पिछले एक दशक में फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जहां कभी मसाला फिल्में और फिक्शन कहानियां बॉक्स ऑफिस पर राज करती थीं, वहीं अब असल जिंदगी पर आधारित बायोपिक फिल्मों का दौर तेजी से बढ़ रहा है। खेल, राजनीति, सिनेमा, बिजनेस हर क्षेत्र की कहानियां अब बड़े पर्दे पर उतर रही हैं। सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या बदल गया कि बायोपिक फिल्में फिल्ममेकर्स और दर्शकों दोनों की पहली पसंद बनती जा रही हैं?

दर्शकों की बदलती पसंद या कुछ और?

दरअसल आज का दर्शक सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि रियल और रिलेटेबल कहानियां देखना चाहता है। बायोपिक फिल्में दर्शकों को यह अहसास कराती हैं कि जो कहानी वे देख रहे हैं, वह सच में किसी की जिंदगी का हिस्सा रही है और यही जुड़ाव इन्हें खास बनाता है।

ऑडियस को पसंद आती है जानी-पहचानी कहानियां?

बायोपिक फिल्मों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उनका विषय पहले से ही लोगों के बीच जाना-पहचाना होता है। किसी मशहूर खिलाड़ी, नेता या सेलिब्रिटी पर फिल्म बनती है, तो दर्शकों में पहले से ही जिज्ञासा बनी रहती है। यही वजह है कि इन फिल्मों को मार्केट करना भी आसान होता है और इनका बज पहले से बना रहता है।

यह भी पढ़ें: फिल्मों में कैसे कराई जाती है बिन मौसम बरसात- साफ आसमान से ऐसे होती है फेक रेन

इनकी कहानी पहले से ही लोगों के बीच जानी-पहचानी होती है, इसलिए दर्शकों की रुचि भी पहले से बनी रहती है और ऐसे में फिल्म को लेकर अलग से माहौल बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। साथ ही, इन फिल्मों में अक्सर भारी VFX या बहुत बड़े बजट की जरूरत नहीं होती, जिससे लागत भी कंट्रोल में रहती है। यही कारण है कि प्रोड्यूसर्स के लिए बायोपिक एक सुरक्षित और फायदे का सौदा बनती जा रही हैं।

OTT प्लेटफॉर्म्स के आने के बाद बायोपिक कंटेंट को और ज्यादा बढ़ावा मिला है। अब सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित न रहकर, असल जिंदगी की कहानियां वेब सीरीज, डॉक्यू-ड्रामा और मिनी सीरीज के रूप में भी सामने आ रही हैं। इससे उन लोगों की कहानियों को भी जगह मिल रही है, जो पहले सुर्खियों में नहीं थे। छोटे शहरों या कम चर्चित व्यक्तियों की जिंदगी भी अब दर्शकों तक पहुंच रही है।

बायोपिक फिल्मों की सबसे बड़ी ताकत उनका इमोशनल कनेक्ट होता है। ये सिर्फ एक कहानी नहीं दिखातीं, बल्कि किसी इंसान के संघर्ष, असफलता और सफलता के पूरे सफर को सामने लाती हैं। यही वजह है कि दर्शक इनसे जुड़ाव महसूस करते हैं और कई बार प्रेरित भी होते हैं। एक आम इंसान का असाधारण सफर हो या किसी बड़े स्टार की असली जिंदगी-दोनों ही दर्शकों पर गहरा असर छोड़ते हैं।

यह भी पढ़ें: फिल्मों में क्यों होते हैं इंटरवल? पॉपकॉर्न और वॉशरूम ब्रेक से कहीं ज्यादा दिलचस्प है वजह

फिल्म इंडस्ट्री में बायोपिक को अक्सर अवॉर्ड जीतने वाला जॉनर भी माना जाता है। ऐसे किरदार निभाने में एक्टर्स को अपने अभिनय का पूरा दम दिखाने का मौका मिलता है, इसलिए बड़े सितारे भी इस तरह की फिल्मों में काम करने के लिए उत्साहित रहते हैं। कई बार ये फिल्में क्रिटिक्स और अवॉर्ड्स दोनों में अच्छा प्रदर्शन करती हैं।

हालांकि, बायोपिक फिल्मों के बढ़ते चलन के साथ कुछ चुनौतियां भी सामने आई हैं। अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या इन फिल्मों में पूरी सच्चाई दिखाई जाती है या कहानी को ज्यादा दिलचस्प बनाने के लिए उसमें बदलाव किए जाते हैं। कुछ लोग यह भी मानते हैं कि ज्यादा बायोपिक बनने से फिल्मों में नई और अलग कहानियों की कमी हो सकती है। कई बार इन फिल्मों पर तथ्यों से छेड़छाड़ और जरूरत से ज्यादा ड्रामेटाइजेशन के आरोप भी लगते हैं। ऐसे में जरूरी है कि फिल्ममेकर्स सच्चाई और मनोरंजन के बीच सही संतुलन बनाए रखें।