पंजाबी सिंगर यो यो हनी सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। उनके भतीजे की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। पंजाब के जालंधर में रविवार की सुबह एक खतरनाक सड़क हादसे में सिंगर के भांजे और पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक के बेटे की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी एक नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार जा टकराई।

दुर्घटना इतनी खतरनाक थी कि मौके पर ही कार में मौजूद सिंगर के भांजे समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विदित ओलक और आरव तलवार के रूप में हुई है। विदित ओलक हनी सिंह के भतीजे हैं और दूसरा शख्स पप्पी स्वीट्स के मालिक का बेटा था।

यह हादसा जालंधर के पुलिस लाइंस इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ। इस बात की जानकारी खुद हनी सिंह ने दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी के जरिए इस दुर्घटना के बारे में बताया। उन्होंने लिखा, ‘मेरे लिए यह दशक बेहद दर्दनाक रहा है। मैंने अपना भतीजा खो दिया है। यह सदमा मेरे लिए बेहद विनाशकारी और असहनीय है।’

यह भी पढ़ें- ‘मैं पूरी तरह गंजा हूं’, हनी सिंह का खुलासा: बाइपोलर डिसऑर्डर की दवाओं के बाद उड़ गए सारे बाल

वहीं, बारादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को हादसे की खबर रविवार सुबह करीब 3 बजे मिली थी। उनके मुताबिक, नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां खड़ा किया गया था।

इसी दौरान बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही कार कंट्रोल से बाहर होकर वहां खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि वोक्सवैगन कार में सवार दोनों युवक अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।