इन दिनों राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर महिलाओं के चित्रण पर बहस छिड़ी हुई है। इसी बीच हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्रियों आशा पारेख और जया बच्चन ने फिल्मों में महिलाओं के बढ़ते ऑब्जेक्टिफिकेशन पर खुलकर अपनी राय रखी है।
डेक्कन क्रॉनिकल को दिए इंटरव्यू में आशा पारेख ने बताया कि उनके करियर के दौरान भी उन्हें एक बार डांस नंबर के लिए काफी रिवीलिंग कॉस्ट्यूम पहनने को कहा गया था। उन्होंने निर्देशक से सीधा सवाल किया, “क्या आप अपनी बेटी को ऐसे कपड़े पहनाना पसंद करेंगे?”
आशा के मुताबिक, उनके इस सवाल के बाद वह कॉस्ट्यूम तुरंत हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज की अभिनेत्रियां बेहद खूबसूरत हैं और उन्हें आकर्षक दिखने के लिए खुद को वस्तु की तरह पेश करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि वे अपनी अभिनेत्रियों को बेहद सौंदर्यपूर्ण तरीके से प्रस्तुत करते हैं।
वहीं जया बच्चन ने कहा कि उनके साथ किसी ने कभी हद पार करने की कोशिश नहीं की। हालांकि उन्होंने अपने करियर के एक अप्रिय अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि एक निर्देशक ने उन्हें ऑब्जेक्टिफाई किया था, जिसके बाद उन्होंने उसके साथ दोबारा काम नहीं किया। माना जाता है कि जया ने यह टिप्पणी फिल्म शोर की शूटिंग के दौरान हुए अनुभव को लेकर की थी।
यह भी पढ़ें: ‘उन्हें वह सम्मान नहीं मिलता…’, कंगना रनौत ने नर्सिंग को बताया सेक्सुअलाइज्ड प्रोफेशन, ड्रेस को कहा ब्रिटिश लुक
इस बहस पर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कैमरे के सामने कुछ एंगल असहज लग सकते हैं, लेकिन कलाकारों को खुद जागरूक रहना चाहिए।
गौरतलब है कि 4 जून को रिलीज हुई पेड्डी को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार को अनावश्यक रूप से ग्लैमरस और सेक्सुअलाइज्ड तरीके से दिखाने के आरोप लगे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘शब्दों का चयन सही होना चाहिए’, अभिजीत भट्टाचार्य के बयान पर भड़के ‘है जवानी तो…’ फेम एक्टर
कुछ सीन और डायलॉग पर भी दर्शकों ने आपत्ति जताई है। बढ़ते विवाद के बाद निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने कुछ विवादित सीन में बदलाव करने और दर्शकों की भावनाएं आहत होने पर माफी मांगने की बात कही है। हालांकि उनका कहना है कि जाह्नवी के किरदार को ऑब्जेक्टिफाई करने की कोई मंशा नहीं थी।
फिलहाल जाह्नवी कपूर और राम चरण ने इस विवाद पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
