बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के एक्स हस्बैंड और मॉडल-बिजनेसमैन मोहसिन अख्तर मीर ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है। उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी दूसरी शादी की घोषणा की।
मोहसिन ने निधा भट्ट के साथ निकाह किया और बाद में दोनों ने रिंग एक्सचेंज भी की। इस खास मौके पर सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त ही मौजूद रहे। बता दें कि मोहसिन ने यह निकाह उर्मिला मातोंडकर से अलग होने के लगभग दो साल किया है। उनकी और अभिनेत्री की शादी आठ साल तक चली थी।
मोहसिन ने कैप्शन में लिखी ये बात
बता दें कि निकाह की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने दोबारा प्यार मिलने पर खुशी जाहिर की। अपनी पोस्ट में मोहसिन ने अपनी पर्सनल जर्नी के बारे में बात की और अपनी जिंदगी में पॉजिटिविटी लाने के लिए अपनी नई पत्नी का शुक्रिया अदा किया। मोहसिन अख्तर मीर ने लिखा, “साफ नियत, सच्चे प्यार और सब्र-शुक्र से भरा दिल।
अपनी रूह को पाक रखो, रास्ते में खुद को हील करो और भरोसा रखो कि अल्लाह की लिखी कहानी हमेशा बेहतर होती है। सही समय पर अल्लाह ने मुझे मेरी खूबसूरत पत्नी निधा भट्ट की सच्चाई से नवाजा और मुझ पर बरकत की। तुम मेरी जिंदगी में रोशनी लेकर आईं। तो शुक्रिया मेरे प्यार।”
इसके आगे उन्होंने अपनी मां, जिन्हे कश्मीरी भाषा में ‘मौजी’ कहा जाता है उनको याद करते हुए लिखा, “शुक्रिया मौजी, दुनिया के दूसरी तरफ से मेरा ख्याल रखने के लिए। मैं जानता हूं कि यह आपकी दुआ और मेरे लिए आपका प्यार ही है जो इस तरह से मिला है। आज मुझे पता है कि आप ज्यादा सुकून में होंगी। मैं आपको जितना सोच सकता हूं, उससे कहीं ज्यादा याद करता हूं और आपसे प्यार करता हूं। हमें अपनी दुआओं में याद रखना।”
कौन है निधा भट्ट?
अब उर्मिला मातोंडकर के चाहने वाले उनके एक्स-हसबैंड मोहसिन अख्तर की नई पत्नी निधा भट्ट के बारे में और जानने के लिए उत्सुक हैं। मोहसिन ने पोस्ट में निधा को टैग किया, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट है। उनकी प्रोफाइल पिक्चर में एक मिरर सेल्फी लगी है, जिसमें वह काले रंग की ड्रेस पहने हुए दिख रही हैं। निधा के इंस्टाग्राम पर 150 से ज्यादा पोस्ट और एक हजार से ज्यादा फॉलोवर्स हैं और वह लगभग 260 अकाउंट्स को फॉलो करती हैं। उनके बायो में भी कुछ खास नहीं लिखा है।
मोहसिन अख्तर कौन हैं?
कश्मीर के रहने वाले बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन और उर्मिला की पहली मुलाकात 2014 में डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी में हुई थी। 2016 में जब दोनों ने शादी की, तो उनके निजी समारोह में शामिल होने वाले एकमात्र मशहूर व्यक्ति मनीष मल्होत्रा ही थे। उर्मिला और मोहसिन ने अमृतसर के गोल्डन टेम्पल के दर्शन किए थे और उसके बाद निकाह किया था।
2024 में उनके रिश्ते में खटास की खबरें सामने आईं, जब उर्मिला ने शादी के आठ साल बाद तलाक के लिए अर्जी दी। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अलग होने की वजहों के बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं की। फिर दोनों अलग हो गए और उनकी शादी खत्म हो गई।
