दिग्गज फिल्म निर्माता एमएम बेग का 70 साल की उम्र में निधन हो गया है। हनीफ जावेरी ने यह जानकारी पीटीआई को दी है। उन्होंने कहा, “मशहूर फिल्म निर्माता एम एम बेग, जो बीते जमाने के लोकप्रिय बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता थे और जिन्होंने “रजिया सुल्तान” जैसी फिल्मों में काम किया था और “छोटी बहू” का निर्देशन किया था, अपने घर में मृत पाए गए।”
ज़वेरी ने बाद में और जानकारी देते हुए कहा, “वह काफी समय से बीमार थे। चूंकि वह चार-पांच दिनों तक घर से बाहर नहीं निकले, इसलिए पड़ोसियों ने उनके घर से आ रही दुर्गंध की शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने दरवाजा खोला, बेग साहब का शव मिला और उनकी बेटी को इसकी सूचना दी। बाद में, लगभग 1:30-2:00 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया। वह एक नेक इंसान थे। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”
बेग लोकप्रिय बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता थे और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक अनुभवी फिल्म निर्माता और निर्देशक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जे. ओम प्रकाश, विमल कुमार और राकेश रोशन जैसे दिग्गजों के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में की थी और कई बड़े फिल्मों में सहयोग किया था।
यह भी पढ़ें: रील गाथा: इन फिल्मों में थे दो-दो इंटरवल, एक मूवी का तो रनटाइम था 4 घंटे से भी ज्यादा
उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया था, जैसे ‘आदमी खिलौना है’, ‘जैसी करनी वैसी भरनी’, ‘कर्ज चुकाना है’, ‘काला बाजार’ और ‘किशन कैन्हया’। वो इन फिल्मों के साथ तकनीकी और निर्देशन से जुड़े थे।
उन्होंने 1994 में ‘छोटी बहू’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया और ‘मासूम गवाह’ जैसी फिल्मों पर भी काम किया। वह ‘रजिया सुल्तान’ जैसी फिल्मों पर भी काम किया था। हालांकि उनके कुछ प्रोजेक्ट बाद में रिलीज नहीं हुए। उनके फिल्मी करियर में उनका योगदान ज़्यादातर पर्दे के पीछे रहा, लेकिन इंडस्ट्री के अंदर उनकी साख मजबूत मानी जाती थी।
