शनिवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुए 61वें फेमिना मिस इंडिया पेजेंट के ग्रैंड फिनाले में मिस इंडिया वर्ल्ड 2026 का ताज साध्वी सतीश सैल को पहनाया गया। उन्हें महाराष्ट्र की राजनंदिनी पवार ने कड़ी टक्कर दी, जिन्होंने पेजेंट में फर्स्ट रनर अप का स्थान हासिल किया।

वहीं, जम्मू-कश्मीर की श्री अद्वैता के सिर सेकंड रनर-अप का ताज सजा। इस साल मिस इंडिया 2024 की विनर निकिता पोरवाल ने साध्वी को क्राउन पहनाया। चलिए अब आपको बताते हैं कि साध्वी सतीश सैल कौन हैं।

यह भी पढ़ें: 40 की उम्र में दूसरी बार मां बनेंगी दीपिका पादुकोण, बेटी दुआ के साथ फोटो शेयर कर दी खुशखबरी

कौन हैं साध्वी सतीश सैल

गोवा की रहने वाली साध्वी एक मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं। उन्होंने कई फैशन शोज में रैंप वॉक किया है और कैलिफ़ोर्निया बुरिटो जैसे कैंपेन का चेहरा भी रह चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने कंस्ट्रक्शन और डेवलपमेंट सेक्टर में एक कंपनी की सह-स्थापना भी की है। अपनी जीत पर खुशी जताते हुए साध्वी ने यह मौका मिलने के लिए आभार जताया।

एएनआई से बात करते हुए साध्वी ने कहा, “यह पल अभी बहुत ही अवास्तविक लग रहा है। मैं बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं कि मुझे यह मौका मिला।” उन्होंने आगे कहा कि सभी कंटेस्टेंट के बीच एक मजबूत रिश्ता था और कॉम्पिटिशन के दौरान उन्होंने बहुत अच्छा समय बिताया।

साध्वी ने अपने साथी पार्टिसिपेंट्स को भी विनर बताया। उन्होंने कहा कि यह सफर मिलकर आगे बढ़ने और दोस्ती बनाने का था। साध्वी सतीश सैल ने कहा, “मेरे लिए मेरी सारी सखियां आज के लिए विनर्स हैं। हम बस यही चाहते हैं कि हम भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन करें।”

इसके अलावा भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करने को लेकर साध्वी सैल ने उत्साह और जिम्मेदारी दोनों जताई। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी, सच्चाई और दया के साथ अपने इस सफर को आगे बढ़ाना चाहती हैं और देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। साध्वी ने कहा, “अभी आगे बहुत लंबा सफर है, यह तो बस शुरुआत है।” साथ ही उन्होंने पूरे देश के लोगों से आशीर्वाद और समर्थन की भी अपील की।

यह भी पढ़ें: ‘भूत बंगला’ के कलेक्शन में आया उछाल, अक्षय कुमार की फिल्म ने वर्ल्डवाइड 60 करोड़ का आंकड़ा किया पार