फेमस डायरेक्टर और अभिनेता नागराज मंजुले ‘फंड्री’ और ‘सैराट’ के बाद अपनी तीसरी मराठी फिल्म ‘खाशाबा’ लेकर आ रहे हैं। मेकर्स ने आज 2 जुलाई, 2026 को ‘खाशाबा’ का टीजर रिलीज किया। साथ ही यह भी बता दिया कि ये मूवी किस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। बता दें कि ‘खाशाबा’ एक बायोपिक फिल्म है, जिसे ज्योति देशपांडे (जियो स्टूडियोज), गार्गी कुलकर्णी और नागराज मंजुले (आटपाट प्रोडक्शंस) ने प्रोड्यूस किया है।
इसकी कहानी नागराज मंजुले और गार्गी कुलकर्णी ने लिखी है, इसे हर्षवर्धन वाघधारे ने शूट किया है और कुतुब इनामदार ने एडिट किया है। चलिए आपको बताते हैं कि इसके टीजर में क्या दिखाया गया है और खाशाबा आखिर कौन थे। साथ ही यह भी बता दें कि फिलहाल फिल्म में लीड रोल कौन निभा रहा है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
कैसा है ‘खाशाबा’ का टीजर
2 मिनट 8 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत एक शख्स के साथ होती है, जिसका चेहरा नहीं दिखाया गया, लेकिन वह खेत में खड़े होकर रस्सी घूमाते हुए नजर आता है। इसके बाद वह अपने घर और कुश्ती के लिए कड़ी मेहनत करता है। टीजर के साथ अजय-अतुल के संगीत की धुन भी सुनाई देती है।
इसमें आजादी से पहले के भारत की झलकियां दिखाई गई हैं, जिनमें कुछ ब्रिटिश अधिकारी और उस समय के आम लोग नजर आते हैं। फिल्म में नागराज, जितेंद्र जोशी, छाया कदम और ओम भुटकर जैसे कई कलाकार नजर आने वाले हैं।
कौन थे खाशाबा जाधव
बता दें कि यह फिल्म आजाद भारत के पहले ओलंपिक मेडल जीतने वाले खिलाड़ी खाशाबा जाधव की जिंदगी पर आधारित है। उन्होंने हेलसिंकी में 1952 के समर ओलंपिक्स में फ्रीस्टाइल रेसलिंग में कांस्य मेडल जीता था। केडी जाधव ने अपने पिता दादासाहेब से पांच साल की उम्र में ही कुश्ती सीखना शुरू कर दिया था।
स्कूल में कद छोटा होने के कारण उन्हें खेलने नहीं दिया जाता था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और क्विट इंडिया आंदोलन में भी भाग लिया। जाधव महाराष्ट्र के कोल्हापुर जैसे कुश्ती केंद्रों से जुड़े रहे। वहां उन्होंने स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर कई बार जीत हासिल की।
फिर 1952 हेलसिंकी ओलंपिक में उनका कांस्य पदक स्वतंत्र भारत की पहली व्यक्तिगत ओलंपिक उपलब्धि बनी। ये उपलब्धि 44 साल तक कायम रही, क्योंकि तब तक किसी अन्य भारतीय ने व्यक्तिगत मेडल नहीं जीता। कुश्ती छोड़ने के बाद उन्होंने बॉम्बे पुलिस में नौकरी भी की।
यह भी पढ़ें: ‘वो डर हुए हैं’, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन CJP को बताया वायरस तो प्रकाश राज ने कसा तंज
