरी स्थिति साफ हो जाती है कि मैं कभी भी इस तरह के किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनूंगा।’

यह भी पढ़े- ‘चिट भेजने की गलती मेरी थी’, रितेश देशमुख की फटकार के बाद धीरज धूपर की पत्नी विनी अरोड़ा ने कबूला सच

इसके अलावा जीशान अय्यूब ने वर्तमान समय में चल रहे नीट परीक्षा के प्रोटेस्ट पर अपनी राय रखते हुए कहा- ‘हमारा पूरा ध्यान इस समय देश की मौजूदा स्थिति पर होना चाहिए, जहां हमारे युवा और जुझारू छात्र सड़कों पर उतरकर बहादुरी से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके प्रेरणादायक जज्बे को सलाम। जय हिंद, जय संविधान।’

फिल्म ‘चौहान’ कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है जिसमें अजय देवगन ने एक फौजी की भूमिका निभाई है। फिल्म का अभी सिर्फ अनाउंसमेंट वीडियो सामने आया है। फिल्म अगले साल 1 अक्तूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, फिल्म का निर्देशन नीरज यादव ने किया है और ज्योति देशपांडे, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा फिल्म के निर्माता हैं।