दिग्गज अभिनेत्री मुमताज अपने समय की बेहतरीन एक्ट्रेस में से एक रही हैं। उन्होंने राजेश खन्ना, मनोज कुमार, शशि कपूर और धर्मेंद्र समेत उस समय के लगभग सभी टॉप स्टार्स के साथ काम किया और अपनी एक अलग पहचान बनाई। 70s और 80s का समय वो था, जब सितारों की प्रोफेशनल लाइफ के अलावा उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा का विषय रहती थी। एक छोटी-सी गॉसिप भी किसी स्टार का करियर बना या बिगाड़ सकती थी।
उस दौर में देवयानी चौबल नाम की एक पत्रकार ने मुमताज के बारे में विवादित बात लिख दी थी। पत्रकार ने दावा किया था कि कोई नहीं जानता मुमताज के पिता कौन हैं। जहां कई स्टार्स ऐसी बातों को नजरअंदाज कर देते थे, वहीं मुमताज ने चुप रहने के बजाय कानूनी कदम उठाया। उन्होंने देवयानी चौबल के खिलाफ कोर्ट में केस किया। आखिरकार, इस मामले में चौबल को माफी मांगनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: मंगलवार को ‘भूत बंगला’ की कमाई में हुआ 13.3 प्रतिशत का इजाफा, भारत में अक्षय की फिल्म ने कमाए 86 करोड़
मुमताज ने बताया किस्सा
विक्की लालवानी के साथ बात करते हुए मुमताज ने कहा, “हां, उन्होंने दावा किया था कि कोई नहीं जानता कि मुमताज का पिता कौन है। तब मैं उसे कोर्ट ले गई।” अभिनेत्री ने आगे बताया कि फिर उन्होंने अपने पिता से संपर्क किया, जो हैदराबाद में रहने वाले एक ईरानी व्यक्ति थे और दूसरी शादी कर चुके थे। भले ही उन्हें हिंदी अच्छी तरह नहीं आती थी, लेकिन जब मुमताज ने उनसे बात की तो उन्होंने बहुत प्यार से जवाब दिया।
मुमताज ने अपने पिता से कहा, “एक राइटर ने कहा है कि मेरा कोई पिता नहीं है।” यह सुनकर उनके पिता हैरान हो गए और बोले, “तो फिर मैं कौन हूं।” इसके बाद मुमताज़ ने उन्हें सच सामने लाने के लिए कोर्ट में आने को कहा और उनके पिता मान गए। मुमताज के अनुसार चौबल को जब इस बात का पता चला तो वह घबरा गईं।
मुमताज ने बताया, “मैंने उसे धमकी दी और कहा कि मैं तुम्हें जेल भिजवा दूंगी।” तब चौबल माफी मांगने लगी और कहने लगीं कि उन्होंने वही लिखा जो लोग कह रहे थे। इस पर मुमताज़ ने उनसे सवाल किया कि इतनी गंभीर बात लिखने से पहले उन्होंने सच क्यों नहीं जांचा। मुमताज ने कहा, “तुम इतनी घटिया बात कैसे लिख सकती हो?” यह सुनकर चौबल रोने लगीं।
मुमताज में मंगवाई थी माफी
मुमताज ने चौबल से साफ कहा कि उन्हें सिर्फ माफी नहीं, बल्कि पब्लिक में गलती सुधारनी होगी। उन्होंने पत्रकार से कहा कि उसी मैगजीन में लिखकर बताएं कि उनके पिता हैं, उनका नाम अब्दुल सैयद अस्करी है और वह हैदराबाद में रहते हैं। मुमताज के मुताबिक, उन्होंने चौबल से यह माफी चार बार छपवाई।
