बॉलीवुड के गलियारों में पुरानी फिल्मों और गानों के किस्से अक्सर चलते हैं। कुछ चुनिंदा मूवीज के गाने ऐसे हैं, जिनका क्रेज कभी खत्म नहीं हो सकता है। किशोर कुमार ने साल 1974 की ‘आप की कसम’ फिल्म के लिए एक गाना गाया था, उन्होंने गाने की एक लाइन में कुछ ऐसा शामिल किया था, जो प्रोड्यूसर से बदला लेने का प्लान था। आइए इस रोचक किस्से को आपके साथ विस्तार से शेयर करते हैं।
यहां हम जिक्र कर रहे हैं, ‘आप की कसम’ फिल्म के एक हिट गाने का। दरअसल, इस फिल्म के लिए गानों की एल्बम पंचम दा यानी आरडी बर्मन ने तैयार की थी। लेकिन, उन्हें एक गाना और शामिल करना था, जो किशोर कुमार ने गाया था। इस गाने के लिए 50 हजार रुपये की मांग पंचम दा ने प्रोड्यूसर से की थी, जो देने के लिए तैयार हो गए थे। हालांकि, बाद में कुछ ऐसा हुआ था कि आरडी बर्मन दो दिनों तक प्रोड्यूसर की एक बात सुनकर परेशान हो गए थे।
किशोर कुमार ने प्रोड्यूसर से लिया था बदला
इस फिल्म के मशहूर गाने ‘जय जय शिव शंकर’ से जुड़ा एक रोचक किस्सा है। इस गाने के लिए आरडी बर्मन ने प्रोड्यूसर जे. ओम प्रकाश से 50 हजार रुपये मांगे थे। प्रोड्यूसर ने रकम तो दे दी, लेकिन दो दिनों तक इस बात को लेकर तंज कसते रहे कि उनके 50 हजार रुपये खर्च हो गए। इससे पंचम दा परेशान हो गए थे।
यह भी पढ़ें: ‘मुझे कभी ऑफर ही नहीं हुआ…’ ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का किरदार ठुकराने के दावे पर नागार्जुन ने दी सफाई
जब गाने की रिकॉर्डिंग के लिए किशोर कुमार पहुंचे, तो उन्हें भी इस पूरे मामले की जानकारी मिली। रिकॉर्डिंग के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक लाइन जोड़ दी कि ‘अरे बजाओ रे बजाओ… ईमानदारी से बजाओ… अरे बजाओ, 50 हजार खर्चा कर दिया है।’ गाना सुनते वक्त यह लाइन सामान्य लगती है, लेकिन कहा जाता है कि यह किशोर कुमार का हल्का-फुल्का जवाब था, जो उन्होंने प्रोड्यूसर के तंज के जवाब में दिया।
जब प्रोड्यूसर को इस बात का एहसास हुआ, तो उन्हें काफी शर्मिंदगी महसूस हुई। अब जब भी आप यह गाना सुनें, तो इस दिलचस्प किस्से को जरूर याद करें।
