कन्नड़ इंडस्ट्री के रॉकिंग स्टार यश अपनी अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को रिलीज हो रही है। जिससे पहले यश फिल्म का जोर-शोर से प्रमोशन कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी बात की और बताया कि उनके स्टार बनने के बाद भी पिता बस चलाते थे।
हाल ही में यश आप की अदालत में आए और उन्होंने अपने करियर के साथ-साथ अपने जीवन के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से मजबूत होने के बावजूद उनके पिता बस चलाने की नौकरी करते रहे और वो इस काम को छोड़ना नहीं चाहते थे।
उनसे पूछा गया कि आज यश के पास पैसा, घर और सब कुछ है, फिर भी उनके पिता ने ड्राइवर की नौकरी जारी क्यों रखी, तो यश ने कहा, “हां, सर। उन्होंने काफी समय तक यह काम जारी रखा। मुझे लगता है कि जब मेरी बहन के बच्चे हुए, तब उन्होंने इसके बारे में सोचना शुरू किया। मैं उनसे इस बारे में पूछता था, लेकिन वह कहते थे- ‘तुम अपना काम करो, मैं अपना काम करूंगा।'”
यश ने आगे बताया कि लोगों की यह बात उन्हें थोड़ी परेशान करती थी कि उनका बेटा ऑडी में घूमता है, जबकि उनके पिता अभी भी बस चला रहे हैं। उन्होंने कहा, “इस बात ने मुझे थोड़ा परेशान किया। इसलिए बाद में मैंने उन्हें कार से भेजना शुरू कर दिया। मैंने उनसे कहा, ‘आप ड्राइविंग मत छोड़िए।'”
यश ने बताया कि वह चाहते थे कि उनके पिता अपने काम को सम्मान के साथ जारी रखें, लेकिन उन्हें बस तक जाने के लिए महंगी कार की जरूरत नहीं थी। यश के मुताबिक, उनके पिता को यह दिखावा पसंद नहीं था।
उन्होंने कहा, “मैं उनसे कहता था, ‘इसे मेरे लिए मत छोड़िए। मुझे लगता है कि इतना कमाने के बाद भी आप यह काम कर रहे हैं। अब आपको इसकी जरूरत नहीं है।’ लेकिन मैंने इसे कभी अपमानजनक नहीं समझा। मैं सोचता था कि अब मैं कमा रहा हूं, तो आप आराम से जिंदगी का आनंद लीजिए।” यश ने बताया कि उनके पिता कहते थे कि वह पैसे के लिए काम नहीं करते, बल्कि उन्हें अपना काम पसंद है और यही उनकी पहचान है।
यह भी पढ़ें: यश ने बताया- ‘टॉक्सिक’ में इंटिमेट सीन्स देख पत्नी राधिका पंडित थी नाखुश, बोले- मेरे लिए बहुत मुश्किल था
यश ने बताया कि जब वह बड़े-बड़े सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होते थे, जहां कई मंत्री और बड़े अधिकारी मौजूद रहते थे, तब भी उनके पिता बेहद सादगी से अपने साथी कर्मचारियों के बीच खड़े रहते थे। एक तरफ यश को कार्यक्रम में खास मेहमान के तौर पर सम्मान मिलता था, वहीं उनके पिता अपनी नौकरी और सहकर्मियों के बीच उसी सहजता से मौजूद रहते थे। यश के मुताबिक, उनके पिता ने कभी बेटे की शोहरत को अपनी पहचान नहीं बनने दिया और अपनी मेहनत से कमाई पहचान को हमेशा सबसे ऊपर रखा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो यश अब अपनी अगली फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगे। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है। इसके बाद यश की अगली बड़ी फिल्म नितेश तिवारी की ‘रामायण’है। इस फिल्म में वह रावण के किरदार में नजर आएंगे।
