इस वक्त पीयूष मिश्रा अपने नए इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं। जिसमें उन्होंने अपने जीवन के कई पहलुओं के बारे में बात की है। लोग अक्सर पीयूष मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब की शक्ल और आवाज को एक सा बताते हैं। इसे लेकर अब एक्टर ने एक मजेदार किस्सा शेयर किया है।
शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पीयूष मिश्रा ने बताया कि शुरुआत में उन्हें अपने और जीशान के बीच समानता का अहसास नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने बताना शुरू किया। यहां तक कि उनके घर में भी इस पर चर्चा होने लगी। हंसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने भी एक बार मजाक में पूछ लिया, “ये तुमने क्या कर दिया? ये प्रोडक्ट कहां से आ गया?”
लोग पीयूष मिश्रा से जीशान को लेकर करने लगे थे सवाल
पीयूष मिश्रा ने जीशान की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद टैलेंटेड और अच्छा इंसान बताया। उन्होंने ये भी बताया कि ये कन्फ्यूजन ‘नो वन किल्ड जेसिका’ के वक्त शुरू हुआ था। उस दौरान लोग उनसे पूछने लगे थे कि फिल्म में काम करने वाला लड़का क्या उनका बेटा है। तभी पहली बार उन्हें इस तरह से जीशान के बारे में पता चला।
यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने पार्टी में डिमोशन के बाद उठाए पुराने संसदीय मुद्दे तो प्रियंका चोपड़ा ने दिया साथ, वीडियो पर किया कमेंट
जीशान ने भी माना उनके और पीयूष मिश्रा में हैं समानताएं
वहीं जीशान ने भी माना कि दोनों में काफी समानता है। सिर्फ चेहरे में ही नहीं, आवाज में भी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी तो उन्हें खुद भी लगता है कि दोनों की आवाज मिलती-जुलती है।
लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में उन्होंने ये पूछा गया कि क्या उन्हें इस बात का बुरा लगता था। उन्होंने बताया कि पहले ये तुलना उन्हें पीयूष मिश्रा की तारीफ जैसी लगती थी, लेकिन अब वो इसके आदी हो चुके हैं। ज़ीशान ने कहा, “सच कहूं तो हम दिखते भी काफी एक जैसे हैं। मैंने उनकी पुरानी तस्वीरें देखी हैं, उसमें भी काफी समानता है।”
सबसे मजेदार किस्सा तब हुआ जब ‘रांझणा’ के बाद पीयूष मिश्रा ने जीशान को फोन किया। जीशान ने बताया कि एक अनजान नंबर से कॉल आया और सामने से आवाज आई, “मैं पीयूष मिश्रा बोल रहा हूं।”
बातचीत के दौरान पीयूष ने मजाक में पूछा, “तुम पैदा कैसे हो गए?” और फिर कहा कि लोग उन्हें फोन करके कह रहे हैं कि उनके ‘बेटे’ ने फिल्म में कमाल कर दिया। यहां तक कि उनकी पत्नी भी पूछ रही थीं कि ये बच्चा आया कहां से! इस पूरे मामले को दोनों एक्टर्स ने हंसी-मजाक में लिया और आज भी ये किस्सा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है।
