दक्षिण भारतीय सिनेमा के म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन की शादी की खबर पर ऑफिशियल मुहर लग गई है। काव्या मारन की शादी की खबर सामने आते ही फैंस उनके बारे में जानने की एक्साइटमेंट जाहिर कर रहे हैं। वह लगभग 24 हजार करोड़ रुपये की मालकिन हैं और सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक हैं।
खास बात यह है कि इसकी पुष्टि खुद कपल या उनके परिवार की तरफ से नहीं, बल्कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से हुई है। 21 नवंबर को चेन्नई में दोनों का वेडिंग रिसेप्शन होगा। डीटेल में जानिए कौन है काव्या मारन
कौन हैं काव्या मारन
नवंबर में अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी करने जा रहीं काव्या मारन आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और को-ओनर हैं। उनकी निजी संपत्ति करीब 409 करोड़ रुपये आंकी जाती है।
काव्या ने चेन्नई के स्टेला मारिस कॉलेज से बीकॉम और ब्रिटेन के वारविक बिजनेस स्कूल से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद 2019 में उन्होंने सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया। फिर वह सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ीं और टीम की जिम्मेदारी संभालने लगीं। बता दें कि इस IPL फ्रेंचाइजी को उनके पिता कलानिधि मारन ने 2017 में खरीदा था।
चौथी सबसे महंगी आईपीएल टीम के मालिक
आईपीएल की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की वैल्यू भी काफी ज्यादा है। IPLOwners.com.in के मुताबिक, इस फ्रेंचाइजी की कीमत 17500 करोड़ से 18400 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है। इस वैल्यूएशन के साथ यह आईपीएल की चौथी सबसे महंगी टीम बताई गई है।
यह भी पढ़ें- काव्या मारन मशहूर स्टार को कर रही हैं डेट? जानिए कितनी अमीर हैं सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन
काव्या के पिता की कुल संपत्ति 24600 करोड़
काव्या मारन के पिता कलानिधि मारन की कुल संपत्ति करीब 24600 करोड़ रुपये बताई जाती है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में उन्हें 146वां स्थान मिला था। वह देश के बड़े मीडिया कारोबारियों में शामिल हैं। मारन परिवार की ज्यादातर संपत्ति का बड़ा हिस्सा सन टीवी नेटवर्क से आता है।
2025 में उड़ी थी रिश्ते की अफवाह
जून 2025 में रेडिट पर एक पोस्ट ने अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की डेटिंग की खबरों को हवा दे दी थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों एक साल से भी ज्यादा समय से रिलेशनशिप में हैं और शादी करने की प्लानिंग भी कर रहे हैं।
लेकिन अनिरुद्ध ने एक्स पर मजाकिया अंदाज में बताया था, ‘शादी, आह? शांत रहो दोस्तों, प्लीज झूठी अफवाहें मत फैलाओ।’ अनिरुद्ध को उनके हिट नंबर व्हाई दिस कोलावेरी डी के लिए जाना जाता है जो फिलहाल भारत के सबसे महंगे सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर हैं जो प्रति एल्बम 10 करोड़ रुपये लेते हैं। उसके बाद वह तमाम शानदार गानों को कंपोज कर चुके हैं।
तेलंगाना सीएम ने की म्यूजिक कंपोजर और काव्या की शादी कंपर्म
अब हाल ही में सीएम ऑफिस के ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की गई। इसमें बताया गया कि काव्या मारन के माता-पिता मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मिलने पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- IPL 2025: इशान किशन ने काव्या मारन को दी थी फ्लाइंग किस? जीत के बाद स्टार बल्लेबाज ने खुद किया खुलासा
तेलंगाना सीएमओ के एक्स पर लिखा- ‘सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने अपनी बेटी काव्या मारन की शादी के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को न्योता दिया।’
इसके साथ ही पोस्ट में काव्या के माता-पिता के साथ सीएम फोटो भी देखी गई। हालांकि अभी तक काव्या या अनिरुद्ध रविचंदर की तरफ से कोई अपडेट सामने नहीं आया है।
