कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री और ‘बिग बॉस’ कन्नड़ फेम कृषि थापंडा इन दिनों सुर्खियों में हैं। बेंगलुरु के आरआर नगर स्थित उनके अपार्टमेंट में एक बिजनेसमैन की कथित आत्महत्या के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। इस बीच सोशल मीडिया पर लोग कृषि थापंडा के बारे में जानना चाह रहे हैं। आइए जानते हैं कि आखिर कौन हैं कृषि थापंडा और उनका अब तक का सफर कैसा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु के आरआर नगर स्थित कृषि थापंडा के फ्लैट में उनके करीबी दोस्त और बिजनेसमैन वैशाक का शव मिला। शुरुआती जांच में मामला कथित आत्महत्या का माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले वैशाक ने कृषि को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। कॉल मिलते ही अभिनेत्री ने तुरंत उनके परिवार को इसकी सूचना दी। जब परिजन फ्लैट पहुंचे, तब तक वैशाक की मौत हो चुकी थी। उस समय कृषि फ्लैट में मौजूद नहीं थीं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैशाक लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहे थे। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल किसी आपराधिक साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कौन हैं कृषि थापंडा?

कृषि थापंडा कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने साल 2014 में मिस कर्नाटक का खिताब जीतकर ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा। इसी उपलब्धि के बाद उन्हें फिल्मों में अभिनय के अवसर मिलने शुरू हुए।

यह भी पढ़ें: बोल्ड सीन शूट करने के बाद क्यों चलती है सेंसर की कैंची? क्या मेकर्स को पहले नहीं होता नियमों का अंदाजा

दिलचस्प बात यह है कि अभिनय की दुनिया में आने से पहले कृषि एक अमेरिकी ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। कॉरपोरेट नौकरी के दौरान ही उन्हें पहली फिल्म का ऑफर मिला और यहीं से उनके करियर ने नया मोड़ लिया।

फिल्मों और बिग बॉस से मिली लोकप्रियता

हालांकि कृषि ने सबसे पहले फिल्म ‘काही’ साइन की थी, लेकिन साल 2016 में रिलीज हुई ‘अकीरा’ उनकी पहली रिलीज फिल्म बनी। इसके बाद उन्होंने ‘एराडु कनासु’, ‘कन्नडक्कागी ओंडन्नु ओत्ती’ समेत कई कन्नड़ फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया।

उनकी फिल्म ‘काही’ को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म को कर्नाटक स्टेट फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट स्क्रीनप्ले का सम्मान भी मिला।

फिल्मों के अलावा कृषि ने बिग बॉस कन्नड़ सीजन 5 में हिस्सा लेकर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इस रियलिटी शो के बाद उनकी पहचान कर्नाटक के घर-घर तक पहुंच गई और वह टीवी दर्शकों के बीच भी चर्चित चेहरा बन गईं।

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अब तक की शुरुआती जांच में इसे कथित आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह और परिस्थितियों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और तुरंत पेशेवर मानसिक स्वास्थ्य सहायता या स्थानीय हेल्पलाइन से संपर्क करें। मदद उपलब्ध है।