बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने फिल्म ‘बॉबी’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से लोगों को दीवाना बना लिया था। 80 के दशक में रोमांटिक हीरो की नई छवि गढ़ने वाले ऋषि कपूर ने तमाम हिट फिल्में दीं। वे अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खासे चर्चित रहे। ऐसा ही एक किस्सा है जब ऋषि कपूर लड़की के कपड़ों में जेंट्स बॉथरूम में पहुंच गए थे।
दरअसल, यह किस्सा फिल्म ‘रफू चक्कर’ से जुड़ा है। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने लड़की का किरदार निभाया था। उस दौर में एक्टर को लड़की की भूमिका में देखना कोई आम बात नहीं थी, लेकिन एक एक्टर होने के नाते ऋषि कपूर ने लड़की के किरदार के लिए हां कहकर अपनी चॉकलेटी बॉय वाली इमेज को पीछे छोड़ दिया था। फिल्म की शूटिंग कश्मीर में चल रही थी, तब एक्टर को वॉशरूम जाना था।
लेकिन इस दौरान वह पूरे लड़की के गेटअप में थे। ऐसे में वह वॉशरूम जाने में थोड़ा असहज महसूस कर रहे थे, लेकिन वह लेडिज वॉशरूम में तो जा नहीं सकते थे। इसलिए वह जेंट्स वॉशरूम में ही गए। जैसे ही वो एंटर हुए, उन्हें देख दो विदेशी शर्म के मारे लाल हो गए और वहां से भाग निकले। वॉशरूम से निकलने के बाद वो दोनों विदेशी उन्हें ढूंढ रहे थे। अब वह महिला तो ऋषि कपूर थे ऐसे में उन लोगों को बाद में पता चला कि लड़की के गेटअप में नजर आई वह महिला एक्टर ऋषि कपूर थे।
बता दें, ऋषि कपूर की फिल्म ‘रफू चक्कर’ साल 1975 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ जानी-मानी अभिनेत्री और उनकी पत्नी नीतू कपूर नजर आई थीं, जिसमें दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था।
बता दें ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 में मुंबई में हुआ। ऋषि कपूर ने 1973 से लेकर साल 2000 के बीच करीब 92 फिल्मों में रोमांटिक हीरो का लीड किरदार निभाया। 2022 में रिलीज हुई शर्मा जी नमकीन उनकी आखिरी फिल्म है। साल 2008 में उनको फिल्म फेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। ऋषि शोमैन राज कपूर के मंझले बेटे थे।