साल 2022 में अभिनेत्री कंगना रनौत रियलिटी शो ‘लॉक अप’ लेकर आई थीं, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। उस सीजन का खिताब स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने अपने नाम किया था। अब लगभग चार साल बाद एकता कपूर एक नए सीजन ‘लॉक अप: सच या सजा’ के साथ लौट रही हैं, जो 27 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। इस बार शो को कंगना नहीं, बल्कि फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट करेंगे।

‘लॉक अप: सच या सजा’ के नए सीजन को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं, लेकिन अभी सभी कंटेस्टेंट्स के नाम सामने नहीं आए हैं। हाल ही में हुई मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेकर्स ने पहले तीन कंटेस्टेंट्स का ऐलान किया। इसमें राम कपूर, शिवांगी जोशी और पामेला सेरेना इस सीजन के पहले कन्फर्म कंटेस्टेंट्स हैं। अब दर्शकों को बाकी प्रतिभागियों के नामों का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: Cocktail 2 Box Office Collection Day 4: शाहिद, कृति और रश्मिका की फिल्म ने 4 दिनों में कमाए 50 करोड़, सोमवार को कलेक्शन में आई 64.2% की गिरावट

‘लॉक अप’ के कन्फर्म कंटेस्टेंट

कुछ दिन पहले ‘स्क्रीन’ ने कन्फर्म किया था कि गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और एक्टर धीरज धूपर शो में शामिल होंगे। अब राम कपूर, शिवांगी जोशी और पामेला सेरेना भी इस सीजन के लिए कन्फर्म कंटेस्टेंट की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। शो में नजर आने वाले अन्य कंटेस्टेंट में शिल्पा शिंदे, योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी, रश्मि देसाई, पुनीत सुपरस्टार, अर्चना गौतम, उर्वशी ढोलकिया, प्रणीत मोरे, असीम रियाज, कुशा कपिला और हर्षद चोपड़ा शामिल हैं।

कब और कहां देखें ‘लॉक अप: सच या सजा’

‘लॉक अप’ 27 जून से छह हफ्तों तक शनिवार से बुधवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। शो के प्रोमो में जेलर फराह खान और रितेश देशमुख ने कहा कि इस साल कंटेस्टेंट्स से उम्मीद की जाएगी कि वे अपनी सच्चाई को स्वीकार करें। नए सीजन में शामिल होने के बारे में बात करते हुए रितेश ने एक बयान में कहा, “लॉक अप: सच या सजा को दिलचस्प बनाने वाली बात यह है कि यह हमारे आज के दौर की झलक है।

यह मजेदार और दिलचस्प दोनों हो सकता है। हर कंटेस्टेंट अपनी सच्चाई और एक रणनीति के साथ आता है, लेकिन ‘लॉक अप: सच या सजा’ के अंदर हर चीज की परीक्षा होती है। फराह और मैं हर ट्विस्ट, झगड़े और खुलासे को बहुत करीब से देखेंगे। एक बात तो पक्की है: कोई भी व्यक्ति वैसा बाहर नहीं निकलेगा जैसा वह अंदर गया था।”

फराह खान ने कहा, “अपने करियर में मैंने बहुत कुछ देखा है, लेकिन ‘लॉक अप: सच या सजा’ बिल्कुल अलग तरह का शो है। इसमें कोई फ़िल्टर या रीटेक नहीं होता, बस मशहूर लोग असली दबाव में अपनी असलियत दिखाने की कोशिश करते हैं। यहीं से असली एंटरटेनमेंट शुरू होता है।”

यह भी पढ़ें: ‘प्यासा’ से ‘वक्त’ तक: रहमान के 10 किरदार जिन्हें आज भी नहीं भूले दर्शक