पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर जैस्मिन सैंडलस इन दिनों अपनी सगाई की खबरों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। उन्होंने हाल ही में अपने ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के पहले कॉन्सर्ट पर सभी को अपने मंगेतर से मिलवाया और साथ ही सगाई की अंगूठी भी दिखाई। बता दें कि जैस्मिन के होने वाले पति का नाम शेखर चौधरी है और अब उनके फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर शेखर है कौन, तो चलिए आपको बताते हैं उनके बारे में।

कौन हैं जैस्मिन के मंगेतर शेखर चौधरी

शेखर चौधरी लाइमलाइट से दूर रहते हैं, लेकिन जैस्मिन के फैंस ने कई बार उन्हें सिंगर के साथ देखा है। फिर चाहे वह सिंगर के साथ कोई टूर हो, एयरपोर्ट हो या फिर कोई धार्मिक जगह की यात्रा… दोनों अक्सर साथ दिखाई दिए हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, जैस्मिन के कई इंस्टाग्राम पोस्ट और बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो में शेखर चौधरी की झलक देखने को मिलती रही है।

यह भी पढ़ें: दुनियाभर में 3000 करोड़ कमाने वाली ‘धुरंधर’ का जापान में नहीं चला जादू, पहले दिन 900 से भी कम लोगों ने देखी फिल्म

शेखर चौधरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री या पंजाबी म्यूजिक इंडस्‍ट्री से जुड़े नहीं हैं। यहां तक कि जैस्मिन ने भी उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। ऐसे में शेखर क्‍या करते हैं, उनके परिवार का बैकग्राउंड या सिंगर के साथ उनकी पहली मुलाकात की कहानी के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

कॉन्सर्ट में स्टेज पर करवाया शेखर को इंट्रोड्यूस

बता दें कि जैस्मिन के बीच कॉन्सर्ट में शेखर ने स्टेज पर एंट्री ली। इसके बाद सिंगर ने दौड़कर शेखर को गले लगा लिया और ऐलान किया कि शेखर के साथ उनकी सगाई हो चुकी है। फिर जैस्मिन ने कहा कि तू आ ही गया चौधरी साहब स्टेज ते, दिस इज माई मैन, एवरीबडी। ये वही इंसान हैं जिन्होंने मुझे रिंग पहनाई है, ये मेरे हैं।

कौन हैं जैस्मिन सैंडलस

जैस्मिन भारतीय-अमेरिकी गाय‍िका और गीतकार हैं, जो मुख्य रूप से पंजाबी गाने गाती हैं। उनका पहला गाना ‘मुस्कान’ साल 2007 में आया था और हिट रहा। वहीं, साल 2014 में उन्होंने फिल्म ‘किक’ के गाने ‘यार ना मिले’ के साथ बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत की। यह गाना भी अपने दौर में टॉप पर रहा था।

यह भी पढ़ें: ‘3 Idiots’ के चतुर को सताई सोनम वांगचुक की चिंता, बोले- उनकी जान भी जा सकती है