कुमार सानू ने बॉलीवुड को 90 के दशक में कई बेहतरीन गाने दिए हैं। लगभग हर फिल्म में उनके गाने एड किए जाते थे, जिनमें से काफी सारे सुपरहिट की कैटेगरी में शामिल हो गए। साल 1995 में आई फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में सिंगर का गाया हुआ गाना ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ आज भी लोगों के जुबान पर चढ़ा रहता है।

इस गाने और फिल्म से जुड़ा एक विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। जब यश चोपड़ा ने कुमार सानू के साथ पेमेंट को लेकर हुई बहस के बाद उनके साथ सभी तरह के प्रोफेशनल रिश्ते खत्म कर दिए थे।

इस बारे में सालों बाद सिंगर ने अपनी चु्प्पी तोड़ते हुए कहा कि उनसे भूल हो गई थी जो उन्होंने अपने पैसे मांगे। सिंगर ने ये भी बताया कि उस फिल्म के बाद यश चोपड़ा ने उनके साथ कभी काम नहीं किया। सेट पर हुए बर्ताव के बारे में भी सिंगर ने बात की।

यह भी पढ़ें- ‘मैं गाना गा रहा था, दाऊद सामने बैठा था’, कुमार सानू ने बताया दुबई की पार्टी का किस्सा, बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन पर बोले…

गाना गाने के आधे पैसे भी नहीं मिले

लल्लनटॉप के साथ इंटरव्यू में सिंगर से यश चोपड़ा और फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे से जुड़े विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ‘बहुत से लोग उल्टा सीधा बोलते हैं हम सुनते रहते हैं, मैंने तुझे देखा तो ये जाना सनम गाना गाया और गाना गाने के बाद मैंने पैसा मांग लिया था, ये मेरी जिंदगी की भूल थी। उन्होंने कहा कि जो पैसा वो उस समय लेते थे, उसका 50% भी उन्हें नहीं मिला था।’

यश चोपड़ा ने गुस्से में चेक बदला

‘मेरी बस इतनी गलती थी कि मैं बहस कर गया उस बात में। उन्होंने फिर मुझे चेक बदल कर दिया। सब दोपहर में खाने के टेबल पर बैठे हुए थे और वो पेमेंट लेकर आए। मैंने देखा तो बोला कि ये मेरा नहीं है। मैं इतना पैसा लेता हूं। ये सुनते ही उन्होंने मुझे गुस्से में चेक बदलकर दिया और हमेशा के लिए मेरे साथ काम करने से हाथ जोड़ लिए और राम राम कर लिया।’ सिंगर ने कहा

कुमार सानू- मुझे झूठ से नफरत है

सिंगर कुमार सानू ने आगे कहा कि ‘मेरे लाइफ में कुछ उसूल हैं। मैं झूठ से नफरत करता हूं। एक इंसान अगर मर रहा है और झूठ बोलकर उसका लाइफ बच जाता है तो झूठ बोल लो, छोटी बातों में झूठ बोलने का क्या फायदा। उनका कहना था कि मैं जिंदगी भर दूंगा लेकिन मांगूगा नहीं।’

‘मैंने जो जगह लाइफ में बनाई है उस चीज का इज्जत सामने वाला करे। आप मुझे सोच रहे हो ऐसा वैसा, ऐसा नहीं है। मैंने भी बहुत कुछ करके ये हासिल किया है। हमने काफी पापड़ बेले हैं। हमने भी बहुत प्याज छीले।’

DDLJ के सेट पर हुआ था खराब बर्ताव

कुमार सानू ने कहा कि ’26 हजार गाने ऐसे ही कोई नहीं गा देता। अपने साथ हुए बर्ताव के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि आप एक सिंगर को बुलाते हो, उसके बाद आप ऐसा व्यवहार कर रहे हो कि तू बैठा रह वहीं, आपको कोई देखने वाला नहीं है। मैं आखिरी इंसान होऊंगा जो ये बर्दाश्त करेगा। उन्होंने कहा कि मैं अभी नाम नहीं लूंगा, उसके पापा करके चले गए अब बोलूंगा तो उसका बेटा भूगतेगा।’

यह भी पढ़ें- ‘जो सही लगे, वो करो’, ‘टॉक्सिक’ के गाने पर कियारा आडवाणी की ट्रोलिंग को लेकर यश का मुंहतोड़ जवाब

कुमार सानू की 90 के दशक की फीस

उन्होंने कहा कि ‘उनका उसूल था कि इज्जत दोगे तो इज्जत मिलेगा। अगर आपने मुझे गाने के लिए बुलाया तो मेरा जो इज्जत है वो आपको देना पड़ेगा। सिंगर ने बताया कि उस समय वह 25 हजार रुपये लेते थे और मामला 10 पर आकर अटक गया था।’

यश चोपड़ा और कुमार सानू के बीच ये जंग 1995 से शुरू हो गई थी और उसके बाद दोनों ने साथ में कभी काम नहीं किया। बताया जाता है कि इस विवाद के बाद यश की बाकी फिल्मों में कुमार सानू के गाए गानों को भी हटा दिया गया था।

कहा जाता है कि यश चोपड़ा का मानना था कि यशराज बैनर एक बड़ा ब्रांड है और कलाकारों को उनके बैनर के लिए कम या बिना किसी जिद के काम करना चाहिए।