हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल होने से पहले जीनत अमान की जिंदगी की दिशा बिल्कुल अलग थी। पढ़ाई में बेहद रुचि रखने वाली जीनत कभी भी अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं। इस बात का खुलासा उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान किया। उनके मुताबिक, मशहूर लेखक अमानुल्लाह खान की बेटी होने के बावजूद उनका हिंदी फिल्मों से खास जुड़ाव नहीं था।
इतना ही नहीं, अपने माता पिता के तलाक के बाद एक्ट्रेस अपनी मां के साथ रहती थीं जिस वजह से उनका फिल्मी दुनिया की तरफ झुकाव कभी बन ही नहीं पाया। लेकिन मॉडलिंग में मिली एक छोटी सी शुरुआत उन्हें ब्यूटी पेजेंट्स तक ले गई और वहीं से उनके लिए फिल्मों के दरवाजे खुल गए। एक्ट्रेस ने बताया इसके बाद उनकी पढ़ाई अधूरी रह गई और उनकी जिंदगी ने एक नया मोड़ ले लिया।
माता पिता के तलाक ने बदल दी जिंदगी
शुभ्रा अयप्पा से बातचीत में जीनत अमान ने बताया कि उनके पिता फिल्म इंडस्ट्री के फेमस राइटर थे, लेकिन इसका उनके बचपन पर कोई खास असर नहीं पड़ा था। उन्होंने कहा, “मेरे पिता अपने काम में बेहद शानदार थे, लेकिन मैं उनके साथ नहीं पली-बढ़ी। जब मैं दो साल की थी, तभी मेरे माता-पिता अलग हो गए थे और मेरी परवरिश मेरी मां ने की। मैं अपने पिता से बेहद प्यार करती हूं और उन्हें याद भी करती हूं, लेकिन बचपन में फिल्मों का माहौल मेरे जीवन का हिस्सा नहीं था। बड़े होने के बाद ही मुझे उनके काम की महानता का एहसास हुआ।”
जीनत अमान कभी एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थीं
जीनत अमान ने कहा कि एक्टिंग की दुनिया में आने का उनका कभी कोई इरादा नहीं था। उनका सपना फिल्मों में काम करना नहीं, बल्कि आगे की पढ़ाई करना था। उन्हें यह भी नहीं पता था कि वे भारत में रहेंगी या नहीं। उन्होंने बताया कि मॉडलिंग के जरिए उन्हें फिल्मों में आने का मौका मिला और किस्मत ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी।
यह भी पढ़ें- Lock Upp 2: ‘वो बाइसेक्सुअल है’, आकांशा चमोला के बारे में श्रेया कालरा का बड़ा दावा
उन्हें हमेशा लगता था कि उनका भविष्य शिक्षा क्षेत्र में है। जीनत अमान ने बताया कि उनका बचपन हिंदी सिनेमा से बिल्कुल दूर रहा। उन्होंने कहा, “मेरे पिता फिल्म लेखक थे, लेकिन इसके बावजूद मुझे हिंदी फिल्मों के बारे में लगभग कुछ भी पता नहीं था। यह दुनिया मेरे लिए बिल्कुल नई थी।”
फिर कैसे जीनत अमान बनी बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस
सिर्फ 20 साल की उम्र में कैलिफोर्निया से लौटने के बाद जीनत अमान की मुलाकात बॉलीवुड एक्टर देव आनंद से हुई, जिन्होंने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्हें फिल्मों में बड़ा मौका दिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। जीनत जल्द ही हिंदी सिनेमा की सबसे ग्लैमरस अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं और अपने दौर की सबसे सफल और सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेसेस में गिनी जाने लगीं।
‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘धरम वीर’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘डॉन’ और ‘कुर्बानी’ जैसी फिल्मों में उनके यादगार अभिनय ने उन्हें बॉलीवुड का स्टाइल आइकन बना दिया।
