बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान मंगलवार को मुंबई में अपने करीबी दोस्त कुमुद राणे के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान अभिनेता बेहद भावुक दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो और तस्वीरों में सलमान को श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में देखा जा सकता है।
अंतिम संस्कार में सिर्फ सलमान ही नहीं, बल्कि खान परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे। सलमान की मां सलमा खान, हेलेन, भाई सोहेल खान और बहन अर्पिता खान शर्मा ने भी दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वायरल हो रहे एक वीडियो में सलमान खान खुद को रोने से रोकते दिखे, लेकिन करीबी दोस्त को खोने का दुख उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि आखिर कुमुद राणे कौन थीं, जिनके अंतिम संस्कार में ना केवल सलमान बल्कि उनका पूरा परिवार शामिल हुआ।
यह भी पढ़ें: ‘मेरे मुंह पर जोरदार तमाचा था’, जब आर माधवन ने किया था रजनीकांत को कॉपी, अभिनेता बोले- मैंने एक ऐसी फिल्म…
कौन थीं कुमुद राणे?
सोशल मीडिया पर मिली जानकारी के अनुसार, कुमुद राणे की शादी जुग्गे राणे से हुई थी, जिन्हें सलमान खान का बेहद करीबी दोस्त माना जाता है। बताया जाता है कि कुमुद का भी सलमान और खान परिवार के साथ सालों पुराना रिश्ता था। वह उनकी फैमिली फ्रेंड थीं और अक्सर खान परिवार के साथ खास मौकों पर नजर आती थीं।
कुमुद राणे पेशे से एक सफल बिजनेस वुमन थीं और दुबई में रहती थीं। उन्होंने साल 2005 में ‘रेन ब्यूटी बार’ (Reign Beauty Bar) की शुरुआत की थी, जो दुबई के लोकप्रिय ब्यूटी और वेलनेस ब्रांड्स में गिना जाता है। अपनी मेहनत और कारोबारी समझ के दम पर उन्होंने इस उद्यम को एक पहचान दिलाई और सौंदर्य एवं वेलनेस बिजनेस में अपनी अलग जगह बनाई।
कुमुद राणे भले ही लाइमलाइट से दूर रहती थीं, लेकिन उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स से खान परिवार के साथ उनकी गहरी दोस्ती की झलक साफ दिखाई देती थी। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई तस्वीरों में सलमान खान और उनके परिवार के साथ बिताए गए कई खास पल नजर आते हैं।
इतना ही नहीं, वह सलमान की बर्थडे पार्टी का भी हिस्सा बनती रही थीं, जिससे उनके करीबी रिश्तों का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके अलावा, कुमुद की दोस्ती सीमा सजदेह के साथ भी काफी अच्छी थी। वह अक्सर सोहेल खान की पूर्व पत्नी सीमा के साथ समय बिताती नजर आती थीं। सोशल मीडिया पर मौजूद तस्वीरें बताती हैं कि कुमुद राणे पूरे खान परिवार की दोस्त थीं।
