दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के सबसे चर्चित चेहरों में से एक बनकर उभरे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने राजनेता ‘जमील जमाली’ का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद आया है। सोशल मीडिया पर उनके किरदार से जुड़े वीडियो और डायलॉग वायरल हो रहे हैं।

रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे सितारों के साथ काम करने के बाद भी राकेश बेदी की परफॉर्मेंस अलग ही दिखाई दी, खासकर ‘धुरंधर 2’ के क्लाइमैक्स ट्विस्ट में। अब हाल ही में अभिनेता ने एक इंटरव्यू में बताया ही कि ये फिल्म देखने के बाद उन्हें सचिन तेंदुलकर का फोन आया था। चलिए आपको बताते हैं कि क्रिकेटर ने अभिनेता से क्या कहा।

यह भी पढ़ें: चेतक स्क्रीन अवॉर्ड 2026 में रहा ‘धुरंधर’ का बोलबाला, आदित्य धर की फिल्म ने जीते 14 अवॉर्ड्स

सचिन तेंदुलकर ने किया फोन

‘लल्लनटॉप’ के साथ बात करते हुए अभिनेता ने बताया कि उन्हें जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। जब राकेश बेदी से पूछा गया कि उनके पास इस रोल को करने के बाद किस-किस का फोन आया, जिनके फोन से उन्हें सच में खुशी मिली। इसके जवाब में एक्टर ने कहा, “सचिन तेंदुलकर… बोले राकेश जी मजा आ गया क्या छक्का मारा है आपने। फिर मैंने उनसे कहा कि हां तुमने भी बहुत छक्के मारे हैं, लेकिन छक्के इंडिया में गिरे और मेरा पाकिस्तान में।”

विक्की कौशल ने भी की जमकर तारीफ

इसी इंटरव्यू के दौरान विक्की कौशल का भी फोन आया। राकेश बेदी ने बातचीत के बीच में ही कॉल उठाया। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में उनकी एक्टिंग की तारीफ करते हुए कौशल ने कहा, “मैं खुद को रोक नहीं पाया, आपको फोन करना ही पड़ा। आपको देखना एक शानदार अनुभव था। हर बार जब आप स्क्रीन पर आते हैं, हर छोटा-सा जेस्चर कमाल का था। मेरे पास शब्द नहीं हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “परसों रात मैंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ देखी और मैं पूरी तरह हैरान रह गया, खासकर आपकी परफॉर्मेंस से। जब-जब आप स्क्रीन पर आए, वो एक खुशी का पल था। मुझे यकीन है कि फिल्म देखने वाला हर इंसान यही महसूस करेगा।”

प्रोपेगेंडा विवाद पर दिया जवाब

राकेश बेदी ने फिल्म को ‘प्रोपेगेंडा’ कहे जाने वाले विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आप किसी फिल्म को माइक्रोस्कोप से क्यों देख रहे हैं? अगर फिल्म फ्लॉप होती, तो आप उसमें खामियां नहीं निकालते। पहले भी कई प्रोपेगेंडा फिल्में बनी हैं… एक प्रधानमंत्री पर, एक अटल बिहारी वाजपेयी पर- वो क्यों नहीं चलीं? अगर फिल्म चल रही है, तो उसके पीछे कई कारण होते हैं।”

‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

वहीं, ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। तीसरे रविवार को भी फिल्म ने शानदार कमाई की। इंडिया में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,213.74 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 1,013.77 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह घरेलू स्तर पर 1000 करोड़ नेट का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है और ‘पुष्पा 2’, ‘बाहुबली 2’ के बाद ऐसा करने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बन गई है। 

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर से सबकी जली तो है’, जाकिर खान ने बॉलीवुड पर कसा तंज, बोले- बम फिल्म में फूटे लियारी में पर धुआं हुआ बांद्रा से जुहू में