1990 के दशक में गोविंदा बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सितारों में गिने जाते थे। उनकी कॉमिक टाइमिंग, डांस और लगातार हिट फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री का बड़ा स्टार बना दिया था। हालांकि दशक के अंत तक उनकी लोकप्रियता धीरे-धीरे कम होने लगी। 2000 के दशक के बीच तक आते-आते गोविंदा बदलते दौर के साथ अपनी नई छवि बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राजनीति में कदम रखा और करीब तीन साल तक फिल्मों से दूरी बना ली।

जब वह फिल्मों में लौटे तो उम्मीद थी कि दर्शकों का वही पुराना प्यार फिर से मिलेगा, लेकिन परिस्थितियां पहले जैसी नहीं रहीं। इसी बीच सलमान खान और निर्देशक डेविड धवन के साथ आई फिल्म ‘पार्टनर’ ने उन्हें दोबारा चर्चा में ला दिया। उस समय कई लोगों ने माना कि सलमान खान ने गोविंदा की वापसी में बड़ी भूमिका निभाई, लेकिन गोविंदा ने बाद में इस धारणा को सही नहीं बताया।

सलमान को दिया था ट्रांसफॉर्मेशन का आइडिया

हाल ही में सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने बताया कि फिल्म ‘पार्टनर’ में सलमान खान के लुक और फिटनेस में जो बड़ा बदलाव दिखा, उसका सुझाव उन्होंने ही दिया था। यह फिल्म सलमान के भाई सोहेल खान के प्रोडक्शन में बनी थी। गोविंदा के मुताबिक, उन्होंने डेविड धवन और सोहेल खान के साथ मीटिंग के दौरान कहा था कि इस प्रोजेक्ट में सलमान को ही मुख्य भूमिका दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सलमान की पर्सनालिटी में बड़ा बदलाव लाकर उन्हें बिल्कुल नए अंदाज में पेश किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: ‘पहले वाला रोमांस…’ , नीलम संग प्यार में पड़ने के सवाल पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी

सलमान को दी थी खास सलाह

गोविंदा ने बताया कि जब सलमान ने उनसे पूछा कि उन्हें क्या करना चाहिए, तो उन्होंने साफ-साफ सलाह दी कि उन्हें अपनी फिटनेस और लुक पर काम करना होगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि सलमान का चेहरा थोड़ा थका हुआ लग रहा है, शरीर को बेहतर शेप में लाना होगा और बालों को लेकर भी कुछ करना पड़ेगा। गोविंदा के अनुसार, उनकी यह बात सलमान ने गंभीरता से ली। इसके बाद सलमान ने अपने लुक पर खास ध्यान दिया, फिटनेस पर मेहनत की और जरूरी बदलाव भी किए। गोविंदा का मानना है कि ‘पार्टनर’ के बाद सलमान का व्यक्तित्व पहले से काफी बदला हुआ नजर आया।

सलमान को था गोविंदा के साथ काम करने का डर

जब ‘पार्टनर’ रिलीज हुई थी, उस दौरान सलमान खान ने भी एक इंटरव्यू में गोविंदा के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था कि यह फिल्म दोनों की दोस्ती और आपसी सम्मान की वजह से बनी। सलमान ने यह भी माना था कि शुरुआत में उन्हें गोविंदा के साथ काम करने से डर लगता था, क्योंकि गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग इतनी शानदार थी कि उनके साथ स्क्रीन शेयर करना आसान नहीं था।

यह भी पढे़ं: ‘मैंने बंदूक तान दी…’: गोविंदा ने बताया रात के 3 बजे घर में घुस गए थे घुसपैठिये, दूसरे देश की पुलिस का लेना पड़ा सहारा

‘पार्टनर’ के बाद भी नहीं मिला फायदा

फिल्म निर्माता पह्लाज निहलानी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘पार्टनर’ की सफलता के बावजूद गोविंदा को इसका ज्यादा लाभ नहीं मिल पाया। उनके मुताबिक, उस समय गोविंदा की कई फिल्में शुरू होने से पहले ही बंद हो गईं, जिनमें प्रियंका चोपड़ा के साथ बनने वाली एक फिल्म भी शामिल थी।