अपने पसंदीदा सेलेब्स को हमेशा देखना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन फैंस के लिए हमेशा मौजूद रहना उनके लिए कितना थकाऊ और हेकटिक हो सकता है, इसके बारे में शायद अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। हाल ही में कॉमेडियन ज़ाकिर खान ने बताया कि वो दो घंटे सोने के बाद लोगों से मुलाकात करते हैं। जिससे उनकी सेहत पर भी असर पड़ रहा है। इसलिए उन्होंने फिलहाल काम से ब्रेक लिया है। ऐसा करने वाले वो इकलौते नहीं हैं, साल 2026 में कई बड़े सेलेब्स ने खुलकर स्वीकार किया कि लगातार काम, पब्लिक प्रेशर और सोशल मीडिया ने उन्हें ब्रेक लेने पर मजबूर कर दिया है। किसी ने एक्टिंग से दूरी बनाई, तो किसी ने सोशल मीडिया से। आइए जानते हैं इस साल किन-किन सेलेब्स ने काम से ब्रेक लेने का फैसला किया है।
ज़ाकिर खान
स्टैंड-अप कॉमेडी की दुनिया का जाना-माना नाम ज़ाकिर खान ने लंबे ब्रेक का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार टूर, शूट और कंटेंट प्रेशर के चलते वे अपनी सेहत और मानसिक शांति पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आनुवंशिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में भी बात की। ज़ाकिर ने साफ किया कि यह ब्रेक कुछ महीनों का नहीं बल्कि कई सालों तक भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘मैंने खुद अपने शरीर को नुकसान पहुंचाया है’, इस बीमारी के कारण ज़ाकिर खान ने कॉमेडी से लिया ब्रेक
अरिजीत सिंह
बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सिंगर अरिजीत सिंह ने 2026 की शुरुआत में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वो प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर हो रहे हैं, अब वो कोई नएअसाइनमेंट्स नहीं लेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरीजीत अब म्यूजिक की दूसरी क्रिएटिव साइड और पर्सनल लाइफ पर ध्यान देना चाहते हैं। उनके इस फैसले ने फैंस को चौंका जरूर दिया, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने उनके फैसले का समर्थन कर रहे हैं। अरिजीत ने इस फैसले के पीछे का कारण बताते हुए एक्स पर लिखा था, “मैं जल्दी बोर हो जाता हूं, और इस वजह से मैं वही गाने अलग-अलग अरेंजमेंट्स के साथ परफॉर्म करता रहा। तो मुझे ऐसा करने में बोरियत हो गई है। इस वजह से अब मैं कुछ दूसरा म्यूजिक करने में रुचि रखता हूं, जिससे मैं जी सकूं।”
नेहा कक्कड़
सिंगर नेहा कक्कड़ ने जनवरी 2026 में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर कहा था कि वे काम और निजी जिंदगी दोनों से ब्रेक ले रही हैं। हालांकि बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी गई, लेकिन तब तक यह चर्चा का विषय बन चुकी थी। माना जा रहा है कि यह ब्रेक मेंटल और इमोशनल हेल्थ से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, “जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और उन सभी चीजों से ब्रेक लेने का समय आ गया है, जिनके बारे में मैं अभी सोच सकती हूं। पता नहीं कि मैं वापस आऊंगी या नहीं, धन्यवाद।”
करण जौहर
फिल्ममेकर करण जौहर ने इस साल सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला किया है। उन्होंने साफ कहा कि ट्रोलिंग और नेगेटिविटी उनके मेंटल हेल्थ को प्रभावित कर रही थी। हालांकि करण फिल्मों में एक्टिव हैं, लेकिन उन्होंने पब्लिक प्लेटफॉर्म से खुद को फिलहाल दूर रखा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखी, “एक हफ्ते के लिए डिजिटल डिटॉक्स! कोई फालतू की सोशल मीडिया पोस्ट नहीं! कोई डीएम नहीं! कोई पोस्ट नहीं! ईश्वर मुझे इससे दूर रहने की शक्ति दे!!!!”
