साल 2018 में ‘केजीएफ’ फिल्म से साउथ सुपरस्टार यश को वो कामयाबी मिली जिसके वो हमेशा से हकदार थे। उससे पहले भी एक्टर कई फिल्मों में दिखाई दिए थे लेकिन ‘केजीएफ’ ने उनके फिल्मी करियर का ग्राफ ही बदल दिया था।
यश की फिल्म ‘केजीएफ’ बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘जीरो’ के साथ बड़े पर्दे पर टकराई थी। कमाल की बात ये रही कि ‘केजीएफ’ के आगे ‘जीरो’ ठंडी पड़ गई थी। लेकिन इस बारे में उन्हें भी कोई अंदाजा नहीं था कि दर्शकों को ये फिल्म इतनी पसंद आ जाएगी।
हाल ही में यश अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशन के लिए आप की अदालत में पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म और अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात की।
शाहरुख की फिल्म से टकराव पर यश का बयान
इस बातचीत में शो के होस्ट रजत शर्मा ने यश से सवाल किया कि ‘क्या ये सच है कि शाहरुख खान ने आप से मिलने के लिए मना कर दिया था तो उसके बदले में जानबूझकर अपनी फिल्म ‘केजीएफ’ को आपने ‘जीरो’ के साथ रिलीज किया था।’ इस बारे में यश ने इसके पीछे की असली वजह बताते हुए कहा कि उनकी फिल्म बहुत छोटी फिल्म थी, उन्हें तो पता भी नहीं था।
यश ने अपने जवाब में कहा कि- ‘हमारी फिल्म काफी छोटी ती और शाहरुख सर की फिल्म तो बहुत बड़ी थी इसलिए हमने उसे उसी दिन रिलीज कर दिया।’ दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बारे में सवाल किया गया तो एक्टर ने कहा कि ‘वो एक सुपरस्टार हैं और जिस दिन मैंने ये सोच लिया कि मैं अपने सीनियर्स से बड़ा हो गया हूं, उसी दिन मेरी दुकान बंद।’
यह भी पढ़ें- Batwara 1947 First Review: सनी देओल-अभिमन्यु सिंह की एक्टिंग ने जीता दिल, कैसी है फिल्म की कहानी?
केजीएफ के आगे फीकी पड़ी थी जीरो
साल 2018 में आई फिल्म ‘केजीएफ’ ने दुनियाभर में करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। जबकि शाहरुख खान की फिल्म ‘जीरो’ दुनियाभर में लगभग 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई थी।
यश अपने फैंस के लिए 26 अगस्त को ‘टॉक्सिक’ फिल्म लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और फिल्म की कहानी के बारे में अभी तक कोई खास जानकारी मौजूद नहीं है, जिसकी वजह से दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बरकरार है। फिल्म में उनके अलावा कियारा अडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
