फिल्म ‘हनुमान अंश’ से बॉलीवुड में बतौर एक्टर अपनी पहचान बनाने वाले शोभिनव सत्या इस समय काफी चर्चा में हैं। सालों तक पर्दे के पीछे काम करने के बाद शोभिनव सत्या ने बड़े पर्द पर कदम रखा, जहां उन्होंने फिल्म नीब करौरी बाबा के किरदार को निभाया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहले वह इस फिल्म में सिर्फ क्रू टीम का हिस्सा थे, लेकिन फिर उन्हें ये किरदार कैसे मिला।
हनुमान अंश से पहले शोभिनव सत्या कई बड़े प्रोजेक्ट्स में पर्दे के पीछे काम कर चुके हैं। तो चलिए बताते हैं कौन हैं शोभिनव सत्या और कैसे सालों की मेहनत का फल उन्हें अब मिला।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ में बनी ‘हनुमान अंश’, 10 लाख से की बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग… फिर कैसे बनी दर्शकों की पसंद; जानिए 5 वजहें
शोभिनव सत्या कहां के रहने वाले हैं
विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीब करौरी बाबा का किरदार निभाने वाले एक्टर शोभिनव सत्या मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। इसके अलावा एक्टर के बारे में माता-पिता या किसी भाई-बहन की कोई निजी जानकारी मौजूद नहीं है।
वह अपने परिवार को इस चकाचौंध वाली दुनिया से परे रखना पसंद करते हैं। कमाल बात ये है कि वह खुद 2009 से नीम करौला बाबा के भक्त हैं और पूरी तरह से शाकाहारी जीवन जीते हैं।
शोभिनव सत्या की पढ़ाई-लिखाई
शोभिनव ने अभिनय की शुरूआती ट्रेनिंग लखनऊ के ओपुलेंट स्कूल ऑफ एक्टिंग एंड फिल्म्स से ली। बाद में उन्होंने फिल्मों में जुड़ने से पहले बतौर शिक्षक, काउंसलर और मार्केटिंग हेड के रूप में भी काम किया। इसके बाद उन्होंने पुणे में एफटीआई यानी कि फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की।
शोभिनव सत्या कब से फिल्मी दुनिया में हैं
भले ही आज उनकी पहचान फिल्म हनुमान अंश से हो रही हो लेकिन वह करीब 10 सालों से ज्यादा समय से फिल्म बिजनेस में हैं और पर्दे के पीछे कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं।
आईएमडीबी के मुताबिक, साल 2019 में वेब सीरीज ‘रागिनी एमएमएस रिटर्न्स’ मे वे ट्रेनी असिस्टेंट डायरेक्टर रहे हैं। इसके अलावा सोनी टीवी के चर्चित शो ‘सीआईडी’ में उन्होंने 4 एपिसोड और फिल्म ‘महापुर’ में बतौर सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। टीवी सीरीज ‘हैपिली एवर आफ्टर’ में उन्होंने सुपरवाइजर के तौर पर भी काम किया।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ की फिल्म ने किया कमाल, नैनीताल के मशहूर बाबा की कहानी ने कमाई में लगाई 500% से ज्यादा की छलांग
शोभिनव सत्या का हनुमान अंश में किरदार
कहते है कि मेहनत का फल भले ही देर से मिले लेकिन मिलता जरूर है। ये बात शोभिनव सत्या पर भी लागू होती है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ इस समय कई वजहों से चर्चा में हैं और एक वजह शोभिनव सत्या की एक्टिंग भी है। दर्शकों का कहना है कि फिल्म में उन्होंने बाबा के किरदार को बेहद सहज तरीके से पर्दे पर उतार दिया।
नैनीताल के नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले एक्टर शोभिनव सत्या बताते हैं कि वह पहले इस फिल्म में सिर्फ क्रू टीम का हिस्सा थे लेकिन जब उनका स्क्रीन टेस्ट किया गया तो निर्देशक विशाल चतुर्वेदी उनसे काफी प्रभावित हुए और उन्हें ये किरदार दिया।
फिल्म हनुमान अंश का कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने काफी कम कलेक्शन के साथ ओपनिंग की थी। एक समय पर फिल्म के सिर्फ 25 शोज ही रह गए थे लेकिन अचानक फिल्म ने कलेक्शन में रफ्तार पकड़ी और फिल्म अब 7008 शोज के साथ सिनेमाघरों में शोकेस हो रही है। सैकनिल्क के मुताबिक, अब तक फिल्म ने भारत में 63.82 करोड़ रुपये की ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है और 54.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हो चुका है।
