साउथ की अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी हुई हैं। सामंथा अभिनेता नागा चैतन्य से उनके तलाक के बाद लगातार चर्चाओं में हैं। सामंथा और नागा चैतन्य ने अचानक तलाक लेकर अपने प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया था। बता दें, दोनों की शादी लगभग चार साल तक चली, जिसके बाद उन्होंने अलग होने का फैसला किया। जिसकी शुरुआत सामंथा ने सोशल मीडिया हैंडल से पति का सरनेम अक्किनेनी हटाने के साथ की थी।
सामंथा और नागा चैतन्य अक्किनेनी ने बाद में अक्टूबर 2021 में सोशल मीडिया पर अपने तलाक की घोषणा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था। इसके बाद से ही वो सुर्खियों में छाई हुई हैं। वहीं आज एक बार फिर सामंथा और नागा चैतन्य खबरों में छाए हुए हैं। दरअसल अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम से अलग होने वाला घोषणा का वो पोस्ट को डिलीट कर दिया है। जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की खबरें चल रही है।
जैसे ही सामंथा के इंस्टाग्राम हैंडल से वो पोस्ट डिलीट हुआ, वैसे ही कई लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि ये जोड़ी एक साथ वापस आ रही है। लोग एक बार फिर दोनों को साथ देखने के लिए खुश हो गए। हालांकि, गुल्टे के एक ताजा अपडेट अनुसार कहा गया है कि नागा और सामंथा एक साथ वापस नहीं आ रहे हैं। उन्होंने ऐसा केवल अपने सोशल मीडिया हैंडल से उन पोस्टों को हटाने के लिए किया जो अब प्रासंगिक नहीं हैं।
वहीं कई लोगों को उम्मीद थी कि सामंथा और नागा चैतन्य ने अपने मतभेदों को सुलझा लिया होगा और फिर से साथ रहेंगे। लेकिन इस अपडेट से उनकी ये उम्मीद टूट गई।
बता दें, सामंथा और नागा चैतन्य साल 2014 में फिल्म ‘ऑटोनगर सूर्या’ की शूटिंग के दौरान करीब आ गए थे और एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे। जिसके बाद चैतन्य के पिता नागार्जुन ने साल 2015 में दोनों के इस रिश्ते के बारे में मीडिया को बताया था। वहीं नागा चैतन्य और सामंथा 6 अक्टूबर, 2017 को गोवा में शादी के बंधन में बंधे थे। लेकिन शादी के चार साल बाद ही दोनों अलग हो गए।
गौरतलब है इससे पहले नागा चैतन्य ने तलाक को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थी और कहा था ‘अलग होना ठीक है। ये उनकी व्यक्तिगत खुशी के लिए एक आपसी निर्णय है। अगर वो खुश है, तो मैं खुश हूं। इसलिए ऐसे में तलाक सबसे अच्छा निर्णय है’।