5 अप्रैल को मुंबई में चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन होने वाला है। ऐसे में हम आपको लगातार इसके पिछले कुछ एडिशन के खास पलों के बारे में बता रहे हैं। ऐसा ही एक मोमेंट साल 2010 में आया था, जब शाहरुख खान और शाहिद कपूर उस स्क्रीन अवॉर्ड को होस्ट कर रहे थे। उस दौरान उन्होंने स्टेज से नीचे जाकर कुछ फिल्ममेकर्स के साथ बातें की और बातों ही बातों में उनका मजाक भी उड़ाया।
होस्ट ने फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा से बातचीत की। बता दें कि उस साल फिल्ममेकर की मूवी ‘3 इडियट्स’ ब्लॉकबस्टर हुई थी। ऐसे में शाहरुख खान ने विधु से सवाल किया कि मैं आपसे जानना चाहता हूं कि आपने ‘3 इडियट्स’ बनाई, तो आप ये बताए कि आपको फिल्म इंडस्ट्री में कोई लगता है कि इडियट है।
यह भी पढ़ें: ‘हर नया कलाकार उनकी तरह बनने की कोशिश करता था’, जब वहीदा रहमान ने की थी जीतेंद्र तारीफ
इसके जवाब में विधु विनोद चोपड़ा ने कहा, “सबसे बड़ा इडियट वहां बैठा है, देव साहब। मैंने ऐसा इडियट नहीं देखा जो ज़िंदगी भर सिर्फ ऐसी फिल्में बनाता है, जिस पर उनका विश्वास है और बनाता जा रहा है।” शाहरुख भी यह सुनकर खुश हो गए। उसके बाद वह विधु विनोद चोपड़ा और शाहिद कपूर के साथ मिलकर देव आनंद से मिलने गए।
देव आनंद ने कही ये बात
माइक हाथ में लेकर देव आनंद ने शाहरुख और विधु के काम की तारीफ करते हुए कहा, “जैसे हो वैसे ही रहो। मुझे लगता है कि मैं इनके (शाहरुख) जैसे लोगों से, तुम्हारे (विधु विनोद चोपड़ा) जैसे लोगों से और सभी बेहतरीन लेखकों और निर्देशकों से मुकाबला कर रहा हूं। मुझे नहीं पता कि मैं सफल होऊंगा या नहीं, लेकिन मैं अपनी पूरी कोशिश कर रहा हूं।”
फिर बाद में शाहरुख खान ने विधु विनोद चोपड़ा से आगे पूछा कि क्या उन्होंने ‘3 इडियट्स’ के बनने या रिलीज के दौरान कुछ “बेवकूफी भरा” किया था, तो फिल्ममेकर ने कहा, “हां, मैंने प्रेस में अपना आपा खो दिया था और मैं चिल्लाया था।” जिस पर शाहरुख ने चुटकी लेते हुए कहा, “यह तो तुम हमेशा ही करते हो।” विधु ने सफाई दी, “लेकिन यह सबके सामने हुआ था।” एसआरके, जो हमेशा हाज़िरजवाब रहते हैं, उन्होंने तुरंत पलटवार किया, “यह भी तो तुम हमेशा ही करते हो।”
इम्तियाज अली को भी किया था रोस्ट
होस्ट सिर्फ विधु विनोद चोपड़ा पर ही नहीं रुके। शाहिद कपूर ने फिल्ममेकर इम्तियाज अली को भी रोस्ट किया, जिनके साथ उन्होंने ‘जब वी मेट’ में काम किया था। शाहिद ने पूछा, “आपकी ब्लॉकबस्टर फलम ‘लव आज कल’ में, जब ऋषि कपूर अपनी पिछली कहानी सुना रहे होते हैं, तो वह अचानक सैफ अली खान में कैसे बन जाते हैं?”
फिर शाहरुख खान ने भी मजाक करते हुए पूछा कि आप इतने शानदार डायरेक्टर हैं। मैं हमेशा पूछना चाहता था, क्या यह स्क्रिप्ट की मांग थी? इस पर इम्तियाज ने भी मजाक में जवाब दिया और कहा, “सर, यह मांग मेरे प्रोड्यूसर सैफ अली खान की थी। उन्होंने कहा कि वैसे भी हर तरफ मंदी छाई हुई है और किसी एक्टर को काफी बड़ी रकम देनी पड़ती है, यह आप अच्छी तरह जानते हैं सर। मैं चाहता था कि आप वह रोल करें, लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसा मत करो, यह मुश्किल होगा। इसके बजाय मैं ही वह रोल कर लूंगा।”
यह भी पढ़ें: Video: जब सुशांत सिंह राजपूत ने विक्की कौशल को कंधे पर घुमाया, आज भी याद की जाती है विनिंग स्पीच
